दिल्ली में रहने वाले लोग न भूलें ये दो नंबर, संकट के समय आ सकते हैं काम

Delhi Helpline Numbers: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से महिला हेल्पलाइन 181 और इमरजेंसी नंबर 112 मोबाइल में सेव करने की अपील की है। जानें दोनों नंबर कब और कैसे काम आएंगे।
Delhi Helpline Numbers
सांकेतिक तस्वीरSource- AI
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली के लोगों से 181 और 112 नंबर सेव करने की अपील की।

  • 181 नंबर महिलाओं को संकट और उत्पीड़न की स्थिति में सहायता देता है।

  • 112 पुलिस, दमकल और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं के लिए एकीकृत नंबर है।

Delhi Women Safety Helpline Numbers: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के लोगों से दो जरूरी हेल्पलाइन नंबर अपने मोबाइल फोन में सेव करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इन नंबरों को परिवार के दूसरे सदस्यों के साथ भी साझा करें, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद मिल सके। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह संदेश साझा किया।

मुख्यमंत्री ने जिन दो नंबरों को सेव करने की सलाह दी है, उनमें महिलाओं की मदद के लिए 181 और किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए 112 शामिल हैं।

मुश्किल में काम आएंगे नंबर: CM रेखा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संदेश में कहा कि मुश्किल वक्त में हर सेकंड बेहद अहम होता है। सही समय पर सही नंबर पर कॉल करने से बड़ा बदलाव आ सकता है।

उन्होंने कहा, "महिलाओं की सुरक्षा हमारी साझा जिम्मेदारी है और हर नागरिक की सुरक्षा हमारी अटल प्रतिबद्धता है। आइए, मिलकर एक सुरक्षित दिल्ली का निर्माण करें।"

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे इन दोनों नंबरों को सिर्फ याद न रखें, बल्कि अपने फोन में सेव करें और परिवार के सदस्यों को भी इनके बारे में बताएं।

Delhi Helpline Numbers
छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला, छेड़छाड़, महिला संबंधी अपराध करने वालों को नहीं मिलेगी सरकारी नौकरी

कौन से हैं वे दो हेल्पलाइन नंबर?

1. 181- महिला हेल्पलाइन

यह नंबर संकट में फंसी महिलाओं को सहायता और सहयोग उपलब्ध कराने के लिए है। घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, परेशानी या सुरक्षा से जुड़े खतरे की स्थिति में महिलाएं इस नंबर पर मदद मांग सकती हैं।

2. 112- आपातकालीन हेल्पलाइन

यह पूरे भारत का एकीकृत आपातकालीन नंबर है। इसके जरिए पुलिस, दमकल और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं से मदद मांगी जा सकती है।

कब करें 181 पर कॉल?

अगर कोई महिला या लड़की घर के अंदर या बाहर किसी तरह की परेशानी, उत्पीड़न या खतरे का सामना कर रही है, तो वह 181 पर कॉल कर सकती है। इस हेल्पलाइन के जरिए संकट में फंसी महिलाओं को सहायता और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।

Delhi Helpline Numbers
PM Modi Varanasi Visit: महिला ने रोजगार और सुरक्षा के लिए जताया आभार, मोदी बोले- योगी जी को थैंक्यू बोलो

किन परिस्थितियों में डायल करें 112?

112 नंबर का इस्तेमाल कई तरह की आपात स्थितियों में किया जा सकता है। जैसे:

  • अपराध या हिंसा: चोरी, मारपीट, अपहरण, हिंसा या किसी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में पुलिस सहायता के लिए।

  • मेडिकल इमरजेंसी: सड़क दुर्घटना, बेहोशी, सांस लेने में परेशानी या एंबुलेंस की जरूरत पड़ने पर।

  • आग लगने की घटना: घर, दुकान या वाहन में आग लगने या किसी व्यक्ति के फंसने पर।

  • महिला और बच्चों की सुरक्षा: किसी महिला या बच्चे के खतरे में होने या तत्काल सुरक्षा सहायता की जरूरत पड़ने पर।

  • प्राकृतिक आपदा: बाढ़, भूकंप या ऐसी किसी घटना में, जिसमें जान-माल को तुरंत खतरा हो।