सऊदी अरब पर हमले के बाद मचा हड़कंप, क्या ईरान की मिसाइलों की जद में आए भारतीय? जानिए दूतावास ने क्या कहा

Al Kharj Missile Attack: सऊदी अरब के अल खर्ज में हुए मिसाइल हमले में किसी भी भारतीय की जान नहीं गई है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने स्पष्ट किया कि हमले में केवल एक भारतीय घायल हुआ है।
Following the attack on Saudi Arabia, there was a stir. Did Iranian missiles hit Indians? Find out what the embassy said.
सऊदी अरब के अल खर्ज में हमला, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Iran War Latest News: मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी भीषण युद्ध की आग पड़ोसी देशों में जबरदस्त कहर ढा रही है। सोमवार को सऊदी अरब के अल खर्ज इलाके में एक कंपनी के आवासीय परिसर पर हुए मिसाइल हमले के बाद हड़कंप मच गया था।

शुरुआत में ऐसी खबरें आई थीं कि इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है, लेकिन रियाद में भारतीय दूतावास ने इन खबरों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि सभी भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं।

दूतावास ने जारी किया स्पष्टीकरण

रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि अल खर्ज की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में किसी भी भारतीय की जान नहीं गई है। दूतावास ने स्पष्ट किया कि सऊदी सिविल डिफेंस की अंतिम जांच के अनुसार, इस हमले में दो बांग्लादेशी नागरिकों की मौत हुई है। इसके अलावा 11 अन्य घायल भी बांग्लादेश से ही हैं। इस घटना में केवल एक भारतीय नागरिक घायल हुआ है, जिसका अल खर्ज के एक सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घायल भारतीय से मिले दूतावास अधिकारी

भारतीय दूतावास के काउंसलर (सामुदायिक कल्याण) वाई साबिर ने रविवार रात को ही अल खर्ज का दौरा किया और अस्पताल जाकर घायल भारतीय नागरिक से मुलाकात की। दूतावास लगातार सऊदी प्रशासन के संपर्क में है ताकि वहां रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

युद्ध का बढ़ता दायरा

गौरतलब है कि अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी से ईरान पर संयुक्त हमले शुरू किए थे, जिसके जवाब में ईरान अब पड़ोसी देशों में स्थित अमेरिकी एयरबेस और अन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है। ईरान की मिसाइलें अब सऊदी अरब के रिहायशी इलाकों में भी गिर रही हैं, जिससे वहां रह रहे लाखों भारतीयों के बीच चिंता बढ़ गई है।

खाड़ी क्षेत्र में फैलते इस युद्ध के कारण विमानन क्षेत्र पर भी असर पड़ा है सोमवार को दिल्ली से मैनचेस्टर जा रही एक इंडिगो फ्लाइट को ईरान के ऊपर हवाई क्षेत्र में युद्ध के खतरे के कारण टेकऑफ के 7 घंटे बाद वापस दिल्ली लौटना पड़ा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com