पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धमतरी में राज्य सरकार पर तीखा प्रहार किया।
धान खरीदी, रकबा कटौती और फसल बीमा के मुद्दे को लेकर पूर्व सीएम का बयान।
छत्तीसगढ़ में जारी है धान खरीदी, वहीं समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने बोला हमला।
Chhattisgarh Foremer CM Bhupesh Baghel: धान खरीदी, रकबा कटौती और फसल बीमा के मुद्दे को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धमतरी में राज्य सरकार पर तीखा प्रहार किया। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए सीधा आरोप लगाया कि यह सरकार किसानों के हितों के लिए नहीं, बल्कि बीमा कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार जो व्यवस्था पहले ही कर सकती थी, उसे जानबूझकर नहीं किया गया ताकि किसान परेशान हों और सरकार को उनका धान न खरीदना पड़े। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में हजारों नहीं, बल्कि लाखों ऐसे किसान हैं जिनका धान का रकबा या तो कम कर दिया गया है या फिर पोर्टल पर शून्य बताया जा रहा है। इस स्थिति के कारण अन्नदाता बेहद परेशान हैं।
अतिवृष्टि और जलभराव से खराब हुई फसलों का मुद्दा उठाते हुए बघेल ने कहा कि एक तरफ किसानों की फसलें डूब चुकी हैं, वहीं दूसरी ओर बीमा कंपनियों का कोई भी प्रतिनिधि सर्वे के लिए नहीं आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले पर सरकार आंखें मूंदे बैठी है, ताकि बीमा कंपनियों को किसानों को मुआवजा न देना पड़े। सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा हमला बोलते हुए उन्होंने सवाल किया कि आखिर यह सरकार किसानों की है या बीमा कंपनियों की।
छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला जारी है, जो 31 जनवरी तक चलेगा। इस बीच किसानों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को रकबा सत्यापन, डिजिटल रिकॉर्ड और टोकन जैसी प्रक्रियाओं से जुड़ी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। बस्तर में करीब 500 किसानों के जमीन का रकबा पोर्टल पर शून्य बता रहा है।
Story By - Jageshwar Sinha