छत्तीसगढ़ भिलाई न्यूज सोर्स - नवभारत लाइव
भिलाई

भिलाई में दीपावली पर शिक्षा मंत्री से लिफाफा लेने और पैर छूने का मामला गरमाया, सिपाही से मांगा स्पष्टीकरण

Police Constable Viral Video : एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, लेकिन इस वीडियो में सबसे ज्यादा सुर्खियां उस सिपाही ने बटोरीं, जो वर्दी पहने मंत्री गजेंद्र यादव के पैर छूते नजर आया।

दिनेश कुमार चौहान, चंदू निर्मलकर

HIGHLIGHTS

  • दीपावली पर मंत्री ने लिफाफे में भरकर बांटी खुशियां।

  • वर्दी में सिपाही के पैर छूने की हो रही वीडियो वायरल।

  • एसएसपी ने सिपाही को थमाया नोटिस।

  • लिफाफे में पांच-पांच हजार रुपये के रखे होने की चर्चा।

  • सिपाही के हिस्से में खुशियों के साथ आया नोटिस।

Chhattisgarh Bhilai News : दीपावली के मौके पर खुशियां बांटने निकले दुर्ग शहर विधायक एवं प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का एक अलग ही अंदाज इन दिनों शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। रायपुर से दुर्ग लौटते समय मंत्री ने रास्ते में दीपावली की ड्यूटी निभा रहे यातायात पुलिस और थानों में तैनात पुलिसकर्मियों से मुलाकात की।

उन्हें दीपावली का उपहार भेंट किया और साथ में लिफाफे भी दिए। चर्चा है कि इन लिफाफों में पांच-पांच हजार रुपये रखे हुए थे। मंत्री की इस पहल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, लेकिन इस वीडियो में सबसे ज्यादा सुर्खियां उस सिपाही ने बटोरीं, जो वर्दी पहने मंत्री गजेंद्र यादव के पैर छूते नजर आया।

किसी ने बताया सद्भावना, तो किसी ने खाकी की मर्यादा का सवाल उठाया

वीडियो सामने आने के बाद शहर में इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। एक वर्ग ने मंत्री की इस पहल को मानवीय संवेदना और पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान का उदाहरण बताया है।

लोगों का कहना है कि पुलिसकर्मी त्योहारों पर भी अपने परिवार से दूर रहकर आम लोगों की सुरक्षा और व्यवस्था संभालते हैं। जब पूरा शहर दीपावली मना रहा होता है, तब यही जवान सड़कों, चौक-चौराहों और थानों में ड्यूटी निभा रहे होते हैं।

ऐसे में मंत्री का उनके बीच पहुंचना, उपहार देना और आर्थिक सहयोग के रूप में लिफाफा भेंट करना निश्चित रूप से एक अच्छी भावना को दर्शाता है। लोगों के मुताबिक, त्योहार पर ड्यूटी करने वाले जवानों की खुशियों में शामिल होना और उनके योगदान को याद करना सराहनीय पहल है।

मंत्री ने बांटी खुशियां, सिपाही ने छू लिए पैर, अब देना होगा जवाब

हालांकि इस पूरे घटनाक्रम में असली चर्चा मंत्री को उपहार देने या लिफाफे में रखी रकम की नहीं, बल्कि वर्दी में सिपाही के पैर छूने की हो रही है। वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में भी मामला पहुंच गया। दुर्ग के एसएसपी एवं डीआईजी विजय अग्रवाल ने वर्दी में मंत्री के पैर छूने वाले सिपाही को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। फिलहाल इस मामले में किसी दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन सिपाही को अब यह बताना होगा कि आखिर में उसने वर्दी में रहते हुए ऐसा व्यवहार क्यों किया?

दीपावली की मिठास के बीच खाकी की मर्यादा पर बहस

इस घटनाक्रम ने एक दिलचस्प सवाल भी खड़ा कर दिया है। एक तरफ मंत्री ने त्योहार पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों के बीच पहुंचकर उनकी खुशियों में इजाफा किया, तो दूसरी तरफ एक सिपाही का भावुक होकर पैर छूना विभागीय अनुशासन के दायरे में सवाल बन गया।

किसी ने इसे व्यक्तिगत सम्मान और कृतज्ञता का भाव माना, तो किसी ने कहा कि वर्दी की अपनी गरिमा और मर्यादा होती है, जिसका पालन हर परिस्थिति में जरूरी है।

कुल मिलाकर दीपावली पर मंत्री जी ने लिफाफे में खुशियां बांटीं, लेकिन वायरल वीडियो के बाद एक सिपाही के हिस्से में खुशियों के साथ स्पष्टीकरण का नोटिस भी आ गया। शहर में अब चर्चा इसी बात की है कि दीपावली पर खादी और खाकी की यह मुलाकात सद्भावना के रूप में याद रखी जाएगी या वर्दी की मर्यादा पर उठे सवालों के कारण।

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, AIIMS में कराया गया भर्ती; डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF जवानों पर आतंकी हमला, गोलीबारी में तीन जवान घायल

भारतीय सेना में डॉक्टर बनने का मौका, आवेदन शुरू; जानें कौन और कैसे करें अप्लाई

प्लेन हाईजैक होने के बाद यात्रियों को सबसे पहले क्या करना चाहिए, ये ऑपशन्स हैं बेस्ट

Kolkata Flight Hijack: एयर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक अलर्ट, पायलट ने 'हाईजैक' का मैसेज भेजा