अमेरिका में भारतीय छात्र लापता, घर के बाहर मिला पासपोर्ट और लैपटॉप; अनहोनी की आशंका से मचा हड़कंप

Saket Sreenivasaiah Berkeley: अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले में मास्टर्स कर रहे कर्नाटक के छात्र साकेत श्रीनिवासैया मंगलवार से लापता हैं। उनका सामान एक घर के बाहर मिला है।
Indian student missing in the US, passport and laptop found outside home; fears of something untoward have sparked panic
भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया अमेरिका में लापता, फोटो (सो.सोशल मीडिया)
Updated on

Indian Student Missing in US: अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे 22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। साकेत मूल रूप से भारत के कर्नाटक राज्य के रहने वाले हैं। इस घटना के बाद से वहां रह रहे भारतीय समुदाय और छात्र के परिवार में हड़कंप मच गया है।

IIT मद्रास के पूर्व छात्र हैं साकेत

साकेत श्रीनिवासैया एक मेधावी छात्र हैं जिन्होंने साल 2025 में IIT मद्रास से अपना बी.टेक पूरा किया था। वर्तमान में वे यूसी बर्कले के केमिकल एंड बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग विभाग में मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे थे। स्थानीय पुलिस और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, साकेत को आखिरी बार मंगलवार को ड्वाइट वे के 1700 ब्लॉक में देखा गया था जिसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला है।

संदिग्ध परिस्थितियों में मिला सामान

इस मामले ने तब और गंभीर मोड़ ले लिया जब 'द बर्कले स्कैनर' न्यूज पोर्टल ने रिपोर्ट किया कि साकेत का बैकपैक पार्क हिल्स इलाके में एक घर के दरवाजे पर लावारिस हालत में मिला है। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि उस बैग में साकेत का पासपोर्ट और लैपटॉप भी मौजूद था। आमतौर पर कोई भी छात्र अपना पासपोर्ट और कीमती लैपटॉप इस तरह छोड़कर नहीं जाता जिससे किसी अनहोनी की आशंका गहरा गई है।

पुलिस और भारतीय दूतावास की कार्रवाई

सैन फ्रांसिस्को में स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि वे साकेत के परिवार के निरंतर संपर्क में हैं और छात्र की सुरक्षित वापसी के लिए स्थानीय अमेरिकी अधिकारियों और पुलिस के साथ समन्वय कर रहे हैं। बता दें कि बर्कले पुलिस ने साकेत को 'एट-रिस्क' श्रेणी में रखा है।

पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, साकेत की लंबाई लगभग 6 फीट 1 इंच है, वजन करीब 73 किलोग्राम है और उनकी आंखें भूरी व बाल छोटे काले हैं। वर्तमान में तलाशी अभियान लेक अंजा और टिल्डेन रीजनल पार्क के आसपास केंद्रित है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी के पास भी साकेत के बारे में कोई जानकारी हो तो वह तुरंत स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसी को सूचित करे।

Navbharat Live
navbharatlive.com