

Ohio Temple Attack FBI Investigation: अमेरिका के ओहायो राज्य के रिचमंड हाइट्स में एक हिंदू मंदिर पर हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात हमलावरों ने दोपहर करीब 1:30 बजे श्री स्वामीनारायण वड़ताल धाम मंदिर पर ईंटें फेंककर भारी तोड़फोड़ की।
हमले के समय मंदिर के भीतर पुजारी और श्रद्धालु मौजूद थे, हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) ने इस घटना की जानकारी FBI की सिविल राइट्स यूनिट को दी है।
यह हमला महात्मा गांधी की जयंती और ओहायो में घोषित 'हिंदू हेरिटेज मंथ' की शुरुआत के दिन हुआ। नवरात्रि उत्सव से ठीक पहले हुए इस हमले से अमेरिका में रहने वाले हिंदू समुदाय में गहरा रोष व्याप्त है।
ग्रेटर क्लीवलैंड इलाके के रिचमंड हाइट्स में स्थित श्री स्वामीनारायण वड़ताल धाम हिंदू मंदिर को निशाना बनाया गया। शुक्रवार दोपहर लगभग 1:30 बजे असामाजिक तत्वों ने मंदिर पर ईंटें फेंकीं, जिससे खिड़कियों और दरवाजों के शीशे टूट गए।
हमले के वक्त मंदिर परिसर में पुजारी और कई भक्त मौजूद थे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सूचित किया गया। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने बताया कि मंदिर परिसर का सर्विलांस वीडियो उपलब्ध है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
FBI की सिविल राइट्स यूनिट को भी मामले की जांच में शामिल किया गया है। संस्था ने मंदिर पदाधिकारियों से संपर्क कर उन्हें पूरी सहायता का आश्वासन दिया है। अधिकारियों अनुसार संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन की कार्यकारी निदेशक सुहाग शुक्ला ने कहा कि ऑनलाइन फैलाई जा रही नफरत अब वास्तविक दुनिया में मंदिर हमले के रूप में सामने आ रही है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से हिंदू समुदाय के खिलाफ नफरती बयानबाजी की सार्वजनिक रूप से निंदा करने की अपील की।
HAF ने कहा कि नफरती अपराधों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाना अनिवार्य है। कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका (CoHNA) ने भी घटना पर कड़ा विरोध व्यक्त किया है।
संगठन ने रिचमंड हाइट्स की मेयर किम थॉमस और नगर अधिकारियों से हमले की निंदा करने की मांग की है। कोहना ने अमेरिका में हिंदुओं के खिलाफ बढ़ती कट्टरता पर चिंता जताते हुए हमलावरों के खिलाफ तुरंत और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
हिंदू संगठनों अनुसार अमेरिका में पिछले कुछ वर्षों दौरान हिंदू मंदिरों को निशाना बनाने की घटनाएं बढ़ी हैं। अगस्त 2022 में न्यूयॉर्क के क्वींस स्थित श्री तुलसी मंदिर में महात्मा गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया था।
वहीं दिसंबर 2023 में कैलिफोर्निया के नेवार्क स्थित स्वामीनारायण मंदिर पर आपत्तिजनक नारे लिखे गए थे। सितंबर 2024 में मेलविल, न्यूयॉर्क और सैक्रामेंटो, कैलिफोर्निया के बीएपीएस (BAPS) मंदिरों में भी तोड़फोड़ हुई थी।
इसके बाद मार्च 2025 में कैलिफोर्निया के चिनो हिल्स स्थित मंदिर परिसर में नफरती संदेश लिखे गए थे। हिंदू समुदाय ने सरकार से सभी धार्मिक स्थलों को कड़ी सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।