Highlight:
Geely के Lynk & Co ने हाइब्रिड कार की सुरक्षा दिखाने के लिए अलग तरीका लाया है।
Lynk & Co 07 GT को पहाड़ी ढलान से नीचे गिराकर एक खतरनाक सेफ्टी डेमो किया।
कार 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा में उछली और जमीन पर गिरने के बाद छह बार पलटी।
Lynk & Co 07 GT Vial Video: कार की मजबूती और सेफ्टी जांचने के लिए आमतौर पर क्रैश टेस्ट किए जाते हैं लेकिन चीनी ऑटो कंपनी Geely के ब्रांड Lynk & Co ने अपनी हाइब्रिड कार की सुरक्षा दिखाने के लिए कुछ अलग ही तरीका अपनाया। बता दें कि कंपनी ने Lynk & Co 07 GT को पहाड़ी ढलान से नीचे गिराकर एक खतरनाक सेफ्टी डेमो किया। इस दौरान कार करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा में उछली और जमीन पर गिरने के बाद छह बार पलटी। हैरानी की बात यह रही कि आखिर में कार अपने पहियों पर आकर रुकी और उसके चारों दरवाजे भी खुल गए।
वहीं यह डेमो चीन के झांगजियाकोऊ में किया गया। सामने आए वीडियो में Lynk & Co 07 GT को पहले एक रैंप से हवा में उछलते और फिर ढलान पर कई बार पलटते देखा जा सकता है। इसकी रिपोर्ट्स में सामने आया है कि इस टेस्ट में कंपनी ने प्रोडक्शन मॉडल का इस्तेमाल किया था न कि किसी खास तौर पर तैयार प्रोटोटाइप का। वीडियो सामने आने के बाद यह स्टंट सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
इस डेमो की सबसे खास बात कार के दरवाजों का खुलना रहा। कंपनी ने बताया गया है कि छह बार पलटने के बाद भी चारों दरवाजे काम कर रहे थे। साइड कर्टन एयरबैग छह सेकंड से ज्यादा समय तक खुले रहे। वीडियो में विंडशील्ड और साइड की खिड़कियां भी सुरक्षित दिखाई देती हैं जबकि कांच की छत में दरार नजर आई। कंपनी का दावा है कि कार का केबिन काफी हद तक सुरक्षित रहा। लेकिन ये नतीजे कंपनी के अपने डेमो पर आधारित हैं।
Lynk & Co 07 GT एक प्लग-इन हाइब्रिड वैगन है। इसमें पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर का इस्तेमाल किया गया है। कंपनी से जुड़ी रिपोर्ट्स में बताया गया है कि इसका पावर आउटपुट 530 हॉर्सपावर तक है। Lynk & Co ने आधिकारिक तौर पर इस मॉडल को यूरोप में 2027 में पेश करने की योजना बताई है। यूरोप के लिए आने वाले वर्जन में स्थानीय बाजार और नियमों के हिसाब से बदलाव किए जाएंगे।
कंपनी ने इस डेमो को अपने 17 एक्सट्रीम सेफ्टी टेस्ट का हिस्सा बताया है। इसी टेस्ट सीरीज में Lynk & Co 900L SUV को 12 मीटर की ऊंचाई से गिराकर पलटने का परीक्षण भी किया गया। लेकिन यह समझना जरूरी है कि कंपनी का स्टंट किसी स्वतंत्र एजेंसी के मानकीकृत क्रैश टेस्ट का विकल्प नहीं है। कार की वास्तविक सुरक्षा का आकलन करने के लिए नियंत्रित परिस्थितियों में हुए स्वतंत्र परीक्षण और उनकी रेटिंग देखना ज्यादा उपयोगी होगा।