HIGHLIGHTS
सुरक्षा बलों ने माओवादियों के तीन डंप किए बरामद।
पामेड़ के तुमरेल-सिंगमपल्ली जंगल से 103 BGL सेल जब्त।
गंगालूर के लेकामपारा जंगल से 33 BGL सेल बरामद।
कुल 1400 फीट कार्डेक्स वायर भी जब्त।
DRG, कोबरा, CRPF और K-9 डॉग स्क्वाड ने चलाया संयुक्त अभियान।
Chhattisgarh Bijapur Maoist Dump : जिले में माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान पामेड़ और गंगालूर थाना क्षेत्रों से माओवादियों के तीन डंप बरामद किए गए हैं। इनमें कुल 136 नग BGL सेल और करीब 1400 फीट कार्डेक्स वायर समेत बड़ी मात्रा में माओवादी सामग्री जब्त की गई है।
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने पामेड़ और गंगालूर थाना क्षेत्र के अलग-अलग जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया था। इस दौरान पामेड़ थाना क्षेत्र के तुमरेल-सिंगमपल्ली जंगल से माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप का पता चला। यहां से 103 नग BGL सेल सहित माओवादी सामग्री बरामद की गई।
वहीं, गंगालूर थाना क्षेत्र के FOB कुप्पागुड़ा इलाके के लेकामपारा जंगल में सुरक्षा बलों को माओवादियों के दो अलग-अलग डंप मिले। यहां से 33 नग BGL सेल और करीब 1400 फीट कार्डेक्स वायर जब्त किया गया।
इस संयुक्त कार्रवाई में DRG, कोबरा 208वीं बटालियन, कोबरा 204वीं बटालियन, CRPF और डॉग स्क्वाड K-9 की टीम शामिल थी। सर्च ऑपरेशन के दौरान डॉग स्क्वाड की मदद से जमीन में और जंगलों में छिपाकर रखी गई माओवादी सामग्री का पता लगाने में सफलता मिली।