पाकिस्तान ने अहमदिया मुसलमानों पर फिर ढाया सितम, 70 साल पुराने इबादतगाह जमींदोज

पंजाब प्रांत के गुजरांवाला में पुलिस ने चरमपंथी दबाव में 70 साल पुराने अहमदिया इबादत स्थल और कब्रों को ध्वस्त किया, जिसे जमात-ए-अहमदिया ने अवैध और निंदनीय कार्रवाई बताया।
पाकिस्तान ने अहमदिया मुसलमानों पर फिर ढाया सितम, 70 साल पुराने इबादतगाह जमींदोज
सांकेतिक तस्वीर
Published on: 
Updated on: 

Lahore: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पुलिस ने अल्पसंख्यक अहमदिया समुदाय के एक 70 साल पुराने इबादत स्थल को ध्वस्त कर दिया है। इस घटना की जानकारी बुधवार को समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन जमात-ए-अहमदिया पाकिस्तान (जेएपी) ने एक बयान के माध्यम से दी। 

जेएपी ने बयान में कहा गया,  चरमपंथियों के दबाव में पुलिस ने न केवल 70 साल पुराने अहमदिया इबादतगाह ‘मेहराब’ को गिरा दिया, बल्कि दो कब्रों पर लगे पत्थरों को भी तोड़कर नुकसान पहुंचाया। यह घटना लाहौर से करीब 80 किलोमीटर दूर स्थित गुजरांवाला जिले के बुटाला शर्म सिंह गांव में हुई, जहां स्थानीय प्रशासन ने कथित तौर पर कट्टरपंथी ताकतों के दबाव में आकर यह कार्रवाई की।

कब्रों को भी पहुंचाया नुकसान

जानकारी के अनुसार, अहमदिया इबादत स्थल को गिराने की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पास के कब्रिस्तान में भी प्रवेश किया और दो कब्रों के पत्थर तोड़ दिए, जिन पर शिलालेख अंकित थे। संगठन के प्रवक्ता अमीर महमूद ने इस कार्रवाई को ‘अवैध’ करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने लगभग 70 साल पुराने अहमदिया पूजा स्थल में अनुचित रूप से तोड़फोड़ की है। प्रवक्ता ने यह भी कहा कि पुलिस का कर्तव्य है कि वह सभी नागरिकों की जान, माल और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करे, चाहे उनकी आस्था कोई भी हो। उन्होंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से इस घटना का तुरंत संज्ञान लेने और दोषियों को कानून के तहत जवाबदेह ठहराने की मांग की, ताकि इबादत स्थल और अहमदी कब्रों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई हो सके।

पाकिस्तान सरकार मानती मुस्लिम

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में स्थित अहमदिया समुदाय को उनके इबादतगाह के इबादत कक्ष और कब्रों से इस्लामी आयतें हटाने को कहा गया था, क्योंकि उन पर कुरान की आयतें लिखी हुई थीं। अधिकारी के अनुसार, कई स्थानीय निवासियों ने भी इस पर आपत्ति जताई थी कि अहमदिया इबादतगाह और कब्रों पर इस्लामी आयतें अंकित हैं।

अधिकारी ने आगे कहा, “जब अहमदिया समुदाय ने निर्देश का पालन नहीं किया, तो पुलिस ने खुद कार्रवाई की।” उल्लेखनीय है कि अहमदिया समुदाय स्वयं को मुस्लिम मानता है, लेकिन 1974 में पाकिस्तान की संसद ने उन्हें आधिकारिक रूप से गैर-मुस्लिम घोषित कर दिया था। 

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com