मॉस्को ड्रोन हमले में एक भारतीय की मौत, दूतावास ने कहा- घायलों दी जा रही है हर संभव मदद

Moscow Drone Attack: रूस की राजधानी मास्को में हुए ड्रोन हमलों में 1 भारतीय श्रमिक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। भारतीय दूतावास प्रभावित परिवारों की मदद के लिए स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है।
Indian National Dies in Moscow Drone Attack; Embassy States: "Every Possible Assistance Being Provided to the Injured"
मास्को में ड्रोन हमला फोटो (सो. IANS)
Updated on

Moscow Drone Attack Indian Worker Death: रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा भीषण युद्ध अब उन निर्दोष विदेशी नागरिकों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है जो वहां रोजगार की तलाश में गए हैं। रविवार को रूस की राजधानी मास्को में हुए एक ड्रोन हमले में एक भारतीय श्रमिक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना ने रूस में रह रहे भारतीय समुदाय और उनके परिजनों के बीच सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा कर दी है।

भारतीय दूतावास की कार्रवाई

रूस में स्थित भारतीय दूतावास ने इस दुखद घटना की आधिकारिक पुष्टि की है। दूतावास के अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही हमले और भारतीय नागरिकों के हताहत होने की खबर मिलते ही मिशन के उच्चाधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और उसके बाद अस्पताल जाकर भर्ती भारतीय नागरिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना साथ ही उनको हर संभव मदद दी जा रही है।

भारतीय मिशन ने मृतक के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है और कहा है कि वे स्थानीय प्रशासन तथा संबंधित कंपनी के साथ संपर्क में हैं ताकि प्रभावित लोगों को हर जरूरी मदद सुनिश्चित की जा सके।

कुल तीन लोगों की मौत

रूसी अधिकारियों के अनुसार, यह ड्रोन हमला बड़े स्तर पर था और इसमें केवल भारतीय ही नहीं बल्कि अन्य लोग भी हताहत हुए हैं। रातभर चले इन हमलों में कुल तीन लोगों की मौत हुई है और 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मास्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि हालांकि हमले के दौरान शहर की तेल रिफाइनरी सुरक्षित रही, लेकिन कुछ रिहायशी इमारतों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। वहीं, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उनकी वायु रक्षा प्रणालियों ने पिछले 24 घंटों के भीतर मास्को सहित देश के कई हिस्सों में 500 से अधिक यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराया है।

जेलेंस्की का कड़ा संदेश

इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने मास्को क्षेत्र पर हुए इन हमलों को रूस की सैन्य कार्रवाई का सीधा जवाब बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा कि यूक्रेन अपने शहरों पर हो रहे हमलों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई कर रहा है और यह पूरी तरह से जायज है। जेलेंस्की ने आगे कहा कि यूक्रेन के लंबी दूरी के ड्रोन अब मास्को तक पहुंच रहे हैं और उन्होंने रूस को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें यह युद्ध अब समाप्त कर देना चाहिए।

मदद के लिए कूटनीतिक प्रयास

भारतीय दूतावास वर्तमान में घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा उपचार दिलाने और मृतक के परिजनों को कानूनी व अन्य सहायता प्रदान करने में जुटा है। स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर दूतावास यह सुनिश्चित कर रहा है कि स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जाए और वहां मौजूद अन्य भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। यह घटना वैश्विक समुदाय को एक बार फिर युद्ध के कारण होने वाले मानवीय नुकसान की भयावहता की याद दिलाती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com