मृतक निकिता गोदिशाला (सोर्स- सोसल मीडिया)
Nikitha Godishala Murder Case: अमेरिका में नव वर्ष की पूर्व संध्या से लापता भारतीय युवती निकिता गोदिशाला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 27 वर्षीय निकिता पेशे से डेटा और स्ट्रेटेजी एनालिस्ट थीं, 31 दिसंबर को आखिरी बार अपने पूर्व प्रेमी अर्जुन शर्मा के अपार्टमेंट में देखी गई थीं। पुलिस ने बताया कि निकिता के शव पर चाकू से वार के कई निशान पाए गए।
पुलिस का मानना है कि अर्जुन शर्मा ने ही उसकी हत्या की है, और फिर पकड़े जाने के डर से अमेरिका छोड़कर भारत भाग गया है। पुलिस अर्जुन के खिलाफ और सबूत इकठ्ठा करने में जुटी है, साथ ही उसके अर्जुन की गिरफ्तारी के लिए वारंट भी जारी कर दिया है।
2 जनवरी को अर्जुन शर्मा ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि निकिता लापता हैं, और बताया था कि उसने उसे आखिरी बार 31 दिसंबर को अपने अपार्टमेंट में देखा था। इसके बाद, 3 जनवरी को पुलिस ने अर्जुन के अपार्टमेंट में छापा मारा और वहां निकिता का शव पाया, जिस पर कई घाव थे। पुलिस का मानना है कि अर्जुन शर्मा ने 31 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे निकिता की हत्या कर दी और इसके बाद वह उसी दिन भारत भाग गया।
पुलिस के मुताबिक, अर्जुन शर्मा ने हत्या की वारदात के बाद भारत जाने की योजना बनाई थी, और वह जब पुलिस में शिकायत करने आया था, उसी दिन उसने अमेरिका छोड़ने का मन बना लिया था। अब जांचकर्ताओं का ध्यान इस पर है कि हत्या का असल कारण क्या था, क्योंकि अभी तक इसका मकसद सामने नहीं आया है।
भारतीय दूतावास ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह निकिता के परिवार के संपर्क में है और उन्हें हर तरह की कांसुलर सहायता प्रदान कर रहा है। इसके अलावा, दूतावास स्थानीय पुलिस के साथ भी मिलकर मामले की जांच में सहयोग कर रहा है।
यह भी पढ़ें: तांत्रिकों ने पहले ही कर दी थी भविष्यवाणी…मादुरो का पतन तय, खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
वहीं, हॉवर्ड काउंटी पुलिस ने बताया कि हत्या के आरोपी अर्जुन शर्मा का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के लिए वे अब संघीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। यह घटना मीडिया में खूब चर्चा का विषय बनी हुई है, और अधिकारियों ने अपील की है कि जो भी जानकारी इस मामले में हो, वह पुलिस के साथ साझा की जाए।