जगदलपुर में बस्तर ओलंपिक 3.0 का आगाज।
सात विकासखंडों के 2 हजार से अधिक खिलाड़ी शामिल।
चार मैदानों में 11 खेलों के मुकाबले।
खिलाड़ियों का पंजीयन 37 हजार से बढ़कर 1.04 लाख पार।
विजेताओं को नकद पुरस्कार, मेडल और ट्रॉफी मिलेगी।
Jagdalpur Bastar Olympics 2026 : बस्तर के जिन इलाकों में कभी नक्सल दहशत के कारण युवाओं का घर से बाहर निकलना भी चुनौतीपूर्ण था, वहां की नई पीढ़ी अब खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा दिखाने उतर रही है। जंगलों में बंदूक और बारूद के साये से बाहर निकलकर युवा अब फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी और एथलेटिक्स में अपनी पहचान बनाने की तैयारी में हैं।
नक्सलमुक्त बस्तर की इसी बदलती तस्वीर के बीच बुधवार को जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में बस्तर ओलंपिक 3.0 के जिला स्तरीय मुकाबलों का भव्य आगाज हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के सात विकासखंडों से चयनित दो हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि अब तक संवेदनशील और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। बस्तर ओलंपिक अब केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उन इलाकों के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने का मंच बनता जा रहा है, जहां लंबे समय तक नक्सलवाद का प्रभाव रहा।
बस्तर ओलंपिक के प्रति युवाओं का बढ़ता आकर्षण आंकड़ों में भी दिखाई दे रहा है। वर्ष 2024 में बस्तर जिले में 37,650 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था। 2025 में यह संख्या बढ़कर 95,587 हुई और 2026 में 1,04,841 तक पहुंच गई। यानी तीन वर्षों में पंजीकृत खिलाड़ियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। इस बार जिला स्तरीय मुकाबलों के लिए सातों विकासखंडों में आयोजित प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
25 और 26 नवंबर को होने वाली प्रतियोगिताएं शहर के चार मैदानों में आयोजित की जा रही हैं। सिटी ग्राउंड में महिला फुटबॉल, इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में फुटबॉल, बैडमिंटन, वेटलिफ्टिंग और कराते, क्रीड़ा परिसर धरमपुरा में एथलेटिक्स, आर्चरी, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल सहित विभिन्न मुकाबले होंगे। वहीं खेलो इंडिया लघु केंद्र पंडरीपानी में हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। बुधवार को जूनियर वर्ग और गुरुवार को सीनियर वर्ग के मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता का समापन गुरुवार शाम 4 बजे होगा।
शुभारंभ समारोह में इंद्रावती विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी ने कहा कि उत्कृष्ट खेल प्रतिभा के लिए किसी बड़े महानगर में जन्म लेना जरूरी नहीं है। छोटे-छोटे गांवों में भी बेहतरीन खिलाड़ी मौजूद हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, गृह मंत्री विजय शर्मा और सुरक्षा बलों के प्रयासों से बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त हुआ है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष संभागीय आयोजन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति भी इस आयोजन के महत्व को दर्शाती है।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने कहा कि जोन और ब्लॉक स्तर से आगे बढ़कर खिलाड़ी अब जिला स्तरीय मुकाबलों में पहुंचे हैं। बस्तर ओलंपिक युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का शानदार मंच दे रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल के साथ पढ़ाई पर भी ध्यान देने की अपील की।
प्रतियोगिता में दलीय खेलों के विजेताओं को प्रथम पुरस्कार 4 हजार, द्वितीय 3 हजार और तृतीय 2 हजार रुपए दिए जाएंगे। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में प्रथम को 2 हजार, द्वितीय को 1500 और तृतीय स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 1 हजार रुपए मिलेंगे। विजेताओं को मेडल और ट्रॉफी भी प्रदान की जाएगी। सबसे अधिक पदक जीतने वाले विकासखंड को ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी मिलेगी। जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगे संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन ने आयोजन को बस्तर के बदलते स्वरूप और नई उम्मीदों का प्रतीक बताया। वहीं खेल एवं युवा कल्याण समिति के सभापति बनवासी मौर्य ने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
बस्तर ओलंपिक में बढ़ती भागीदारी इस बात का संकेत है कि क्षेत्र के युवाओं में खेलों को लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है। कभी जिन इलाकों की चर्चा नक्सल हिंसा के कारण होती थी, वहां से अब खिलाड़ी जिला और संभाग स्तर पर अपनी पहचान बनाने निकल रहे हैं। बस्तर की यह नई तस्वीर बताती है कि शांति के साथ अब खेल और प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।