
पाकिस्तानी हिंदुओं ने मनाई जमकर होली, सांकेतिक, फोटो ( सो. सोशल मीडिया )
नवभारत इंटरनेशनल डेस्क: पाकिस्तान के लाहौर स्थित कृष्ण मंदिर में हिंदू समुदाय ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हर्ष और उत्साह के साथ होली का पर्व मनाया। यह आयोजन‘इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड’ (ईटीपीबी) द्वारा आयोजित किया गया, जो देश में अल्पसंख्यकों के धार्मिक स्थलों के संरक्षण का कार्य करता है। इस अवसर पर मंदिर को रंगीन रोशनी से खूबसूरती से सजाया गया था, और पूरे परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर केक काटा गया और मेहमानों के बीच पारंपरिक मिठाइयां वितरित की गईं, साथ ही प्रसाद भी बांटा गया। महिलाओं ने विभिन्न गीतों पर नृत्य किया, खासकर अमिताभ बच्चन पर फिल्माए गए प्रसिद्ध गीत “रंग बरसे भीगे चुनरवाली” की धुन पर थिरकीं और एक-दूसरे को रंग लगाया। ईटीपीबी के अतिरिक्त सचिव सैफुल्लाह खोखर ने बताया कि अन्य मंदिरों में भी विशेष पूजा-अर्चना और होली समारोह आयोजित किए गए।
भारत में शुक्रवार को होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं और रंगों की मस्ती में डूबे नजर आए। कई प्रमुख शहरों में सुबह के समय मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहीं, जिन्हें दोपहर बाद पुनः शुरू किया गया। इस बार होली का त्योहार और रमजान महीने का दूसरा जुम्मा एक ही दिन पड़ा, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। देश के विभिन्न राज्यों में पुलिस बल तैनात किए गए और सतर्कता बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
विदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…
दिल्ली में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 25,000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। एक अधिकारी के अनुसार, पुलिस करीब 300 संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए कड़ी निगरानी रख रही है। होली और जुमे की नमाज एक ही दिन पड़ने के चलते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। इस बीच, उत्तर प्रदेश के संभल जिले में होली का पर्व परंपरागत उत्साह के साथ शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया।
वहीं, संभल शहर में होली के मौके पर पारंपरिक ‘चौपाई का जुलूस’ निकाला गया। अधिकारियों के अनुसार, पिछले साल 24 नवंबर को शाही जामा मस्जिद के सर्वेक्षण के बाद हुए दंगों के कारण शहर में अब भी तनाव जैसी स्थिति बनी हुई है। शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे मस्जिद में जुमे की नमाज अदा की गई। मस्जिद के सदर, जफर अली, ने पहले ही दोनों समुदायों से अपील की थी कि वे होली और नमाज को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं।






