नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लेने का आरोप।
भाजपा नेत्री संतोषी दुबे को परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर पद से हटाया गया।
कोरबा निवासी पारस जैन ने एसपी से की थी शिकायत।
मामले की जांच महिला परामर्श केंद्र प्रभारी और अजाक थाना के डीएसपी को सौंपी गई।
Chhattisgarh BJP Leader Fraud Allegations: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि NGO के जरिए अलग-अलग स्थानों पर नौकरी दिलाने का भरोसा देकर लोगों से लाखों रुपये लिए गए, लेकिन न नौकरी मिली और न ही रकम वापस की गई।
शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने परिवार परामर्श केंद्र की काउंसलर और भाजपा नेत्री संतोषी दुबे को पद से हटा दिया है। जिले में एक सप्ताह के भीतर महिला काउंसलर पर यह दूसरी कार्रवाई है।
कोरबा निवासी पारस जैन ने संतोषी दुबे के खिलाफ एसपी से लिखित शिकायत की थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संतोषी दुबे ने NGO के माध्यम से पांच अलग-अलग स्थानों पर नौकरी और काम दिलाने का भरोसा दिया था। इसी सिलसिले में उनसे और उनके सहयोगियों ने चेक के जरिए रकम ली।
शिकायत के मुताबिक, संतोषी दुबे ने डेढ़ लाख रुपये लिए, जबकि उनके एक सहयोगी को साढ़े तीन लाख रुपये चेक के माध्यम से दिए गए। शिकायतकर्ता का कहना है कि लंबा समय बीतने के बाद भी न तो उन्हें नौकरी मिली और न ही उनकी रकम लौटाई गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले में कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए एसपी विजय कुमार पांडेय ने संतोषी दुबे को परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया। मामले की जांच महिला परामर्श केंद्र की प्रभारी और अजाक थाना के डीएसपी को संयुक्त रूप से सौंपी गई है।
पुलिस अब कथित लेन-देन, NGO की भूमिका और शिकायत में सामने आए अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जाएगा कि नौकरी दिलाने के नाम पर रकम लेने का यह मामला किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं।
एक सप्ताह के भीतर दूसरी महिला काउंसलर को पद से हटाए जाने की कार्रवाई ने परिवार परामर्श केंद्र की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, संतोषी दुबे के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच अभी जारी है।