पाकिस्तान में बारिश बनी काल! पंजाब और KP में 17 की मौत, सड़कों पर सैलाब से जनजीवन ठप
Pakistan Rain Floods: पाकिस्तान के पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। अलग-अलग हादसों में कम से कम 17 लोगों की जान चली गई है।
- Written By: अमन उपाध्याय
बारिश ने पाकिस्तान में मचाई तबाही, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Pakistan Rain Floods Death Toll: पाकिस्तान में मानसून की मूसलाधार बारिश अब जानलेवा साबित हो रही है। देश के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा (KP) प्रांतों में भारी बरसात, मकान गिरने और अचानक आई बाढ़ के कारण पिछले कुछ दिनों में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई है। बुधवार, 22 जुलाई को सामने आई रिपोर्टों के अनुसार, मरने वालों में बड़ी संख्या बच्चों और महिलाओं की है, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं।
पंजाब प्रांत में मची भारी तबाही
पंजाब प्रांत के गुजरांवाला, नारोवाल, पाकपत्तन और लाहौर शहरों में बारिश ने सबसे ज्यादा कहर बरपाया है। अकेले गुजरांवाला शहर में ही 6 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें अधिकांश बच्चे शामिल हैं। यहां करीब 10 घंटे तक हुई निरंतर बारिश के बाद मुख्य सड़कें और रिहाइशी इलाके पानी में डूब गए।
गुजरांवाला में स्थिति तब और गंभीर हो गई जब जीटी रोड पर मेट्रो बस मार्ग निर्माण के लिए चल रही खुदाई के कारण सड़कों पर जलभराव और कीचड़ बढ़ गया, जिससे सामान्य जनजीवन और व्यावसायिक गतिविधियां पूरी तरह ठप हो गईं।
सम्बंधित ख़बरें
जापान में गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड! 40 डिग्री के पार पहुंचा पारा, पहली बार घोषित हुआ क्रूर गर्म दिन
Arrest Netanyahu: ममदानी का यू-टर्न, बोले- नेतन्याहू की गिरफ्तारी का हक सिर्फ अमेरिकी संघीय सरकार को
ईरान के साथ जंग में US ने बहाए 37.5 अरब डॉलर, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सीनेट में पेश किए चौंकाने वाले आंकड़े
मनीला में जुटे क्वाड देशों के विदेश मंत्री, हिंद-प्रशांत की सुरक्षा के लिए आसियान की भूमिका पर लगी मुहर
छत गिरने से हुई मौतें
मौतों का मुख्य कारण जर्जर मकानों की छत और दीवारें गिरना बताया जा रहा है। पाकपत्तन में एक घर की छत गिरने से दो नाबालिग बच्चों की जान चली गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं लाहौर के गुलशन-ए-रावी इलाके में एक फैक्ट्री की छत गिरने से चार मजदूर मलबे में दबकर घायल हो गए।
खैबर पख्तूनख्वा में बादल फटने का कहर
वहीं, पंजाब के अलावा खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में भी हालात बेहद नाजुक बने हुए हैं। सोमवार को खैबर, मर्दान और बाजौर जिलों में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ (Flash Floods) के कारण 9 लोगों की मौत हो गई।, बाढ़ के कारण मानसेहरा, एबटाबाद, चित्राल और शांगला जैसे जिलों में बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।
यहां पुल, सड़कें, बिजली के खंभे और संचार सेवाएं पूरी तरह बाधित हो गई हैं। खैबर जिले में बाढ़ के पानी में फंसे एक व्यक्ति का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जो मदद के लिए गुहार लगा रहा था, लेकिन पानी के तेज बहाव में वह बह गया।
अंतरराष्ट्रीय राजमार्ग बाधित
इतना ही नहीं, बाढ़ का असर पाकिस्तान-अफगानिस्तान राजमार्ग पर भी पड़ा है। नौ अलग-अलग स्थानों पर सड़क के जलमग्न होने के कारण यह मार्ग कई घंटों तक बंद रहा। लांडी कोटल इलाके में अफगान नागरिकों को ले जा रहा एक वाहन बाढ़ की चपेट में आ गया, हालांकि स्थानीय लोगों ने समय रहते मशक्कत कर उसमें सवार लोगों को सुरक्षित निकाल लिया।
यह भी पढ़ें:- जापान में गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड! 40 डिग्री के पार पहुंचा पारा, पहली बार घोषित हुआ क्रूर गर्म दिन
बारिश के कारण मछली फार्मों, बागानों और फसलों को भी बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को करारा झटका लगा है।
