Highlight:
Green SM दिल्ली-NCR और हैदराबाद में अपनी सेवाएं दे रही है।
अब कंपनी की नजर चेन्नई और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों पर है।
भारत में शुरुआती पांच महीनों के दौरान उसने 15 लाख से ज्यादा राइड पूरी की हैं।
Green SM Electric Cab: भारत में कैब बुकिंग के लिए Ola और Uber जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल काफी आम हो गया है। वहीं अब इस बाजार में इलेक्ट्रिक कैब सर्विस देने वाली कंपनी Green SM अपना नेटवर्क बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी की योजना अपनी ऑल-इलेक्ट्रिक कैब सर्विस को छह भारतीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तक पहुंचाने की है। वैसे अभी के लिए Green SM दिल्ली-NCR और हैदराबाद में अपनी सेवाएं दे रही है। वहीं अब कंपनी की नजर चेन्नई और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों पर है। इस विस्तार से ग्राहकों को इलेक्ट्रिक कैब का विकल्प मिलने के साथ स्थानीय ड्राइवरों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।
Green SM ने जून 2026 में भारत में अपनी शुरुआत दिल्ली-NCR से की थी। कंपनी ने यहां VinFast Limo Green इलेक्ट्रिक गाड़ियों के साथ Green SM Limo सर्विस शुरू की। इसके बाद हैदराबाद में भी परिचालन शुरू किया गया। वहीं कंपनी का दावा है कि भारत में शुरुआती पांच महीनों के दौरान उसने 15 लाख से ज्यादा राइड पूरी की हैं। ऐसे में अब Green SM चेन्नई और बेंगलुरु में अपनी सेवाएं शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए कंपनी स्थानीय प्रशासन और पार्टनर्स के साथ मिलकर जरूरी परिचालन व्यवस्था तैयार कर रही है।
कंपनी ने बताया है कि उसे दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में एग्रीगेटर लाइसेंस मिल चुके हैं। इन अनुमतियों के आधार पर वह संबंधित राज्यों में ऐप के जरिए कैब सर्विस चला सकती है। लेकिन लाइसेंस मिलने का मतलब यह नहीं है कि सभी शहरों में सर्विस शुरू हो गई है। चेन्नई और बेंगलुरु में लॉन्च की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है। साथ ही Green SM का कहना है कि विस्तार के दौरान मौजूदा टैक्सी ड्राइवरों को भी अपने नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। कंपनी उन्हें ट्रेनिंग, बेहतर कमाई के अवसर और वेलफेयर सपोर्ट देने की योजना बना रही है।
Green SM ने उन रिपोर्ट्स को गलत बताया है जिनमें दावा किया गया था कि कंपनी 8 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से किराया लेती है। कंपनी ने बताया है हर शहर में स्थानीय परिवहन नियमों और सरकार द्वारा तय किराये का पालन किया जाएगा। ग्राहक बुकिंग कन्फर्म करने से पहले ऐप पर अपनी यात्रा का किराया देख सकेंगे।
Green SM की एंट्री से बेंगलुरु के कैब बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ने की उम्मीद है। लेकिन स्थानीय टैक्सी यूनियनों ने कंपनी की एंट्री पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इससे मौजूदा ड्राइवरों की कमाई प्रभावित हो सकती है। ऐसे में कंपनी के लिए नई इलेक्ट्रिक कैब सर्विस के साथ स्थानीय ड्राइवरों का भरोसा जीतना भी अहम होगा।