पाकिस्तान में बड़ा ट्रेन हादसा, पंजाब प्रांत में ‘तेजगाम एक्सप्रेस’ की 7 बोगियां पटरी से उतरीं; 25 लोग घायल
Pakistan Train Accident: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार रात तेजगाम एक्सप्रेस के सात डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में 25 यात्री घायल हुए हैं और रेलवे ने जांच के आदेश दिए हैं।
- Written By: अमन उपाध्याय
पाकिस्तान में बड़ा ट्रेन हादसा, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Pakistan News In Hindi: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक भीषण रेल दुर्घटना सामने आई है, जिसने रेलवे प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार की देर रात लोधरान इलाके के पास ‘तेजगाम एक्सप्रेस’ के सात डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे में कम से कम 25 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। गनीमत रही कि इस बड़ी हादसे में अभी तक किसी की जान जाने की खबर नहीं है।
रात के अंधेरे में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, कराची की ओर जाने वाली तेजगाम एक्सप्रेस मंगलवार शाम को लाहौर रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी। रात करीब 9:30 बजे जब ट्रेन बहावलपुर-लोधरान सेक्शन पर आदम वहान रेलवे स्टेशन के पास पहुंची तो अचानक जोरदार झटके के साथ बोगियां पटरी से नीचे उतर गईं। हादसा इतना भीषण था कि सात डिब्बे पूरी तरह डिरेल हो गए और कुछ यात्री बोगियों के मलबे के बीच फंस गए।
दो हिस्सों में बंट गई ट्रेन
हादसे के तकनीकी कारणों की जांच कर रहे रेलवे अधिकारियों ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। बताया जा रहा है कि बोगियों के बीच लगे कपलर के अचानक टूट जाने की वजह से ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई थी। इसके बाद इंजन से जुड़ी सात बोगियां अनियंत्रित होकर पटरी से उतर गईं। रेलवे मंत्री हनीफ अब्बासी ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि प्राथमिक जांच में ‘मानवीय चूक’ और ‘यांत्रिक खराबी’ को इस हादसे का सबसे संभावित कारण माना जा रहा है।
सम्बंधित ख़बरें
Bangladesh Ram Temple: ‘राम मंदिर से दिक्कत क्या है?’ बांग्लादेश संसद में कट्टरपंथियों पर बरसे सांसद
Nepal Tea Dispute: सीमा पर फंसी 13 लाख किलो चाय, सख्त टेस्टिंग से नेपाली फैक्ट्रियों पर लगा ताला
Moscow Murder Case: मॉस्को में 3 बेडरूम फ्लैट के लिए कसाई बना भाई, बहन के टुकड़े कर टॉयलेट में बहाए
सिर्फ दो लोगों के नौकरी बदलने से ग्लोबल मार्केट में हड़कंप! हिल गए कई देशों के Share Market, जानें कौन हैं ये
राहत और बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही पंजाब इमरजेंसी विभाग की ‘रेस्क्यू 1122’ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव कर्मियों ने बोगियों में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। स्थानीय प्रशासन और लोधरान के डिप्टी कमिश्नर अब्दुल हाफिज ने पुष्टि की है कि घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है।
यह भी पढ़ें:- ट्रंप के आगे नहीं झुका ईरान, अमेरिकी युद्धपोत ‘अब्राहम लिंकन’ पर पर दागीं एंटी-शिप मिसाइलें; बैकफुट पर US नेवी
रेल यातायात प्रभावित
इस बड़ी रेल दुर्घटना के बाद लोधरान सेक्शन पर रेल यातायात को पूरी तरह से निलंबित कर दिया गया है। रेलवे अधिकारी युद्ध स्तर पर ट्रैक को साफ करने और बोगियों को हटाने के काम में जुटे हैं ताकि जल्द से जल्द ट्रेनों की आवाजाही बहाल की जा सके। यह दुर्घटना ऐसे समय में हुई है जब पाकिस्तान पहले से ही विभिन्न आंतरिक चुनौतियों और बुनियादी ढांचे की समस्याओं से जूझ रहा है।
