अगर हम न होते तो आप... ट्रंप के सामने किंग चार्ल्स का तीखा पलटवार; व्हाइट हाउस में गूंजे ठहाके

Trump King Charles White House: व्हाइट हाउस डिनर के दौरान किंग चार्ल्स-III ने ट्रंप के पुराने बयान पर मजेदार लेकिन तीखा तंज कसा। उन्होंने इतिहास का हवाला देते हुए US-ब्रिटेन के रिश्तों पर बड़ी बात कही।
"If it weren't for us, you..." King Charles's sharp retort to Trump; laughter rings out in the White House.
किंग चार्ल्स-III और डोनाल्ड ट्रंप, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Trump King Charles White House Dinner French language: वॉशिंगटन में आयोजित एक भव्य व्हाइट हाउस डिनर के दौरान कूटनीति और इतिहास का एक अनोखा संगम देखने को मिला। मौका था यूनाइटेड किंगडम के किंग चार्ल्स-III और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात का, जहां किंग चार्ल्स ने अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में ट्रंप पर ऐसा तंज कसा कि पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा।

किंग चार्ल्स ने इतिहास की परतों को खोलते हुए ट्रंप से कहा कि यदि नॉर्थ अमेरिका में अंग्रेजों का हस्तक्षेप न होता, तो संभव है कि आज अमेरिकी नागरिक फ्रेंच भाषा बोल रहे होते।

ट्रंप के 'जर्मन' वाले बयान पर किंग का पलटवार

किंग चार्ल्स का यह बयान दरअसल डोनाल्ड ट्रंप की उस पुरानी टिप्पणी का जवाब माना जा रहा है जो उन्होंने इसी साल जनवरी में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की बैठक में की थी। तब ट्रंप ने कहा था कि यदि द्वितीय विश्व युद्ध में अमेरिका ने हस्तक्षेप न किया होता, तो आज यूरोपीय लोग जर्मन और थोड़ी जापानी भाषा बोल रहे होते। इसी का संदर्भ देते हुए किंग चार्ल्स ने पलटवार किया, 'मिस्टर प्रेसिडेंट, आपने हाल ही में टिप्पणी की थी कि यदि अमेरिका न होता तो यूरोपीय देश जर्मन बोल रहे होते। क्या मैं कह सकता हूं कि अगर हम न होते, तो आप फ्रेंच बोल रहे होते?'

इतिहास की कड़वाहट और आज की दोस्ती

किंग चार्ल्स का यह तंज उत्तरी अमेरिका में ब्रिटेन और फ्रांस के बीच हुए उपनिवेशकालीन संघर्ष की ओर एक स्पष्ट इशारा था। उस समय ये दोनों महाशक्तियां महाद्वीप पर अपना प्रभुत्व जमाने के लिए संघर्ष कर रही थीं। इतना ही नहीं, किंग चार्ल्स ने खुद पर और ब्रिटिश इतिहास पर भी चुटकी लेने से गुरेज नहीं किया। उन्होंने 1814 की उस घटना का जिक्र किया जब ब्रिटिश सैनिकों ने व्हाइट हाउस के कुछ हिस्सों को जला दिया था। उन्होंने इसे मजाकिया लहजे में 'व्हाइट हाउस के रियल एस्टेट का पुनर्विकास' करार दिया, जिस पर वहां मौजूद मेहमान अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

ट्रंप का जवाब और मजबूत होते रिश्ते

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी इस मजाकिया मुकाबले में पीछे नहीं रहे। उन्होंने किंग चार्ल्स द्वारा अमेरिकी कांग्रेस में दिए गए भाषण की तारीफ करते हुए चुटकी ली और कहा कि उन्होंने डेमोक्रेट्स को खड़ा कर दिया, मैं आज तक ऐसा कभी नहीं कर पाया।

हंसी-मजाक के इन पलों के बीच, किंग चार्ल्स ने अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ का भी जिक्र किया। उन्होंने गर्व से कहा कि दोनों देशों ने मिलकर मानव इतिहास के सबसे प्रभावशाली गठबंधनों में से एक का निर्माण किया है और समय के साथ यह रिश्ता और भी अटूट होता गया है।

यह डिनर ऐसे समय में हुआ जब दोनों नेता ईरान जैसे वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा कर रहे थे। हालांकि किंग के तंज में यूरोपीय सहयोगियों पर ट्रंप की हालिया टिप्पणियों का असर साफ दिखाई दिया, लेकिन अंततः दोनों नेताओं ने ब्रिटेन-अमेरिका के बीच 'विशेष संबंधों' की मजबूती पर ही जोर दिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com