HURL Jobs : सरकारी कंपनी में ऑफिसर या इंजीनियर के पद पर नौकरी करना चाहते हैं तो आपके लिए शानदार मौका है। हिंदुस्तान उर्वरक और रसायन लिमिटेड (HURL) ने एग्जीक्यूटिव और नॉन-एग्जीक्यूटिव कैडर में विभिन्न पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती में प्रोसेस इंजीनियरिंग, अमोनिया, यूरिया, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, IT, HR, मार्केटिंग और मेडिकल समेत कई विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी।
खास बात यह है कि MBBS कर चुके उम्मीदवारों के लिए भी मेडिकल पदों पर आवेदन का मौका है। अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता और अनुभव की शर्तें अलग हैं। उम्मीदवारों की उम्र पद के अनुसार 30 से 47 वर्ष तक निर्धारित की गई है। उम्र और अनुभव की गणना 30 जून 2026 के आधार पर होगी।HURL में कई पदों पर भर्ती
एग्जीक्यूटिव कैडर में इंजीनियर, सीनियर इंजीनियर, ऑफिसर, सीनियर ऑफिसर, असिस्टेंट मैनेजर और सीनियर मैनेजर जैसे पद शामिल हैं। इंजीनियरिंग पदों के लिए संबंधित विषय में कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ फुल टाइम इंजीनियरिंग डिग्री और पद के अनुसार 2 से 4 साल का अनुभव मांगा गया है। HR पदों के लिए MBA/PG डिग्री या डिप्लोमा और संबंधित अनुभव जरूरी है।
मार्केटिंग के लिए एग्रीकल्चर से जुड़ी डिग्री के साथ MBA/PGDBM की योग्यता मांगी गई है। मेडिकल पदों के लिए MBBS के साथ इंडस्ट्रियल हेल्थ ट्रेनिंग का प्रमाणपत्र या डिप्लोमा और 5 से 9 साल तक का संबंधित अनुभव जरूरी है। नॉन-एग्जीक्यूटिव कैडर में जूनियर इंजीनियर असिस्टेंट के पद भी हैं, जिनके लिए संबंधित विषय में 3 साल का डिप्लोमा या निर्धारित BSc योग्यता और 5 साल का अनुभव मांगा गया है।
सैलरी की बात करें तो HURL के एग्जीक्यूटिव कैडर में असिस्टेंट मैनेजर को ₹50,000 से ₹1,60,000, सीनियर इंजीनियर/सीनियर ऑफिसर को ₹45,000 से ₹1,50,000 और इंजीनियर/ऑफिसर को ₹40,000 से ₹1,40,000 तक मासिक वेतन मिलेगा।
नॉन-एग्जीक्यूटिव कैडर में जूनियर इंजीनियर असिस्टेंट (II) को ₹25,000 से ₹86,400 तक वेतन मिलेगा। वहीं फिक्स्ड टर्म कॉन्ट्रैक्ट के तहत ऑफिसर को ₹40,000-₹1,40,000, असिस्टेंट मैनेजर को ₹50,000-₹1,60,000 और डिप्टी मैनेजर को ₹60,000-₹1,80,000 तक वेतन मिलेगा।
इच्छुक उम्मीदवार 26 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक HURL की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट hurl.net.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान फोटो, हस्ताक्षर, शैक्षणिक योग्यता और अनुभव से जुड़े दस्तावेज अपलोड करने होंगे। फॉर्म जमा करने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना भी जरूरी है।