ब्रिटिश राजशाही में हड़कंप! किंग चार्ल्स के भाई प्रिंस एंड्रयू गिरफ्तार, एपस्टीन केस में पुलिस का बड़ा एक्शन
Prince Andrew Arrested: ब्रिटेन के किंग चार्ल्स III के भाई प्रिंस एंड्रयू को जेफ्री एपस्टीन मामले में गोपनीय सरकारी दस्तावेज लीक करने और सार्वजनिक पद के दुरुपयोग के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
- Written By: अमन उपाध्याय
प्रिंस एंड्रयू, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Prince Andrew Epstein Case: ब्रिटिश राजशाही के लिए आज बुरी खबर सामने आई है। किंग चार्ल्स III के छोटे भाई और पूर्व प्रिंस एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि एंड्रयू की यह गिरफ्तारी 19 फरवरी, 2026 को उनके 66वें जन्मदिन के मौके पर हुई है। उन्हें पूर्वी इंग्लैंड के सैंड्रिंघम एस्टेट स्थित ‘वुड फार्म’ से हिरासत में लिया गया है।
8 सादे कपड़ों के जवानों ने की कार्रवाई
रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटेन की स्पेशल पुलिस के आठ जवान सादे कपड़ों में एंड्रयू को गिरफ्तार करने पहुंचे थे। थेम्स वैली पुलिस ने अपने आधिकारिक बयान में पुष्टि की है कि नॉरफ़ॉक के रहने वाले करीब 66 साल के एक व्यक्ति को ‘सार्वजनिक पद के गलत इस्तेमाल’ के संदेह में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस फिलहाल बर्कशायर और नॉरफ़ॉक में कई ठिकानों पर तलाशी अभियान भी चला रही है।
एपस्टीन को गोपनीय दस्तावेज देने का गंभीर आरोप
प्रिंस एंड्रयू पर आरोप है कि उन्होंने यौन शोषण के अपराधी रहे जेफ्री एपस्टीन को महत्वपूर्ण सरकारी और गोपनीय दस्तावेज मुहैया कराए थे। पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि आखिर कौन-कौन से संवेदनशील दस्तावेज एपस्टीन को दिए गए थे। गौरतलब है कि इन विवादों के चलते एंड्रयू ने अक्टूबर 2025 में अपनी प्रतिष्ठित ‘ड्यूक ऑफ यॉर्क’ की उपाधि छोड़ने का ऐलान कर दिया था।
सम्बंधित ख़बरें
कैमरे के सामने पहली बार आई BLA Female Commander, दुनिया को दी खुली चुनौती, वीडियो वायरल
Chemical Leak: कैलिफोर्निया में खतरनाक केमिकल का रिसाव, 40000 लोगों को शहर खाली करने का सख्त आदेश
Hamza Burhan Funeral: हमजा बुरहान के जनाजे में भारी हथियारों के साथ पहुंचा हिजबुल चीफ सलाउद्दीन
China Coal Mine Blast: चीन में कोयला खदान में विस्फोट से मचा हाहाकार, 82 लोगों ने गंवाई जान, कई अब भी लापता
विवादों से पुराना नाता
एंड्रयू स्वर्गीय क्वीन एलिजाबेथ-II और प्रिंस फिलिप की तीसरी संतान हैं और वर्तमान में ब्रिटिश सिंहासन के उत्तराधिकार में आठवें स्थान पर हैं। वह लंबे समय से जेफ्री एपस्टीन सेक्स स्कैंडल को लेकर विवादों में रहे हैं। वर्जिनिया गिफ्रे नामक महिला ने उन पर आरोप लगाया था कि जब वह नाबालिग थी तब एंड्रयू ने तीन बार उसका यौन शोषण किया। हालांकि एंड्रयू इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं लेकिन फरवरी 2022 में उन्होंने गिफ्रे के साथ कोर्ट के बाहर करीब 12 मिलियन यूरो का समझौता किया था।
यह भी पढ़ें:- रमजान के पहले ही दिन दहली कराची,भीषण धमाके में 16 की मौत; आखिर कैसे हुआ हादसा?
नौसेना से कूटनीति तक का सफर
एंड्रयू ने 22 साल रॉयल नेवी में बिताए और 1982 के फाल्कलैंड युद्ध में हेलीकॉप्टर पायलट के रूप में काम किया। बाद में उन्होंने यूके सरकार के लिए इंटरनेशनल ट्रेड एंड इनवेस्टमेंट के विशेष प्रतिनिधि के रूप में भी भूमिका निभाई। अब पुलिस जांच इस बात पर केंद्रित है कि क्या उन्होंने अपने इसी कूटनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल एपस्टीन की मदद के लिए किया था। फिलहाल एंड्रयू पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।
