Highlight:
eNEG Mobility एक किफायती इलेक्ट्रिक टैक्सी विकसित कर रही है।
कंपनी का लक्ष्य इसकी शुरुआती कीमत 4.5 लाख रुपये रखना है।
कार फुल चार्ज होने पर 300 से 320 किलोमीटर तक की रेंज देने पर काम कर रही है।
eNEG Electric Taxi Price: भारत में इलेक्ट्रिक टैक्सी का बाजार जल्द एक नए विकल्प से गुलजार हो सकता है। जिसमें अहमदाबाद की EV स्टार्टअप कंपनी eNEG Mobility एक किफायती इलेक्ट्रिक टैक्सी विकसित कर रही है। वहीं कंपनी का लक्ष्य इसकी शुरुआती कीमत 4.5 लाख रुपये रखना है। जिसकी खास बात यह है कि कंपनी एक बार फुल चार्ज होने पर 300 से 320 किलोमीटर तक की रेंज देने का लक्ष्य लेकर चल रही है। लेकिन 4.5 लाख रुपये की कीमत में बैटरी शामिल नहीं होगी। बैटरी के साथ इसकी प्रस्तावित ऑन-रोड कीमत 6.49 लाख रुपये हो सकती है। ऐसे में आइए जानते हैं इस अपकमिंग इलेक्ट्रिक टैक्सी में क्या कुछ खास मिलने वाला है।
eNEG Mobility के बारे में बताए तो इस इलेक्ट्रिक कार को खासतौर पर कमर्शियल इस्तेमाल और टैक्सी ऑपरेटर्स की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार कर रही है। कंपनी इसे Battery-as-a-Service (BaaS) मॉडल के तहत पेश करने की योजना बना रही है। इस व्यवस्था में ग्राहक बैटरी खरीदे बिना 4.5 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर गाड़ी ले सकती है और बैटरी के लिए अलग से सब्सक्रिप्शन का विकल्प भी दिया जाएगा।
साथ ही बैटरी सहित इसकी प्रस्तावित ऑन-रोड कीमत 6.49 लाख रुपये बताई गई है। जिसको लेकर कंपनी का दावा है कि बैटरी सब्सक्रिप्शन का खर्च करीब 1 रुपये प्रति किलोमीटर हो सकता है। लेकिन इसकी अंतिम कीमत और सब्सक्रिप्शन की शर्तें अभी तय नहीं हुई हैं।
इस इलेक्ट्रिक टैक्सी में 30 से 32 kWh क्षमता का LFP बैटरी पैक दिया जा सकता है। जिसमें कंपनी एक बार चार्ज करने पर 300 से 320 किलोमीटर की रेंज हासिल करने का लक्ष्य रख रही है। इसमें 50kW यानी करीब 67hp की इलेक्ट्रिक मोटर मिलने की जानकारी है जो लगभग 150Nm टॉर्क जनरेट करती है।
कार की चार्जिंग की बात करें तो कंपनी का कहना है कि DC फास्ट चार्जर से बैटरी को 10 से 80 फीसदी तक चार्ज करने में करीब 27 मिनट लग सकते हैं। इसके अलावा कंपनी स्वैपेबल बैटरी विकल्प पर भी काम कर रही है जिसमें बैटरी बदलने का लक्ष्य करीब 7 मिनट रखा गया है।
eNEG की इस इलेक्ट्रिक टैक्सी को मिनी SUV के तौर पर विकसित किया जा रहा है। इसमें ड्राइवर समेत पांच लोगों के बैठने की क्षमता होगी। वहीं कंपनी इसे रियर-व्हील ड्राइव सेटअप और सिंगल-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ तैयार कर रही है। इसकी टॉप स्पीड करीब 80 किमी/घंटा रखने का लक्ष्य है।
कम शुरुआती कीमत और बैटरी सब्सक्रिप्शन का विकल्प इस इलेक्ट्रिक टैक्सी को छोटे फ्लीट ऑपरेटर्स के लिए आकर्षक बना सकता है। कंपनी इसमें GPS आधारित फ्लीट मैनेजमेंट, बैटरी हेल्थ मॉनिटरिंग और रूट ट्रैकिंग जैसे फीचर्स भी देने की योजना बना रही है। अभी के लिए यह इलेक्ट्रिक टैक्सी डेवलपमेंट स्टेज में है। इसकी लॉन्च डेट और अंतिम स्पेसिफिकेशन सामने नहीं आए हैं। इसलिए खरीदारी या कमाई से जुड़े फैसले लेने से पहले कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना जरूरी होगा