चीन की मदद से स्पेस में ताकत बढ़ा रहा पाकिस्तान, CDS जनरल सुब्रमणि ने जताई चिंता; बताई तीन बड़ी चुनौतियां

China-Pakistan Military Cooperation: CDS सुब्रमणि ने ऑपरेशन सिंदूर को भविष्य के मल्टी-डोमेन युद्ध का उदाहरण बताया। उन्होंने चीन-पाकिस्तान सहयोग और भारत की अंतरिक्ष निगरानी क्षमता पर भी चिंता जताई।
CDS General NS Raja Subramani
CDS जनरल एनएस राजा सुब्रमणि(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • CDS जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने ऑपरेशन सिंदूर को भविष्य के मल्टी-डोमेन युद्ध का उदाहरण बताया।

  • भविष्य के युद्ध में थल सेना, नौसेना और वायुसेना के बीच बेहतर तालमेल जरूरी होगा।

  • CDS ने तकनीक के तेजी से बदलने और युद्ध-शांति के बीच अंतर घटने को बड़ी चुनौतियां बताया।

  • CDS के मुताबिक, चीन की मदद से पाकिस्तान की अंतरिक्ष और खुफिया निगरानी क्षमता बढ़ रही है।

CDS General NS Raja Subramani: चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर ने भारत को आने वाले समय में लड़ी जाने वाली जंग का तरीका समझा दिया है।  उनके मुताबिक, भविष्य में इसी तरह के युद्ध हो सकते हैं, जिनमें थल सेना, नौसेना और वायुसेना अलग-अलग काम करने के बजाय एक साथ मोर्चा संभालेंगी। 

दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान CDS ने बताया कि अब युद्ध केवल जमीन या सीमा पर नहीं लड़ा जाएगा। इसका दायरा आसमान, समुद्र, अंतरिक्ष, संचार व्यवस्था और लोगों की सोच तक फैल सकता है। उनके अनुसार, जो देश इन सभी क्षेत्रों को जोड़कर तेजी से फैसले लेगा, उसे मुकाबले में बढ़त हासिल होगी।

आधुनिक युद्ध में तकनीक और तालमेल की भूमिका 

CDS जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कहा कि आज के दौर में केवल आधुनिक हथियार रखना जीत की गारंटी नहीं है। अलग-अलग तकनीकों और सैन्य प्रणालियों के बीच तालमेल होना भी जरूरी है। उदाहरण के तौर पर, एक सैटेलाइट दुश्मन के ठिकाने का पता लगाएगा, दूसरा सिस्टम उस जानकारी की जांच करेगा और संचार नेटवर्क इसे संबंधित सैन्य इकाई तक पहुंचाएगा। इसके बाद जमीन, हवा या समुद्र से हमला किया जा सकेगा।

CDS General NS Raja Subramani
Afghanistan Blast: अफगानिस्तान में स्कूल के पास धमाका, 6 छात्रों की मौत और 97 घायल; घर में रखा था डायनामाइट

युद्ध का तरीका बदलने के पीछे तीन बड़ी वजहें

CDS ने युद्ध के बदलते स्वरूप के तीन प्रमुख कारण बताए।

  •  पहला कारण तेजी से विकसित होती तकनीक है। आज इस्तेमाल हो रहे आधुनिक हथियार आने वाले समय में पुराने पड़ सकते हैं। इसलिए भारत को लगातार नई तकनीक तैयार करनी होगी और अपनी सैन्य क्षमता में सुधार करना होगा।

  • दूसरी वजह युद्ध और शांति के बीच घटता अंतर है। दुश्मन बिना गोली चलाए भी गलत सूचनाओं और मानसिक दबाव के जरिए लोगों को प्रभावित कर सकता है। इस तरह की रणनीति को कॉग्निटिव वॉरफेयर यानी दिमागी युद्ध कहा जाता है।

  • तीसरी बात यह है कि भारत को अपनी परिस्थितियों के मुताबिक सैन्य रणनीति तैयार करनी होगी। अमेरिका, चीन या रूस की युद्ध नीति को सीधे अपनाना सही नहीं होगा, क्योंकि भारत की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा चुनौतियां और आर्थिक संसाधन उनसे अलग हैं।

चीन की मदद से मजबूत हो रहा पाकिस्तान

CDS ने चिंता जताई कि चीन के सहयोग से पाकिस्तान अंतरिक्ष के क्षेत्र में अपनी सैन्य ताकत बढ़ा रहा है। उन्होंने यह संभावना भी जताई कि तुर्किये की ओर से पाकिस्तान को तकनीकी मदद मिल सकती है। इससे पाकिस्तान की खुफिया जानकारी जुटाने और दुश्मन की गतिविधियों पर नजर रखने की क्षमता बेहतर हो सकती है।

उनके मुताबिक, चीन की ISR यानी खुफिया जानकारी, निगरानी और टोह लेने वाली तकनीक के साथ पोजिशनिंग, नेविगेशन और टाइमिंग से जुड़ी सुविधाओं का फायदा पाकिस्तान को मिल सकता है। पाकिस्तान का अंतरिक्ष संगठन SUPARCO भी अपनी तकनीकी क्षमता बढ़ाने में लगा हुआ है।

भारत सैटेलाइट निगरानी व्यवस्था को करेगा मजबूत

जनरल सुब्रमणि ने बताया कि भारत भी अपनी अंतरिक्ष आधारित सैन्य ताकत बढ़ाने पर काम कर रहा है। स्पेस बेस्ड सर्विलांस प्रोजेक्ट के तीसरे चरण यानी SBS-3 के लागू होने से देश की निगरानी क्षमता में बड़ा सुधार होगा। इसके साथ ही निजी कंपनियों की भागीदारी से ज्यादा सैटेलाइट तैयार करने और उन्हें लॉन्च करने की योजना है।

उन्होंने जानकारी दी कि रक्षा खरीद से जुड़े नियमों में बदलाव का प्रस्ताव प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजा गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि नई व्यवस्था अगले साल की शुरुआत में लागू हो सकती है।

CDS General NS Raja Subramani
Burqa Ban: बुर्का पहनकर स्कूल जाने पर लगा बैन, नियम तोड़ा तो होगा 1 लाख का जुर्माना; इटली में नया कानून लागू

देश की सुरक्षा में आम लोगों की भी भूमिका

CDS ने जोर दिया कि राष्ट्रीय सुरक्षा का जिम्मा केवल सेना के कंधों पर नहीं है। सरकार, निजी उद्योग, तकनीकी क्षेत्र से जुड़े लोग, शिक्षण संस्थान और आम नागरिक भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

उन्होंने कहा कि आसपास का सुरक्षा माहौल तेजी से बदल रहा है। नए तरह के खतरे सामने आ रहे हैं और तकनीक के विकास से युद्ध का दायरा भी बढ़ रहा है। ऐसे में भारत को अपनी रक्षा तैयारियों और काम करने के तरीकों में लगातार बदलाव करना होगा।