एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने पर सरकार का रुख बदला।
सरकार के पुराने वादों से पीछे हटने पर हाई कोर्ट नाराज।
रनवे विस्तार के 63 करोड़ और ATC टावर के 40 करोड़ का प्रस्ताव लंबित।
एयरपोर्ट विकसित हुए बिना एयरलाइंस कैसे देंगी गारंटी?
सरकार और AAI से मांगा जवाब, 21 दिसंबर को अगली सुनवाई।
Chhattisgarh High Court, Bilaspur : बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार और हवाई सुविधाओं को बेहतर बनाने के मामले में छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने राज्य सरकार के रुख पर कड़ी नाराजगी जताई है। एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने के पूर्व में किए गए वादों के बावजूद सरकार की ओर से अब इससे पीछे हटने की बात कहे जाने पर हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने आपत्ति दर्ज की है।
चीफ जस्टिस रामकृष्ण महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच बिलासपुर एयरपोर्ट और हवाई सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी जनहित याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी। करीब 9 वर्षों से चल रही इस सुनवाई के दौरान कोर्ट ने राज्य सरकार के पूर्व आदेशों और शपथ पत्रों में दर्ज प्रतिबद्धताओं का हवाला दिया।
याचिकाकर्ता पक्ष के वरिष्ठ अधिवक्ता आशीष श्रीवास्तव ने 2026 के एक आदेश का उल्लेख किया, जिसमें सरकार की ओर से एयरपोर्ट को जल्द 4C श्रेणी में विकसित करने का आश्वासन दर्ज है।
इस पर चीफ जस्टिस ने सवाल किया कि जब सरकार पहले ही कई बार ऐसा करने का कमिटमेंट दे चुकी है, तो अब स्थिति को कैसे बदला जा सकता है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि पूर्व में दिए गए शपथ पत्र और प्रतिबद्धताओं से सरकार इस तरह पीछे नहीं हट सकती।
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार के अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण दास ने दलील दी कि बिलासपुर एयरपोर्ट से यात्रियों की संख्या कम है और फ्लाइट संचालन में सरकार को घाटा उठाना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने के लिए हजारों करोड़ रुपये की जरूरत होगी।
इस पर याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ता सुदीप श्रीवास्तव ने विरोध जताते हुए कहा कि 4C श्रेणी के विकास के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि रनवे विस्तार के लिए 63 करोड़ रुपये और नए एटीसी टावर के लिए 40 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पिछले पांच महीनों से मंत्रालय स्तर पर लंबित है। इन दोनों प्रस्तावों को मंजूरी मिलने पर 103 करोड़ रुपये में आधे से अधिक जरूरी काम पूरे किए जा सकते हैं।
याचिकाकर्ता पक्ष ने यात्रियों की संख्या कम होने के सरकारी दावे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सरकार के शपथ पत्र का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2021 में 22 हजार और 2022 से 2025 के बीच हर साल करीब 35 से 36 हजार यात्रियों ने बिलासपुर एयरपोर्ट से यात्रा की। उनका तर्क था कि वर्ष 2023 के बाद उड़ानों की संख्या कम हुई है, जिसका असर यात्री संख्या पर पड़ा है।
सरकार की ओर से यह दलील दी गई कि जब तक एयरलाइन कंपनियां बड़े विमानों के संचालन और उड़ानें शुरू करने की गारंटी नहीं देतीं, तब तक एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने पर काम करना मुश्किल है। इस पर कोर्ट ने सवाल उठाया कि जब तक एयरपोर्ट की सुविधाएं विकसित नहीं होंगी, तब तक एयरलाइन कंपनियां बड़े विमानों के संचालन का आश्वासन कैसे देंगी?
सरकार के रुख पर टिप्पणी करते हुए डिवीजन बेंच ने कहा कि उसके वक्तव्य से ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार बिलासपुर एयरपोर्ट को विकसित करने के बजाय बंद करना चाहती है। कोर्ट ने यह भी सुझाव दिया कि यदि राज्य सरकार एयरपोर्ट का विकास नहीं करना चाहती, तो इसे पूरी तरह एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) को क्यों नहीं सौंप देती। याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ताओं ने भी इस सुझाव का समर्थन किया।
हाई कोर्ट ने राज्य सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को बिलासपुर एयरपोर्ट के विकास और संचालन की जिम्मेदारी AAI को सौंपने के प्रस्ताव पर अपना पक्ष स्पष्ट करने का निर्देश दिया है। वहीं उड़ानों की संख्या कम किए जाने से संबंधित याचिकाकर्ताओं के आवेदन पर राज्य सरकार ने जवाब देने के लिए समय मांगा। सरकार के शपथ पत्र पर जवाब दाखिल करने के लिए याचिकाकर्ता पक्ष ने भी समय लिया। मामले की अगली सुनवाई 21 दिसंबर को होगी।