वेडिंग सीजन में गुलजार होंगे बाजार (सोर्स- सोशल मीडिया)
बिज़नेस

बिग वेडिंग सीजन में गुलजार होंगे बाजार, देश में 52 लाख शादियों से होगा रिकॉर्ड 7.50 ट्रिलियन रुपये का व्यापार!

Wedding Season Business: अब मैरिज शॉपिंग से मुंबई एवं महाराष्ट्र सहित देश भर के बाजारों और सर्विस सेक्टर में रौनक आएगी और करोड़ों लोगों की आजीविका को सहारा मिलेगा।

विष्णु भारद्वाज, मनोज आर्या

Highlights:

  • 21 नवंबर से शुरू हो रहे शादियों के सीजन में 15% वृद्धि के साथ रिकॉर्ड 7.50 ट्रिलियन रुपये के कारोबार का अनुमान।

  • इस वर्ष शादी का सीजन 21 नवंबर, देव उठनी एकादशी से शुरू होकर 15 दिसंबर 2026 तक चलेगा।

  • कैट के अनुसार, सामान्य विवाहों में 4 से 5 लाख, जबकि प्रीमियम शादियों में 4 से 5 करोड़ से ज्यादा खर्च होता है।

Wedding Season Business Estimate: 21 नवंबर से शुरू हो रहे शादियों के सीजन में इस साल 15 प्रतिशत वृद्धि के साथ रिकॉर्ड 7.50 ट्रिलियन रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। व्यापार महासंघ 'कैट' के अनुमान के मुताबिक, विवाह सीजन में देशभर में लगभग 52 लाख शादियां होने का अनुमान है, जिनसे 7.50 ट्रिलियन रुपये का कारोबार होने की संभावना है, जो कि पिछले साल के 6.50 ट्रिलियन रुपये से 15 प्रतिशत ज्यादा है।

इस तरह भारत इस विवाह सीजन में अपने इतिहास के सबसे बड़े उपभोग एवं कारोबारी उछाल का साक्षी बनने जा रहा है। इसमें मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में ही लगभग 2 लाख शादियां होने का अनुमान है, जिनसे करीब 1.20 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने की संभावना है।

मुंबई विवाह आधारित कारोबारी केंद्रों में होगी शामिल

इससे देश की आर्थिक राजधानी क्षेत्र देश के सबसे बड़े विवाह आधारित कारोबारी केंद्रों में शामिल होगी। इस वर्ष शादी का सीजन 21 नवंबर, देव उठनी एकादशी से शुरू होकर 15 दिसंबर 2026 तक चलेगा। 15 दिसंबर के बाद एक महीने का मलमास शुरू हो जाएगा जिसमें कोई शुभ कार्य प्राय: नहीं होता है।

इसके बाद 16 जनवरी, मकर संक्रांति से शादी के अगले दौर की शुरुआत होगी। शादियों के आंकड़ों में वस्तुओं की बिक्री के साथ-साथ विभिन्न सेवाओं से होने वाला कारोबार भी शामिल है।

शादी केवल उत्सव नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था का एक ग्रोथ इंजन

'कैट' के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि ये अनुमान महासंघ की शोध इकाई कैट रिसर्च एंड ट्रेड डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा तैयार किए गए हैं। इसके लिए देश के 25 राज्यों के प्रमुख थोक एवं खुदरा बाजारों को शामिल करते हुए 300 से अधिक व्यापारिक नेताओं तथा 550 प्रमुख व्यापारिक संगठनों के साथ व्यापक विचार-विमर्श एवं राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण किया गया है।

खंडेलवाल ने कहा कि अनुमानित कारोबार का विशाल आकार इस बात का प्रमाण है कि भारत की सदियों पुरानी विवाह परंपराएं आज एक सशक्त आर्थिक तंत्र का रूप ले चुकी हैं। प्रत्येक शादी दर्जनों क्षेत्रों में मांग पैदा करती है और छोटे दुकानदारों, थोक व्यापारियों, निर्माताओं, एमएसएमई, कारीगरों, किसानों, परिवहन व्यवसायियों, होटलों, कैटरर्स तथा हजारों पेशेवर सेवा प्रदाताओं को आर्थिक अवसर उपलब्ध कराती है।

आभूषणों और डिजाइनर परिधानों से लेकर मिठाइयों, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स, हॉस्पिटैलिटी, परिवहन, सजावट, फोटोग्राफी, उपहार, गिफ्ट पैकेजिंग और इवेंट मैनेजमेंट तक विवाह का आर्थिक प्रभाव भारतीय अर्थव्यवस्था के लगभग प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचता है।

5 लाख से 5 करोड़ तक की शादियां

कैट के अनुसार, सामान्य विवाहों में लगभग 4 से 5 लाख रुपये का खर्च होता है, जबकि प्रीमियम एवं भव्य शादियों में यह खर्च 4 से 5 करोड़ रुपये या उससे भी अधिक हो सकता है। खर्च के इस व्यापक दायरे के कारण छोटे मोहल्ला दुकानदारों से लेकर बड़े हॉस्पिटैलिटी एवं लग्जरी कारोबार तक सभी को विवाह अर्थव्यवस्था से लाभ मिलता है। इस तरह विवाह सीजन देश में घरेलू उपभोग, रोजगार सृजन और आर्थिक समृद्धि को गति देने वाले सबसे सशक्त माध्यमों में से एक बनकर उभर रहा है।

भारत की विवाह अर्थव्यवस्था में पिछले 5 वर्षों से लगातार तेजी

  • वर्ष 2022: 32 लाख शादियां– ₹3.75 ट्रिलियन का कारोबार

  • वर्ष 2023: 38 लाख शादियां– ₹4.74 ट्रिलियन का कारोबार

  • वर्ष 2024: 48 लाख शादियां– ₹5.90 ट्रिलियन का कारोबार

  • वर्ष 2025: 46 लाख शादियां– ₹6.50 ट्रिलियन का कारोबार

  • अब वर्ष 2026: 52 लाख शादियां– ₹7.50 ट्रिलियन (अनुमानित)

ये आंकड़े भारतीय परिवारों की बढ़ती क्रय शक्ति, उपभोक्ताओं की बदलती आकांक्षाओं और विवाह से जुड़ी पेशेवर सेवाओं के तेजी से विस्तार को दर्शाते हैं।

₹7.50 ट्रिलियन का कारोबार किन क्षेत्रों में होगा?

कैट के अनुमान के अनुसार, कुल ₹7.50 ट्रिलियन के कारोबार में से लगभग ₹4.05 ट्रिलियन यानी 54 प्रतिशत कारोबार वस्तुओं एवं खुदरा व्यापार से होगा, जबकि ₹3.45 ट्रिलियन यानी 46 प्रतिशत कारोबार विभिन्न सेवाओं के माध्यम से होगा।

वस्तुओं एवं खुदरा व्यापार के प्रमुख क्षेत्र हैं:-

  • आभूषण एवं बहुमूल्य धातुएं– ₹1.20 लाख करोड़,

  • परिधान, साड़ियां एवं वस्त्र– ₹90,000 करोड़,

  • उपहार एवं विवाह संबंधी सामग्री– ₹37,500 करोड़,

  • किराना, सब्जियां एवं खाद्य सामग्री– ₹37,500 करोड़,

  • इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इलेक्ट्रिकल सामान– ₹30,000 करोड़,

  • सूखे मेवे, मिठाइयां एवं कन्फेक्शनरी– ₹30,000 करोड़,

  • फर्नीचर, बर्तन एवं घरेलू उपयोग की वस्तुएं– ₹30,000 करोड़

  • अन्य विवाह संबंधी वस्तुएं – ₹30,000 करोड़

शादियों के सीजन में अब सेवा क्षेत्र भी बेहद महत्वपूर्ण

सेवाओं के क्षेत्र में प्रमुख रूप से शामिल हैं:-

  • कैटरिंग एवं खानपान सेवाएं – ₹75,000 करोड़,

  • विवाह स्थल, बैंक्वेट हॉल एवं होटल – ₹60,000 करोड़,

  • इवेंट मैनेजमेंट एवं वेडिंग प्लानिंग – ₹37,500 करोड़,

  • फूलों की सजावट एवं वेडिंग डेकोर – ₹37,500 करोड़,

  • यात्रा, परिवहन एवं हॉस्पिटैलिटी – ₹30,000 करोड़,

  • संगीत, डीजे, लाइट एवं साउंड – ₹30,000 करोड़,

  • फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी एवं डिजिटल कंटेंट – ₹22,500 करोड़,

  • ब्यूटी, ग्रूमिंग एवं वेलनेस सेवाएं – ₹22,500 करोड़

  • अन्य संबद्ध विवाह सेवाएं – ₹30,000 करोड़

मुंबई महानगर बनेगा ₹1.20 ट्रिलियन की वेडिंग इकोनॉमी का बड़ा केंद्र

कैट' के राष्ट्रीय महामंत्री शंकर ठक्कर ने बताया कि इस सीजन में एमएमआर में लगभग 2 लाख शादियां होने का अनुमान है, जिससे क्षेत्र में करीब 1.20 ट्रिलियन रुपये का कारोबार होने की संभावना है। मुंबई के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में भूलेश्वर, क्राफर्ड मार्केट, परेल, दादर, बांद्रा, घाटकोपर, मुलुंड, ठाणे, कल्याण, डोंबिवली उल्हासनगर, नवी मुंबई, अंधेरी, मलाड, बोरीवली सहित अनेक बाजारों में विवाह संबंधी खरीदारी में भारी तेजी आने की उम्मीद है।

देश के प्रमुख थोक वितरण केंद्र के रूप में मुंबई की भूमिका इस आर्थिक योगदान को और बढ़ाएगी। पड़ोसी राज्यों के व्यापारी एवं खुदरा विक्रेता भी विवाह संबंधी वस्तुओं की खरीद के लिए मुंबई के बाजारों पर निर्भर रहते हैं।

मिलेंगे 1.25 करोड़ रोजगार के अवसर!

इस विवाह सीजन का एक महत्वपूर्ण परिणाम रोजगार सृजन भी होगा। महासंघ का अनुमान है कि देशभर में लगभग 1.25 करोड़ अस्थायी, मौसमी एवं अंशकालिक रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इससे डेकोरेटर, कैटरर्स, फूल विक्रेता, टेंट हाउस संचालक, फोटोग्राफर, वीडियोग्राफर, संगीत कलाकार, ब्यूटीशियन, परिवहन व्यवसायी, होटल एवं हॉस्पिटैलिटी कर्मचारी, इवेंट मैनेजर, तकनीशियन, गिफ्ट पैकेजिंग से जुड़े कामगार तथा हजारों अन्य पेशेवर लाभान्वित होंगे।

वोकल फॉर लोकल: विवाह सीजन बने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का सबसे बड़ा मंच

ठक्कर ने बताया कि भारतीय परिधानों, साड़ियों, आभूषणों, हस्तशिल्प, पीतल एवं तांबे की वस्तुओं, फर्नीचर, होम डेकोर, विवाह उपहारों और पारंपरिक उत्पादों की खरीद के माध्यम से परिवार सीधे भारतीय निर्माताओं, स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित कर सकते हैं। कैट का मानना है कि वोकल फॉर लोकल की भावना अब भारत के विवाह समारोहों का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। प्रत्येक परिवार द्वारा स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देना देश के घरेलू उद्योग एवं व्यापार को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

डिजिटल तकनीक से विवाह अर्थव्यवस्था को मिल रहा है नया आयाम

'कैट' के राष्ट्रीय चेयरमैन बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि विवाह उद्योग भी तेजी से डिजिटल परिवर्तन को अपना रहा है। ऑनलाइन एवं आधुनिक डिजिटल निमंत्रण, डिजिटल भुगतान, एआई आधारित वेडिंग प्लानिंग, कस्टमाइज्ड गिफ्टिंग, डिजिटल फोटोग्राफी, सोशल मीडिया कंटेंट और पेशेवर वेडिंग प्लेटफॉर्म उद्यमिता एवं नवाचार के नए अवसर पैदा कर रहे हैं। पारंपरिक विवाह सेवाओं के साथ आधुनिक तकनीक का बढ़ता समन्वय इस क्षेत्र में कारोबार और रोजगार के नए रास्ते खोल रहा है।

₹7.50 ट्रिलियन का अनुमानित कारोबार खुदरा व्यापार, विनिर्माण, हॉस्पिटैलिटी, पर्यटन, परिवहन, खाद्य प्रसंस्करण और लॉजिस्टिक्स सहित अनेक क्षेत्रों में मांग को बढ़ावा देगा। इससे होने वाले व्यावसायिक लेन-देन के माध्यम से जीएसटी एवं अन्य लागू करों के रूप में सरकारी राजस्व में भी महत्वपूर्ण योगदान होगा।

अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक शादी अपने साथ आर्थिक अवसरों की एक पूरी श्रृंखला लेकर आती है। एक विवाह समारोह से आभूषण निर्माता, वस्त्र व्यापारी, मिठाई विक्रेता, डेकोरेटर, कैटरर्स, परिवहन व्यवसायी, होटल, फोटोग्राफर और सैकड़ों अन्य व्यवसायों को काम मिलता है। इसका लाभ छोटे शहरों, गांवों, थोक बाजारों और बड़े महानगरों तक पहुंचता है।

Ahmedabad Plane Crash की जांच में कितना काम बाकी? सुप्रीम कोर्ट को केंद्र ने दिया जवाब, जानें क्या कहा?

मुंबई में केट मिडलटन का रॉयल रेड अवतार! आखिरी दिन ब्रिटिश डिजाइनर की ड्रेस में ढाया कहर

पाकिस्तान से बातचीत पर राहुल गांधी का बड़ा बयान, आतंकवाद बंद होने तक कोई चर्चा संभव नहीं; BJP पर भी बोला हमला

Cyclone Akvan: कितने बजे और कहां तट से टकराएगा भीषण चक्रवाती तूफान 'अक्वान'? इन इलाकों में मचाएगा तबाही

कपिल शर्मा के शो में दिखेंगे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी! पहली बार कोई मौजूदा कैबिनेट मंत्री बनेगा मेहमान