कुदरत के कहर कांपा चीन, बीजिंग में 30 की मौत से मची चीख-पुकार, हालात बेकाबू

China Flood News:चीन की राजधानी बीजिंग में पिछले कई दिनों से हो रही मूसलधार बारिश और बाढ़ ने तबाही मचा दी है। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 30 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 80,000 से अधिक लोगों को...
कुदरत के कहर कांपा चीन, बीजिंग में 30 की मौत से मची चीख-पुकार, हालात बेकाबू
कुदरत के कहर से बीजिंग में 30 की मौत, फोटो (सो.सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

China Flood News In Hindi: चीन की राजधानी बीजिंग में हाल ही में आई भयंकर बाढ़ और लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कम से कम 30 लोगों की जान चली गई है। यह जानकारी चीन के सरकारी मीडिया ने दी है। रिपोर्ट के अनुसार, बीजिंग के उत्तरी हिस्सों में कई दिनों से जारी भारी वर्षा के कारण व्यापक तबाही हुई है।

इस आपदा के चलते अब तक 80,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा चुका है। कई सड़कों को भारी नुकसान पहुंचा है और 136 गांवों में बिजली की आपूर्ति ठप हो गई है। प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्यों को गति देने में जुटा है, लेकिन खराब मौसम के कारण हालात अभी भी बेहद चिंताजनक बने हुए हैं।

लोगों को सावधान रहने की चेतावनी

अधिकारियों ने बताया कि मियुन जिले के एक जलाशय से पानी छोड़ा गया है जो 1959 में बनने के बाद से अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया था। उन्होंने नदियों के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधान रहने की चेतावनी दी, क्योंकि नदियों का जलस्तर बढ़ गया था और आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना थी। हेबेई प्रांत के लुआनपिंग काउंटी से सटे मियुन में आई भीषण बाढ़ के कारण कई वाहन बह गए और बिजली के खंभे धराशायी हो गए।

लापता लोगों की तलाश जारी

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बीजिंग और उसके आसपास के क्षेत्रों में आई प्राकृतिक आपदा की जानकारी ली है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे लापता लोगों की तलाश और राहत कार्य तेजी से करें, विस्थापित हुए लोगों को उचित व्यवस्था प्रदान करें और मरने वालों की संख्या को कम करने के लिए हर संभव प्रयास करें।

दस हज़ार लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया

शिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, चीन के तियानजिन शहर के पास स्थित जिझोउ जिले से लगभग दस हज़ार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। हालात को देखते हुए बीजिंग प्रशासन ने सोमवार रात 8 बजे उच्चस्तरीय आपातकालीन प्रतिक्रिया लागू की। इसके तहत लोगों को घरों में रहने, शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने, निर्माण कार्यों को रोकने और आपातकाल खत्म होने तक बाहर के पर्यटन व अन्य गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com