यूक्रेनी सैनिकों की मौत पर जेलेंस्की का बयान, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Russia Ukraine War News In Hindi: रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष ने अब तक की सबसे भयावह मानवीय त्रासदी में से एक को जन्म दिया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया है कि पिछले चार वर्षों से जारी रूसी आक्रमण में अब तक 55,000 यूक्रेनी सैनिक अपनी जान गंवा चुके हैं। जेलेंस्की ने यह जानकारी फ्रांसीसी टीवी चैनल ‘फ्रांस 2’ को दिए एक इंटरव्यू के दौरान साझा की।
जेलेंस्की ने बताया कि सैनिकों की मौत के अलावा युद्ध में बड़ी संख्या में लोग लापता भी हैं। गौर करने वाली बात यह है कि इससे पहले 2025 की शुरुआत में जेलेंस्की ने 46,000 सैनिकों की मौत का आंकड़ा साझा किया था जो अब बढ़कर 55,000 तक पहुंच गया है।
हालांकि, एक अमेरिकी थिंक टैंक ‘सेंटर फॉर स्ट्रेटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज’ (CSIS) का अनुमान इससे कहीं अधिक है जिसके अनुसार पिछले साल के अंत तक लगभग 1.4 लाख यूक्रेनी सैनिक मारे गए हो सकते हैं। इसी रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इसी अवधि के दौरान रूस ने भी अपने 3.25 लाख सैनिकों को खोया है।
सैनिकों के साथ-साथ नागरिक भी इस युद्ध की भारी कीमत चुका रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, दिसंबर तक लगभग 15,000 यूक्रेनी नागरिक मारे गए हैं और 40,000 से अधिक घायल हुए हैं। ‘ह्यूमन राइट्स वॉच’ की रिपोर्ट बताती है कि 2024 की तुलना में 2025 में नागरिक हताहतों की संख्या में 31% की वृद्धि हुई है। वर्तमान में, रूस ने यूक्रेन के पावर ग्रिड को निशाना बनाना तेज कर दिया है। हाल ही में कीव के ‘डारनिट्सिया थर्मल पावर प्लांट’ पर रूसी हमले को लातविया के राजदूत ने नरसंहार करार दिया है।
जंग के बीच राहत की एक किरण अबु धाबी से आई है जहां अमेरिका की मध्यस्थता में रूस और यूक्रेन के बीच दूसरे दौर की वार्ता हुई। इस बैठक में अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर भी शामिल थे। हालांकि कोई बड़ा समझौता नहीं हुआ लेकिन दोनों पक्ष 314 कैदियों की अदला-बदली पर सहमत हुए हैं जो पिछले पांच महीनों में पहला आदान-प्रदान है।
यह भी पढ़ें:- खैबर पख्तूनख्वा में आतंक से सहमी पाक सरकार; सीएम अफरीदी का बड़ा फैसला, प्रभावित इलाके बनेंगे ‘मॉडल जिले’
जमीनी हकीकत यह है कि युद्ध अब 1,000 किलोमीटर लंबी फ्रंट लाइन पर एक थका देने वाले मोड़ पर पहुंच गया है। रूस लगातार ड्रोन और मिसाइलों से हमला कर रहा है। ताजा जानकारी के अनुसार, रूस ने एक ही रात में यूक्रेन पर 183 ड्रोन और दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं जबकि यूक्रेन ने भी रूसी क्षेत्रों में 95 ड्रोन गिराने का दावा किया है। इसी बीच पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने भी कीव का दौरा कर अपनी एकजुटता दिखाई है।