UAE में रह रहे भारतीयों के लिए जरूरी खबर… दूतावास ने जारी की नई सुरक्षा एडवाइजरी और सख्त नियम

Indian Citizens Safety: मिडिल-ईस्ट संकट के बीच भारतीय दूतावास ने UAE में रह रहे भारतीयों के लिए सुरक्षा निर्देश जारी किए, जिसमें फोटोग्राफी पर पाबंदी और अलर्ट के दौरान सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।
Important Advisory for Indians in UAE: Embassy Issues New Security Guidelines and Strict Rules
UAE में रह रहे भारतीयों के लिए दूतावास ने जारी की नई सुरक्षा एडवाइजरी और सख्त नियम (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

India UAE Security Advisory 2026: मिडिल-ईस्ट में बढ़ते तनाव और युद्ध के हालातों को देखते हुए भारत सरकार ने संयुक्त अरब अमीरात में रह रहे अपने लाखों नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई है। अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने 08 मार्च 2026 को एक विशेष एडवाइजरी जारी कर वहां रह रहे भारतीयों को सतर्क रहने और स्थानीय नियमों का पालन करने को कहा है। यह समय अपनी और अपनों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने का है क्योंकि युद्ध की विभीषिका में एक छोटी सी लापरवाही भी किसी बड़ी मुसीबत का सबब बन सकती है। दूतावास ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ स्थानीय प्रशासन सख्त कानूनी कार्रवाई कर सकता है इसलिए सावधानी ही असली बचाव है।

फोटोग्राफी और वीडियो पर सख्त पाबंदी

दूतावास ने सख्त हिदायत दी है कि किसी भी प्रतिबंधित क्षेत्र, एयरपोर्ट या संवेदनशील जगहों की फोटोग्राफी करना अब बहुत भारी पड़ सकता है। अगर कहीं कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी फोटो खींचने या वीडियो बनाने के बजाय अपनी जान बचाना पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि ऐसे प्रतिबंधित स्थानों पर कैमरा या मोबाइल इस्तेमाल करने वालों पर प्रशासन कड़ी कानूनी कार्रवाई करने को तैयार है।

अलर्ट बजते ही तुरंत लें सुरक्षित पनाह

जब भी किसी क्षेत्र में चेतावनी वाला सायरन या सुरक्षा अलर्ट सुनाई दे तो भारतीयों को बिना देरी किए सुरक्षित स्थानों पर चले जाना चाहिए। दूतावास ने विशेष सलाह दी है कि जब तक प्रशासन की ओर से अलर्ट को हटाया न जाए तब तक बाहर निकलने का जोखिम बिल्कुल न लें। ऐसी आपातकालीन स्थितियों में घबराने के बजाय धैर्य से काम लेना और सरकार के निर्देशों का ईमानदारी से पालन करना ही सबसे बेहतर तरीका है।

सोशल मीडिया के लिए विशेष हिदायत

आज के डिजिटल युग में किसी भी घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करना सामान्य है लेकिन इस संवेदनशील समय में इससे बचना चाहिए। हमलों में हुए नुकसान, छर्रों या संदिग्ध वस्तुओं की तस्वीरें इंटरनेट पर फैलाना सुरक्षा की दृष्टि से बेहद जोखिम भरा काम हो सकता है। भारतीयों को सुझाव दिया गया है कि वे ऐसी कोई भी जानकारी साझा न करें जिससे सुरक्षा व्यवस्था या शांति पर किसी प्रकार की आंच आए।

संदिग्ध वस्तुओं से रहें सावधान

अगर आपको अपने आस-पास कोई संदिग्ध वस्तु या युद्ध के दौरान गिरा हुआ मलबा दिखाई दे तो उसे भूलकर भी छूने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति में नागरिकों को चाहिए कि वे तुरंत स्थानीय पुलिस या संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें ताकि विशेषज्ञ उसे वहां से हटा सकें। अनजान चीजों से दूरी बनाकर रखना और प्रशासन का पूरा सहयोग करना ही इस कठिन समय में एक जिम्मेदार नागरिक की असली पहचान होती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com