छत्तीसगढ़ बैलाडीला भूस्खलन सोर्स- नवभारत लाइव
बस्तर

10 करोड़ का जुर्माना भी नहीं भरा NMDC, बैलाडीला में फिर जंगल उजड़ा, करोड़ों की पेनाल्टी का सवाल

Bailadila Landslide : डिपॉजिट-14 भूस्खलन मामले में NMDC महाप्रबंधक के खिलाफ वन अपराध दर्ज, 2024 में डिपॉजिट-11सी की घटना का 10 करोड़ रुपये जुर्माना अब तक बकाया, दो प्राकृतिक जलधाराएं भी मलबे में दबीं।

अजय श्रीवास्तव, रोहित कुमार बंछोर

HIGHLIGHTS

  • डिपॉजिट-14 में भूस्खलन से करीब 30 हेक्टेयर आरक्षित वन क्षेत्र प्रभावित।

  • मलबे में हजारों पेड़ दबे, फैलाव 3 किलोमीटर तक पहुंचा।

  • दो प्राकृतिक जलधाराएं दबीं, 100 से 120 परिवारों पर पेयजल संकट।

  • वर्ष 2024 के डिपॉजिट-11सी मामले में 10 करोड़ का जुर्माना अब भी बकाया।

  • नए मामले में NMDC के महाप्रबंधक पर वन अपराध दर्ज, करोड़ों की क्षतिपूर्ति का सवाल।

Chhattisgarh Bailadila Landslide : बैलाडीला की पहाड़ियों से निकलने वाला लौह अयस्क देश के औद्योगिक विकास को गति दे रहा है, लेकिन इसी खनन क्षेत्र में अब जंगल, वन्यजीवों और ग्रामीणों के प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। किरंदुल के डिपॉजिट-14 में 18 नवंबर को हुए भूस्खलन के बाद वन विभाग ने एनएमडीसी के महाप्रबंधक के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया है।

शुरुआती आकलन में करीब 30 हेक्टेयर आरक्षित वन क्षेत्र प्रभावित होने और हजारों पेड़ों के मलबे में दबने की बात सामने आई है। इस नए मामले में करोड़ों रुपये की पेनाल्टी का सवाल उठ रहा है। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि वर्ष 2024 में डिपॉजिट-11सी में जंगल को हुए नुकसान के एवज में लगाया गया 10 करोड़ रुपये का जुर्माना एनएमडीसी ने अब तक जमा नहीं किया है।

यानी दो साल पुरानी पर्यावरणीय क्षति की भरपाई भी लंबित है और अब एक नई घटना ने कंपनी की जवाबदेही पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

500 मीटर से शुरू हुआ मलबे का फैलाव पहुंचा करीब 3 किलोमीटर तक

डिपॉजिट-14 में पुराने खनन अपशिष्ट का ढेर धंसने के बाद लाल मलबा पहाड़ी से नीचे की ओर बहता हुआ आरक्षित वन क्षेत्र के कंपार्टमेंट क्रमांक 673 तक पहुंच गया। शुरुआती जानकारी में मलबे का फैलाव करीब 500 मीटर बताया जा रहा था, लेकिन अब वन विभाग के आकलन में यह दूरी लगभग 2.5 से 3 किलोमीटर तक पहुंच चुकी है। कुछ स्थानों पर मलबे की चौड़ाई करीब 150 मीटर तक दर्ज की गई है।

इसकी चपेट में छोटे पौधों से लेकर लगभग 100 फीट ऊंचे पेड़ तक आए हैं। हजारों पेड़ों के दबने और वन संपदा को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचने की आशंका है। वन विभाग का मानना है कि मलबा स्थिर होने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आकलन संभव होगा। अधिकारियों को यह भी आशंका है कि प्रभावित क्षेत्र का दायरा शुरुआती अनुमान से अधिक निकल सकता है।

दो प्राकृतिक जलधाराएं दबीं, 100 से 120 परिवारों के सामने पेयजल संकट

इस घटना का सबसे चिंताजनक पहलू जंगल के साथ प्राकृतिक जलस्रोतों का प्रभावित होना है। नंदराज पहाड़ियों से निकलने वाली दो प्राकृतिक जलधाराएं मलबे में दबने की जानकारी सामने आई है। इन जलस्रोतों पर लोहागांव, गमपुर और एंड्री गांवों के करीब 100 से 120 परिवार निर्भर बताए जा रहे हैं।

ग्रामीणों की चिंता केवल पेयजल तक सीमित नहीं है। लावा गांव की ओर जाने वाले संपर्क मार्ग को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी है। इसके अलावा ग्रामीणों ने पारंपरिक आदिवासी पूजा स्थल के प्रभावित होने की बात भी कही है। जिन पहाड़ियों और जंगलों से ग्रामीणों की जलापूर्ति, आजीविका और सांस्कृतिक परंपराएं जुड़ी हैं, वहां अब खनन का लाल मलबा फैल चुका है।

2024 की घटना में 10 करोड़ का जुर्माना, अब तक जमा नहीं हुई राशि

बैलाडीला में जंगलों को नुकसान पहुंचने का यह पहला मामला नहीं है। करीब दो साल पहले 4 अगस्त 2024 को डिपॉजिट-11सी में भी बड़ी घटना हुई थी। उस दौरान लगभग चार हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ था। वन विभाग ने उस मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर एनएमडीसी पर 10 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था।

लेकिन हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी राशि निर्धारित होने के बावजूद एनएमडीसी ने अब तक इसका भुगतान नहीं किया है। दंतेवाड़ा के वन मंडलाधिकारी रंगनाथ रामकृष्ण वाय के मुताबिक, इस बकाया राशि की वसूली के लिए कंपनी को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। एनएमडीसी का कहना है कि वर्ष 2024 की घटना भीषण बाढ़ के कारण हुई थी और वन विभाग से नोटिस मिलने के बाद इस मामले में पत्राचार जारी है। कंपनी ने विभाग के साथ सहयोग करने और मामले का समाधान निकालने की बात कही है।

अब डिपॉजिट-14 की नई घटना ने पुराने मामले को भी फिर चर्चा में ला दिया है। सवाल उठ रहा है कि जब पिछली घटना के बाद 10 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति का मामला ही लंबित है, तो क्या खनन अपशिष्ट के सुरक्षित प्रबंधन और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पर्याप्त सुधारात्मक कदम उठाए गए थे?

नए मामले में भी करोड़ों की पेनाल्टी का सवाल

डिपॉजिट-14 की घटना में वन विभाग ने एनएमडीसी के महाप्रबंधक के खिलाफ वन अपराध दर्ज किया है। शुरुआती आकलन के आधार पर नए मामले में भी करोड़ों रुपये की पेनाल्टी की संभावना जताई जा रही है। हालांकि नुकसान का अंतिम आंकड़ा विस्तृत सर्वे और जांच के बाद ही तय होगा।

वन विभाग अब यह भी जांच करेगा कि एनएमडीसी ने स्वीकृत माइनिंग प्लान और वेस्ट डंपिंग की निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया था या नहीं। मलबे को रोकने, मिट्टी के कटाव को नियंत्रित करने और पुराने वेस्ट डंप को स्थिर रखने के लिए क्या इंतजाम किए गए थे, इसकी भी पड़ताल होगी। वन विभाग का मानना है कि पिछली घटना के बाद किए गए सुधारात्मक उपायों की समीक्षा जरूरी है।

आईआईटी बॉम्बे करेगी वैज्ञानिक जांच, पहाड़ी में नई दरारों ने बढ़ाई चिंता

भूस्खलन के वास्तविक कारणों और पहाड़ी की भूगर्भीय स्थिति का पता लगाने के लिए आईआईटी बॉम्बे के विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। प्रभावित क्षेत्र का ड्रोन सर्वे और भू-तकनीकी परीक्षण कराया जा रहा है। पहाड़ी की मिट्टी, चट्टानों की संरचना और मलबे के बहाव का वैज्ञानिक अध्ययन किया जाएगा।

इस बीच पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में नई दरारें दिखाई देने की खबरों ने चिंता बढ़ा दी है। यदि प्रभावित हिस्से में दोबारा हलचल होती है तो नीचे के वन क्षेत्र और आसपास के गांवों के लिए खतरा बढ़ सकता है। फिलहाल अस्थिर क्षेत्र में विस्तृत जांच और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

NMDC का पक्ष- प्राकृतिक भूगर्भीय हलचल से हुआ धंसाव

दूसरी ओर एनएमडीसी ने इस घटना को प्राकृतिक भूगर्भीय हलचल और पहाड़ी की ढलान खिसकने से जुड़ा बताया है। कंपनी का कहना है कि करीब दो दशक से स्थिर पुराना वेस्ट डंप प्राकृतिक भूगर्भीय गतिविधि के कारण प्रभावित हुआ। एनएमडीसी के अनुसार, डंप का खनन अपशिष्ट लगभग 200 से 250 मीटर तक गया, जबकि पहाड़ी की मिट्टी और ढीली सामग्री आगे ढलान की ओर बह गई। कंपनी ने विशेषज्ञों की मदद से ड्रोन मैपिंग और भूगर्भीय जांच शुरू करने की जानकारी भी दी है।

इस तरह एक तरफ वन विभाग वन क्षेत्र को हुए नुकसान और संभावित लापरवाही की जांच कर रहा है, तो दूसरी तरफ कंपनी घटना को प्राकृतिक भूगर्भीय गतिविधि का परिणाम बता रही है। अब वैज्ञानिक जांच से ही घटना के कारणों की विस्तृत तस्वीर सामने आ सकेगी।

खनिज संपदा के साथ जंगल और ग्रामीणों की सुरक्षा की जवाबदेही कौन लेगा?

बैलाडीला की पहाड़ियों में लगातार सामने आ रही घटनाओं ने खनन अपशिष्ट के प्रबंधन और पर्यावरणीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ हजारों पेड़ों के मलबे में दबने, प्राकृतिक जलधाराओं के प्रभावित होने और ग्रामीणों के पेयजल संकट की आशंका है, तो दूसरी तरफ वर्ष 2024 के 10 करोड़ रुपये के बकाया जुर्माने का मामला भी सामने है।

क्या डिपॉजिट-11सी की घटना के बाद भविष्य में ऐसी दुर्घटनाएं रोकने के लिए पर्याप्त कदम उठाए गए थे? यदि उठाए गए थे तो डिपॉजिट-14 में इतना बड़ा मलबा आखिर जंगल तक कैसे पहुंचा? क्या खनन अपशिष्ट के निस्तारण और पुराने डंप की स्थिरता की नियमित निगरानी हो रही थी?

बैलाडीला की खनिज संपदा देश के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन इसकी कीमत जंगल, जलस्रोत और स्थानीय ग्रामीणों को नहीं चुकानी चाहिए। अब वन विभाग की जांच, आईआईटी विशेषज्ञों की रिपोर्ट और पुराने जुर्माने की वसूली पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

Delimitation Bill Live: परिसीमन बिल पर बिखरा विपक्ष, स्टालिन से पवार तक आए मोदी के साथ

दिल्ली में रहने वाले लोग न भूलें ये दो नंबर, संकट के समय आ सकते हैं काम

चीन की मदद से स्पेस में ताकत बढ़ा रहा पाकिस्तान, CDS जनरल सुब्रमणि ने जताई चिंता; बताई तीन बड़ी चुनौतियां

Delimitation Bill: संसद सत्र से पहले PM मोदी की दो टूक, महिला आरक्षण बिल पर पीछे नहीं हटेगी सरकार

भारत में 50 साल बाद हो रहा परिसीमन; जानें अब तक कितनी बार हुआ डिलिमिटेशन, कब-कब बढ़ीं लोकसभा की सीटें