चक्रवात अकवान को लेकर रेलवे अलर्ट।
जीएम संदीप माथुर ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की।
अक्टूबर के लिए पांच रेलकर्मियों को सेफ्टी अवॉर्ड।
मालगाड़ी में आग और हॉट एक्सल पकड़कर टाला हादसा।
वंदे भारत के लोको पायलट की तबीयत बिगड़ने पर दिखाई सूझबूझ।
Chhattisgarh Jagdalpur Railway Alert : चक्रवात अकवान की आशंका को देखते हुए रेलवे ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। साउथ कोस्ट रेलवे के महाप्रबंधक संदीप माथुर ने सुरक्षा समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान लेवल क्रॉसिंग (एलसी) गेटों पर इंटरलॉकिंग कार्यों की प्रगति, सुरक्षित ट्रेन परिचालन और चक्रवात से निपटने की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
वहीं, संभावित रेल हादसों को अपनी सतर्कता और सूझबूझ से टालने वाले पांच रेलकर्मियों को अक्टूबर 2026 के लिए एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ सेफ्टी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
महाप्रबंधक संदीप माथुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चक्रवात की आशंका को देखते हुए सभी विभाग पूरी सतर्कता के साथ तैयार रहें। उन्होंने सुरक्षा संबंधी कार्यों में तेजी लाने, निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ रेलवे की संपत्तियों और बुनियादी ढांचे की सुरक्षा भी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
सुरक्षा पुरस्कार पाने वालों में विजयवाड़ा मंडल के समालकोट स्टेशन मास्टर रंजीत कुमार शामिल हैं। उन्होंने मालगाड़ी के एक वैगन में आग लगने का पता लगाकर समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की। वहीं, गुंटूर मंडल के कंबम में पदस्थ पॉइंट्समैन अभिषेक कुमार ने रोलर बेयरिंग में संभावित खराबी की आशंका पहचानकर अधिकारियों को सतर्क किया।
गुंतकल मंडल के रेणिगुंटा में वरिष्ठ सहायक लोको पायलट आर. लक्ष्मी प्रसाद ने वंदे भारत एक्सप्रेस के लोको पायलट की अचानक तबीयत बिगड़ने पर सूझबूझ दिखाई और स्थिति को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा विशाखापत्तनम मंडल के वरिष्ठ तकनीशियन के. चंद्रशेखर को महत्वपूर्ण सिग्नलिंग सुरक्षा कार्यों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
विशाखापत्तनम मंडल के मर्रिपालेम में पदस्थ गुड्स ट्रेन मैनेजर पी. अप्पा राव ने मालगाड़ी के एक वैगन में हॉट एक्सल की पहचान की। उन्होंने समय रहते इसकी सूचना दी, जिसके बाद बोब्बिली में संबंधित वैगन को मालगाड़ी से अलग करवाया गया। इससे संभावित बड़े रेल हादसे को टालने में मदद मिली।
महाप्रबंधक संदीप माथुर ने पांचों कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी की भावना सुरक्षित रेल परिचालन की मजबूत आधारशिला है। रेलवे ने चक्रवात की आशंका के बीच सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।