Highlight:
TVS Apache RTR 125 LC को EICMA 2026 में पेश किया गया है।
इस बाइक में 125cc का 4-वॉल्व, लिक्विड-कूल्ड DOHC इंजन दिया गया है।
TVS ने इस मोटरसाइकिल को यूरोपीय A1 लाइसेंस कैटेगरी के राइडर्स के लिए पेश किया है।
TVS Apache RTR 125 LC Features: TVS Motor Company ने EICMA 2026 में अपनी नई बाइक TVS Apache RTR 125 LC को पेश किया है। बता दें कि यह 125cc सेगमेंट की स्ट्रीटफाइटर मोटरसाइकिल है जिसे खासतौर पर यूरोपीय बाजार के नए राइडर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। साथ ही कंपनी ने इसमें लिक्विड-कूल्ड इंजन के साथ प्रीमियम सस्पेंशन, दमदार ब्रेकिंग सिस्टम और कनेक्टेड टेक्नोलॉजी दी है। इसमें दिलचस्प बात यह है कि छोटी क्षमता वाली इस बाइक में ऐसे कई फीचर्स मिलते हैं जो आमतौर पर ज्यादा प्रीमियम मोटरसाइकिलों में देखने को मिलते हैं।
नई Apache RTR 125 LC के बारे में बताए तो इसमें 125cc का 4-वॉल्व, लिक्विड-कूल्ड DOHC इंजन दिया गया है। यह इंजन 9,000rpm पर 14.9 PS की पावर और 7,000rpm पर 12Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स और मल्टीप्लेट असिस्ट व स्लिपर क्लच मिलता है।
इसके साथ ही असिस्ट फीचर क्लच को दबाने में लगने वाली मेहनत कम करता है जबकि स्लिपर क्लच तेजी से गियर कम करते समय पिछले पहिये को फिसलने से बचाने में मदद करता है। इसमें राइडिंग मोड्स भी दिए गए हैं लेकिन कंपनी ने इनके नाम और सेटिंग्स की जानकारी नहीं दी है।
इस बाइक में TVS का Synchro Stiff ट्रेलिस फ्रेम दिया गया है। सस्पेंशन के लिए 41mm KYB USD फ्रंट फोर्क्स और एडजस्टेबल रियर मोनोशॉक मिलता है। ब्रेकिंग के लिए आगे 300mm डिस्क और पीछे 240mm डिस्क दी गई है। दोनों तरफ ByBre कैलिपर्स मिलते हैं। इसके साथ ड्यूल-चैनल ABS भी दिया गया है। वहीं बाइक में 17-इंच के अलॉय व्हील्स मिलते हैं। इनमें आगे 100/80-17 और पीछे 140/70-R17 रेडियल टायर लगाया गया है। यह सेटअप बाइक को बेहतर रोड ग्रिप देने के लिहाज से तैयार किया गया है।
Apache RTR 125 LC में 5-इंच की TFT इंस्ट्रूमेंट स्क्रीन दी गई है। इसमें Bluetooth कनेक्टिविटी, फुल-स्क्रीन मैप मिररिंग और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन का सपोर्ट मिलता है। यानी राइडर स्क्रीन पर रास्ते की जानकारी देख सकते हैं। वहीं इसके डिजाइन की बात करें तो बाइक में शार्प टैंक एक्सटेंशन, एक्सपोज्ड ट्रेलिस फ्रेम, LED प्रोजेक्टर हेडलैंप और LED टेललैंप दिए गए हैं। इसके अलावा LED इंडिकेटर्स और हैजार्ड लैंप भी मिलते हैं।
अभी के लिए TVS ने इस मोटरसाइकिल को यूरोपीय A1 लाइसेंस कैटेगरी के राइडर्स के लिए पेश किया है। कंपनी ने अभी इसकी भारतीय लॉन्चिंग, कीमत और बिक्री की तारीख का खुलासा नहीं किया है। इसके अलावा बाइक का वजन, सीट हाइट और फ्यूल टैंक क्षमता जैसी जानकारियां भी सामने नहीं आई हैं। इसलिए भारतीय बाजार में इसे खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों को कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।