

Highlight:
Hero Xpulse 450 को इटली में आयोजित EICMA 2026 में लॉन्च किया गया है।
इस बाइक में 421cc का लिक्विड-कूल्ड, 4-वॉल्व DOHC इंजन मिलता है।
इसमें Android Auto और Apple CarPlay इंटीग्रेशन भी मिलता है।
Hero New Adventure Bike: Hero MotoCorp ने इटली के मिलान में आयोजित EICMA 2026 में अपनी नई एडवेंचर मोटरसाइकिल Hero Xpulse 450 से पर्दा उठा दिया है। बता दें कि कंपनी की यह अब तक की सबसे पावरफुल मोटरसाइकिल है। इसमें 421cc का लिक्विड-कूल्ड इंजन, एडजस्टेबल सस्पेंशन और कई आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं। लेकिन Hero का यह ऐलान सिर्फ एक बाइक तक सीमित नहीं है। कंपनी ने इसी इवेंट में Harley-Davidson X350T, नए इलेक्ट्रिक व्हीकल और अपनी भविष्य की मोबिलिटी टेक्नोलॉजी भी पेश की है। इसके अलावा कंपनी के इलेक्ट्रिक ब्रांड VIDA ने यूरोप में अपना ऑपरेशन भी शुरू कर दिया है।
Hero Xpulse 450 के बारे में बताए तो इसको कंपनी ने अपनी नई एडवेंचर बाइक के रूप में पेश किया है। इसमें 421cc का लिक्विड-कूल्ड, 4-वॉल्व DOHC इंजन मिलता है, जो 9,100rpm पर 34.3kW की पावर और 7,500rpm पर 38Nm का टॉर्क जनरेट करता है।
इंजन के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स और असिस्ट व स्लिपर क्लच दिया गया है। बाइक में 43mm KYB USD फ्रंट सस्पेंशन मिलता है, जिसमें 225mm का ट्रैवल और कंप्रेशन व रिबाउंड एडजस्टमेंट की सुविधा है। जिसका सीधा मतलब है कि खराब रास्तों पर बाइक के सस्पेंशन को जरूरत के हिसाब से सेट किया जा सकता है। साथ ही इसमें Android Auto और Apple CarPlay इंटीग्रेशन भी मिलता है। जिसको लेकर कंपनी इसे अपनी कैटेगरी का पहला फीचर बता रही है। वहीं बाइक को भारतीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।
Hero ने Harley-Davidson X350T को भी शोकेस किया है। इसमें नया 350cc एयर-ऑयल कूल्ड इंजन मिलता है। बाइक में राइडिंग मोड्स, स्विचेबल ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसका डिजाइन फ्लैट-ट्रैक मोटरसाइकिलों से प्रेरित है। इसके अलावा कंपनी ने Hero Scrambler Concept और Hero Classic Concept भी पेश किए हैं जो भविष्य की प्रीमियम बाइक रेंज की झलक दिखाते हैं।
Hero के इलेक्ट्रिक ब्रांड VIDA ने पार्टनर Elektrorider के साथ यूरोप में ऑपरेशन शुरू करने का ऐलान किया है। कंपनी का डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर मॉडल 10 देशों में काम करेगा। साथ ही VIDA VX2 इलेक्ट्रिक स्कूटर में 140 किलोमीटर की दावा की गई WMTC रेंज और 90kmph की टॉप स्पीड मिलती है। वहीं DIRT.E K3 इलेक्ट्रिक ऑफ-रोड व्हीकल भी पेश किया गया है।
Hero ने Novus Labs नाम का नया इनोवेशन हब भी पेश किया है। इसका उद्देश्य भविष्य की जरूरतों के मुताबिक नए मोबिलिटी सॉल्यूशन तैयार करना है। यहां NEX 1 और NEX 2 के वर्किंग प्रोटोटाइप दिखाए गए। वहीं NEX 1 की दावा की गई रेंज 20 किलोमीटर और टॉप स्पीड 15kmph है। वहीं तीन पहियों वाले NEX 2 को 150 किलोमीटर से ज्यादा की संभावित रेंज के लक्ष्य के साथ विकसित किया जा रहा है।