छत्तीसगढ़ बीजापुर नक्सल सरेंडर सोर्स- नवभारत लाइव
बीजापुर

ओडिशा के माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका, 13 लाख के इनामी दो कैडरों ने बीजापुर में डाले हथियार

Bijapur Naxal Surrender : एक कंपनी कमेटी स्तर की कमांडर और दूसरी एरिया कमेटी सदस्य ने छोड़ा संगठन, 2006 से माओवादी संगठन में सक्रिय थी नागमणी, गंगा 2008 में बाल संघम से जुड़ा था।

अजय श्रीवास्तव, रोहित कुमार बंछोर

HIGHLIGHTS

  • बीजापुर में दो माओवादी कैडरों ने किया आत्मसमर्पण।

  • दोनों पर कुल 13 लाख रुपये का इनाम था घोषित।

  • नागमणी कुड़मे पर 8 और गंगा सोढ़ी पर 5 लाख का इनाम।

  • ओडिशा में सक्रिय माओवादी संगठन के सदस्य थे दोनों।

  • पुनर्वास नीति के तहत मिलेगा आर्थिक सहायता और रोजगार का लाभ।

Chhattisgarh Bijapur Naxal Surrender : नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच बीजापुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पड़ोसी राज्य ओडिशा में सक्रिय माओवादी संगठन के दो महत्वपूर्ण कैडरों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।

आत्मसमर्पण करने वालों में एक कंपनी पार्टी कमेटी सदस्य (CYPCM) और एक एरिया कमेटी सदस्य (ACM) शामिल हैं। दोनों पर कुल 13 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इनमें महिला कैडर नागमणी कुड़मे उर्फ शीला पर 8 लाख और गंगा सोढ़ी उर्फ सोनू पर 5 लाख रुपये का इनाम था।

पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाली नागमणी कुड़मे मूल रूप से बीजापुर जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र के चिपुरभट्टी की निवासी है। वह ओडिशा में माओवादी संगठन की बटालियन नंबर 08 में कंपनी पार्टी कमेटी सदस्य के पद पर सक्रिय थी। वहीं गंगा सोढ़ी बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के डोडीतुमनार गादेपारा का निवासी है। वह ओडिशा के कालाहांडी एरिया कमेटी में सदस्य के रूप में काम कर रहा था।

2006 से संगठन में सक्रिय थी नागमणी, कई घटनाओं में नाम

पुलिस के मुताबिक नागमणी कुड़मे वर्ष 2006-07 में माओवादी संगठन से जुड़ी थी। संगठन में लंबे समय तक सक्रिय रहने के दौरान उसने अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालीं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2011 में तिमापुर-चिंतलनार क्षेत्र में हुई उस घटना में भी उसकी भूमिका बताई गई है, जिसमें तीन जवान शहीद हुए थे। इसके अलावा वर्ष 2022 में छत्तीसगढ़ और ओडिशा में हुई मुठभेड़ों में भी उसकी संलिप्तता बताई गई है।

बाल संघम से शुरुआत, फिर बना एरिया कमेटी सदस्य

दूसरा आत्मसमर्पित कैडर गंगा सोढ़ी वर्ष 2008 में बाल संघम के सदस्य के रूप में माओवादी संगठन से जुड़ा था। बाद में वह संगठन में आगे बढ़ते हुए एरिया कमेटी सदस्य के पद तक पहुंचा। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2014 में कोंटा थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में उसकी भूमिका रही थी, जिसमें 15 पुलिस जवान शहीद हुए थे। इसके अलावा 2016, 2017 और 2018 में हुई कई अन्य घटनाओं में भी उसकी संलिप्तता बताई गई है।

ओडिशा में सक्रिय कैडरों के आत्मसमर्पण से कमजोर हो रहा नेटवर्क

बीजापुर में ओडिशा में सक्रिय माओवादी कैडरों का आत्मसमर्पण सुरक्षा एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले 12 अक्टूबर 2026 को भी बीजापुर में ओडिशा में सक्रिय चार माओवादियों समेत छह कैडरों ने आत्मसमर्पण किया था। उस दौरान आत्मसमर्पण करने वाले सभी छह कैडरों पर कुल 35 लाख रुपये का इनाम घोषित था। लगातार हो रहे इन आत्मसमर्पणों से सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय माओवादी संगठन के नेटवर्क पर पड़ रहे दबाव का संकेत मिलता है।

पुनर्वास नीति से मिलेगा नया जीवन

छत्तीसगढ़ शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत दोनों कैडरों को नियमानुसार आर्थिक सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण, आवास, शिक्षा, स्वरोजगार और रोजगार से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसका उद्देश्य उन्हें सम्मानजनक जीवन के साथ समाज की मुख्यधारा में दोबारा जोड़ना है।

पुलिस के अनुसार, इस आत्मसमर्पण में डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के बीच बेहतर समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सुरक्षा बलों के लगातार प्रयासों और पुनर्वास नीति के प्रचार-प्रसार से माओवादी कैडरों को हिंसा का रास्ता छोड़कर सामान्य जीवन में लौटने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Kal Kal Mausam: 10 से ज्यादा राज्यों में कोहरे और बारिश का डबल अटैक, 26 नवंबर के लिए IMD ने जारी किया अलर्ट

Saurav Das Passport Notice: सौरव दास को MEA ने क्यों भेजा नोटिस? जन्मस्थान की जानकारी में मिली गड़बड़ी

Anant Singh Daughter Wedding Live: दुल्हनिया को लेने निकले ऋषिकेश, अनंत सिंह की डिफेंडर बनी बारात की शान

बिहार में AI की दुनिया का नया ठिकाना! CtrlS लगाएगी 10 हजार करोड़, 2029-30 तक शुरू होगा प्रोजेक्ट

मोदी कैबिनेट के 5 बड़े फैसले, भारत में बनेंगे क्रेन-बुलडोजर; असम को मिलेगा नया एयरपोर्ट