कराची से लाहौर तक सड़कों पर उतरेंगे PTI कार्यकर्ता, इमरान खान की सेहत पर पाकिस्तान में आर-पार की जंग

Imran Khan Health Update:पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की दाईं आंख की 85% रोशनी जाने की रिपोर्ट के बाद पूरे देश में तनाव है। पीटीआई ने सड़कों पर उतरकर बड़े विरोध-प्रदर्शन का ऐलान किया है।
PTI workers will take to the streets from Karachi to Lahore, a bitter all-out war erupts in Pakistan over Imran Khan's health
सड़कों पर उतरेंगे PTI कार्यकर्ता, फोटो (सो.सोशल मीडिया)
Updated on

PTI Protests In Pakistan: पाकिस्तान की राजनीति में एक बार फिर जबरदस्त भूचाल आ गया है। पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान की सेहत को लेकर हुए एक चौंकाने वाले खुलासे ने देश भर में आक्रोश पैदा कर दिया है। जेल में बंद इमरान खान ने शिकायत की थी कि इलाज के बावजूद उनकी दाईं आंख में अब केवल 15 प्रतिशत रोशनी ही बची है यानी उनकी 85 प्रतिशत आंखों की रोशनी जा चुकी है।

कोर्ट की रिपोर्ट में गंभीर खुलासे

मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने इस पर संज्ञान लिया है। कोर्ट द्वारा नियुक्त वकील सलमान सफदर ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि इमरान खान पिछले कई महीनों से आंखों में धुंधलेपन की शिकायत कर रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर 2025 तक उनकी आंखों की रोशनी सामान्य थी लेकिन उसके बाद दाईं आंख की नजर अचानक गिरनी शुरू हो गई। जांच के दौरान पिम्स अस्पताल के एक विशेषज्ञ डॉक्टर ने पाया कि इमरान खान की आंख में खून का थक्का जमने के कारण इतना गंभीर नुकसान हुआ है।

पूरे पाकिस्तान में विरोध का बिगुल

इस खबर के बाहर आते ही इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है। पार्टी का कहना है कि यह प्रदर्शन इमरान खान की सेहत के साथ एकजुटता दिखाने और उनके साथ हो रहे 'अन्याय' के खिलाफ है। रावलपिंडी के फैजाबाद में दोपहर 2 बजे, कराची के मिलेनियम मॉल के पास शाम 7 बजे और लाहौर के जीपीओ चौक पर भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इसके अलावा खैबर पख्तूनख्वा में भी विरोध की लहर तेज है जहां स्वाबी के पास एम-1 मोटरवे और डेरा इस्माइल खान के भक्कर ब्रिज को प्रदर्शनकारियों ने निशाना बनाने की तैयारी की है।

सुप्रीम कोर्ट का कड़ा रुख

बढ़ते विवाद के बीच, सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि 16 फरवरी 2026 से पहले विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम इमरान खान की आंखों की विस्तृत जांच करेगी। पीटीआई कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जेल प्रशासन और सरकार इमरान खान को बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल रही है।

3 साल से जेल की सलाखों के पीछे

गौरतलब है कि इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं। उन्हें सरकारी गिफ्ट बेचने, सरकारी सीक्रेट लीक करने और भ्रष्टाचार के अन्य मामलों में 14 साल की सजा सुनाई जा चुकी है। उन पर अल-कादिर ट्रस्ट के जरिए सरकार की कीमती जमीन को सस्ते में बेचने के भी आरोप हैं। 9 मई 2023 को उनकी पहली गिरफ्तारी के बाद से ही पाकिस्तान में राजनीतिक अस्थिरता बनी हुई है और अब उनकी सेहत को लेकर हुए इस खुलासे ने आग में घी डालने का काम किया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com