HIGHLIGHTS
जांच रिपोर्ट में आया चौंकाने वाला आंकड़ा।
पहले की रिपोर्ट में शून्य तो नई रिपोर्ट में 5 मौतें।
दो साल में हो चुकी है 7 श्रमिकों की मौत।
एनएमडीसी की ओर से स्पष्टीकरण जरूरी।
कोक ओवन सेक्शन में भी लगी थी भीषण आग।
Chhattisgarh Nagarnar Steel Plant : नगरनार स्टील प्लांट में आखिर श्रमिकों की जान कितनी सस्ती है? कभी शॉर्ट सर्किट तो कभी गर्म भाप का रिसाव, कहीं भीषण आग तो कहीं खौलते हॉट मेटल की चपेट में आकर जिंदगी गंवाते श्रमिक। नगरनार स्थित NMDC स्टील प्लांट में सामने आ रहे हादसों ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर तस्वीर सामने ला दी है।
छोटे देवड़ा निवासी मंगल साय की हॉट मेटल की चपेट में आने से हुई दर्दनाक मौत ने इस बहस को फिर तेज कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि श्रमिकों की मौत का सिलसिला केवल इक्का-दुक्का घटनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि कंपनी की अपनी वार्षिक रिपोर्ट में भी मौतों के आंकड़े दर्ज हैं।
NMDC Steel Limited की सितंबर 2026 में प्रकाशित वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में 5 और वित्त वर्ष 2025-26 में 2 श्रमिकों की मौत दर्ज की गई है। यानी इन दो वित्तीय वर्षों में कुल 7 श्रमिकों की मौत का आंकड़ा कंपनी की रिपोर्ट में मौजूद है। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती। इससे पहले प्रकाशित वित्त वर्ष 2024-25 की रिपोर्ट में मौतों का आंकड़ा शून्य बताया गया था, जबकि बाद की रिपोर्ट में इसी अवधि के लिए 5 मौतें दर्ज हैं। आखिर एक ही वित्तीय वर्ष के आंकड़ों में इतना बड़ा अंतर कैसे आया? क्या पहले आंकड़े दर्ज नहीं हुए थे या बाद में उनमें संशोधन किया गया? इस पर NMDC प्रबंधन की ओर से स्पष्टीकरण जरूरी है।
प्लांट में हादसों की पुरानी घटनाएं भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। अगस्त 2024 में टनल फर्नेस की ईसीआर बिल्डिंग में ब्रेकर मेंटेनेंस के दौरान विद्युत फ्लैश और शॉर्ट सर्किट की घटना हुई थी। इसकी चपेट में आकर चार कर्मचारी झुलस गए थे। इनमें दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए दूसरे शहरों में रेफर करना पड़ा था। गर्म भाप के रिसाव से कर्मचारियों के झुलसने की घटना भी सामने आ चुकी है।
8 अप्रैल 2025 को प्लांट के कोक ओवन सेक्शन में गैस रिसाव के बाद भीषण आग लग गई थी। आग और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया था। इस घटना ने प्लांट के भीतर औद्योगिक सुरक्षा और गैस रिसाव से निपटने की तैयारियों पर सवाल खड़े किए थे। इसके अलावा कोक ओवन सेक्शन में कर्मचारियों के झुलसने की घटनाएं भी रिपोर्ट हुई थीं।
अब ताजा मामले में करीब 30 से 32 वर्षीय मंगल साय की खौलते हॉट मेटल की चपेट में आने से मौत की खबर ने पूरे मामले को फिर सुर्खियों में ला दिया है। छोटे देवड़ा निवासी मंगल साय की मौत किन परिस्थितियों में हुई, हादसे के वक्त वहां सुरक्षा के क्या इंतजाम थे और क्या निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था, इन सवालों के जवाब सामने आना बाकी हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि प्लांट में अब तक कुल कितने हादसे हुए, कितने कर्मचारी घायल हुए और कितने श्रमिकों की जान गई? इनमें नियमित कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों की संख्या कितनी है? कितने मामलों में जांच हुई और कितने मामलों में जिम्मेदारी तय की गई? इन सवालों का पूरा और प्रमाणिक जवाब अभी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है।
NMDC की वार्षिक रिपोर्ट में दर्ज मौतों के आंकड़ों और पहले प्रकाशित रिपोर्ट के बीच अंतर ने भी पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग को प्लांट में हुए हादसों का पूरा रिकॉर्ड खंगालना चाहिए। साथ ही सुरक्षा ऑडिट, दुर्घटना जांच और सुधारात्मक कार्रवाई का ब्योरा सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
नगरनार स्टील प्लांट देश के महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठानों में शामिल है, लेकिन उत्पादन और उपलब्धियों के बीच वहां काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। मंगल साय की मौत के बाद अब सवाल केवल एक हादसे का नहीं, बल्कि उन सभी श्रमिकों की सुरक्षा और जवाबदेही का है, जिनके भरोसे यह विशाल औद्योगिक संयंत्र चल रहा है।