

Highlights:
सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में अहम खुलासे की हैं।
अपनी किताब में सोनिया गांधी ने दावा किया है कि प्रणब जी प्रधानमंत्री बनना चाहते थे।
इसके अलावा उन्होंने प्रणब मुखर्जी और पी. चिदंबरम के मतभेद का भी जिक्र किया है।
Sonia Gandhi on Pranab Mukherjee: सोनिया गांधी ने अब औपचारिक रूप से पुष्टि की है कि प्रणब मुखर्जी प्रधानमंत्री बनने की इच्छा रखते थे। उन्होंने अपनी आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में 2010 की एक बातचीत का उल्लेख किया है, जिसमें प्रणब मुखर्जी ने सुझाव दिया था कि शायद अब शीर्ष स्तर पर बदलाव का समय आ गया है।
सोनिया गांधी ने बताया कि प्रधानमंत्री और उनके बीच जिम्मेदारियों का एक अनकहा बंटवारा था, जो बेहद प्रभावी ढंग से काम करता था। पार्टी और सरकार के बीच शक्तियों के बंटवारे पर चर्चा करते हुए उन्होंने एक घटना साझा की, जिसमें प्रणब मुखर्जी ने प्रधानमंत्री बनने की अपनी इच्छा जाहिर की थी।
सोनिया गांधी के मुताबिक, समन्वय सुनिश्चित करने के लिए एक कोर ग्रुप प्रधानमंत्री के साथ हर सप्ताह बैठक करता था। इस समूह में प्रणब मुखर्जी भी शामिल थे, जो 70 के दशक में इंदिरा गांधी के मंत्रिमंडल में मंत्री रह चुके थे। इसके अलावा, इसमें राजनीतिक अनुभव रखने वाले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री एके एंटनी और अहमद पटेल भी शामिल थे।
सोनिया गांधी ने कहा कि हम 'स्ट्रेटेजी ग्रुप' के मेंबर के तौर पर नियमित रूप से बैठक करते थे। इस ग्रुप का गठन संसद में उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा के लिए किया गया था। कभी-कभी प्रणब जी, जैसा कि मैं उन्हें हमेशा बुलाती थी, बातचीत के लिए रुक जाते थे। उन्होंने बताया कि तत्कालीन वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के साथ प्रणब के गंभीर मतभेद हो गए थे।
सोनिया गांधी ने अपनी 502 पन्नों की किताब में लिखा है कि 2010 में एक बार अपनी निराशा व्यक्त करने के बाद उन्होंने मुझे यह कहकर चौंका दिया कि शायद अब शीर्ष स्तर पर बदलाव का समय आ गया है। मैंने इसे प्रधानमंत्री बनने की उनकी लंबे समय से चली आ रही इच्छा के संकेत के रूप में देखा।
सोनिया गांधी ने लिखा कि मैंने बड़ी आसानी से बातचीत का विषय बदल दिया और भले ही उन्हें निराशा हुई हो, लेकिन उन्होंने कभी ऐसा जाहिर नहीं किया कि वे इस बात से मुझसे नाराज हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 2012 में कांग्रेस ने मुखर्जी को राष्ट्रपति पद के लिए UPA का उम्मीदवार बनाया और बाद में वे चुन लिए गए।