

Highlight:
यामाहा ने EICMA 2026 में Yamaha Xenter E इलेक्ट्रिक स्कूटर को पेश किया है।
इसकी एंट्री यूरोपीय बाजार में 2027 के वसंत में होने वाली है।
अभी के लिए भारत में Yamaha Xenter E को लाने की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
Yamaha Electric Scooter: इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए यामाहा ने एक नया मॉडल पेश किया है। बता दें कि कंपनी ने EICMA 2026 में अपना नया Yamaha Xenter E इलेक्ट्रिक स्कूटर दुनिया के सामने पेश किया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत 16 इंच के बड़े अलॉय व्हील्स और 108 किलोमीटर की क्लेम्ड रेंज है। वहीं कंपनी ने इसे खासतौर पर शहर में रोजाना सफर करने वाले लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया है। वैसे अभी के लिए इसकी एंट्री यूरोपीय बाजार में होगी जहां इसे 2027 के वसंत में बिक्री के लिए लाया जाएगा।
Yamaha Xenter E का डिजाइन कंपनी के दूसरे प्रीमियम स्कूटर्स से थोड़ा अलग है। इसमें ज्यादा दिखावे के बजाय उपयोगिता और आराम पर ध्यान दिया गया है। साथ ही स्कूटर में स्लिम बॉडी, अलग डिजाइन वाला फ्रंट एप्रन, कॉम्पैक्ट हेक्सागोनल हेडलैंप और वर्टिकल DRL दिया गया है। इसकी सबसे खास बात 16 इंच के फ्रंट और रियर अलॉय व्हील्स हैं। वहीं बड़े पहियों का फायदा खराब और ऊबड़-खाबड़ सड़कों पर बेहतर स्थिरता और आराम के रूप में मिल सकता है। इसमें 790mm की सीट हाइट भी दी गई है।
Yamaha Xenter E के बारे में बताए तो इसमें 3.5kWh की फिक्स्ड लिथियम-आयन बैटरी दी गई है। जिसको लेकर कंपनी का कहना है कि यह एक बार फुल चार्ज होने पर WMTC टेस्टिंग मोड में 108 किलोमीटर तक की रेंज दे सकती है। इसमें इलेक्ट्रिक मोटर करीब 10bhp की पावर और 33.3Nm का टॉर्क जनरेट करती है। साथ ही मोटर से पिछले पहिये तक पावर बेल्ट ड्राइव के जरिए पहुंचती है। स्कूटर में L-शेप वाली बैटरी लगाई गई है जिससे वजन को बेहतर तरीके से संतुलित करने के साथ फुटबोर्ड और सीट के नीचे सामान रखने की जगह बनाने में मदद मिलती है।
फीचर्स की बात करें तो इसमें फ्रंट और रियर डिस्क ब्रेक के साथ ABS मिलता है। सस्पेंशन के लिए आगे टेलीस्कोपिक फोर्क और पीछे डुअल शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं। इसमें S, T और E तीन राइडिंग मोड मिलते हैं। S मोड स्पोर्टी राइडिंग, T मोड रोजाना के सफर और E मोड ज्यादा रेंज पाने के लिए है। साथ ही रिजनरेटिव ब्रेकिंग भी मिलती है जो ब्रेक लगाने के दौरान कुछ ऊर्जा वापस बैटरी में भेजती है। इस स्कूटर में 5 इंच का TFT डिस्प्ले दिया गया है जिसमें नेविगेशन और स्मार्टफोन कनेक्टिविटी जैसे फीचर्स मिलते हैं। वहीं इसमें पार्किंग लोकेशन की जानकारी भी देखी जा सकती है।
यामाहा इस इलेक्ट्रिक स्कूटर का प्रोडक्शन वियतनाम में कर रही है। साथ ही कंपनी ने यूरोप में इसकी बिक्री 2027 के वसंत से शुरू करने की योजना बनाई है। इसके साथ एक पेट्रोल से चलने वाला XENTER कॉन्सेप्ट भी दिखाया गया है लेकिन उसके इंजन और लॉन्च से जुड़ी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। वहीं भारत में Yamaha Xenter E की लॉन्चिंग को लेकर भी कंपनी ने कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।