जर्मनीः क्रिसमस मार्केट हमले में 7 भारतीय घायल, भारत ने की कड़ी निंदा, मरने वालों की संख्या हुई पांच
Germany: भारत ने जर्मनी के मैगडेबर्ग में हुए इस हमले की कड़ी निंदा की है। इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। इसके अलावा हादसे में 7 भारतीय नागरिक भी घायल हो गए हैं।
- Written By: अमन उपाध्याय
घटनास्थल की तस्वीर
बर्लिनः जर्मनी के मैगडेबर्ग शहर में शुक्रवार शाम एक क्रिसमस बाजार में हुए कार हमले में पांच लोगों की मृत्यु हो गई और 200 से अधिक घायल हो गए। घायलों में सात भारतीय नागरिक भी शामिल हैं, जिनमें से तीन को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
हमलावर की पहचान सऊदी अरब मूल के 50 वर्षीय डॉक्टर तालेब ए. के रूप में हुई है, जो 2006 से जर्मनी में रह रहा है। घटना के बाद आरोपी तालेब ए. को घटनास्थल पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। राज्य के प्रीमियर रीनर हसेलॉफ के अनुसार, तालेब सैक्सोनी-अनहाल्ट में काम कर रहा था। यह हमला उस समय हुआ जब एक काली बीएमडब्ल्यू कार भीड़भाड़ वाले क्रिसमस बाजार में घुस गई, जहां लोग त्योहार की खरीदारी में व्यस्त थे।
हमले की कड़ी निंदा
भारत ने जर्मनी के मैगडेबर्ग में हुए इस हमले की कड़ी निंदा की है। एक बयान में कहा गया, “हम जर्मनी के मैगडेबर्ग में क्रिसमस बाजार में हुए भयानक और संवेदनहीन हमले की निंदा करते हैं। इस हादसे में कई बहुमूल्य जानें चली गईं और कई घायल हो गए। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों के साथ हैं। हम घायल भारतीयों और उनके परिवारों के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।”
सम्बंधित ख़बरें
पालक मंत्री बावनकुले की चेतावनी, बिजली कटौती पर प्रशासन जिम्मेदार, ‘पाणंद’ रास्तों की गुणवत्ता से समझौता नहीं
रूस से भारत आ रहा ‘अभेद्य’ S-400 मिसाइल सिस्टम, राजस्थान बॉर्डर पर होगी तैनाती! दुश्मन की हर हरकत पर रहेगी नजर
जामखेड पंचायत समिति मीटिंग में विकास कार्यों पर फोकस, रोहित पवार का अधिकारियों से जवाब-तलब
‘तू दो कौड़ी की कर्मचारी, मैं IAS अधिकारी हूं, जिससे शिकायत करनी हो कर दे’
2016 के बर्लिन हमले की यादें ताजा
इस हमले ने 2016 में बर्लिन के क्रिसमस बाजार में हुए हमले की यादें ताजा कर दी हैं, जब एक ट्रक को भीड़ में घुसा दिया गया था, जिसमें 12 लोग मारे गए थे और 70 से अधिक घायल हुए थे। घटना के बाद हमलावर इटली भाग गया था, जहां बाद में पुलिस ने उसे गोली मार दी थी। हाल की घटना के बाद, न्यूयॉर्क पुलिस विभाग (NYPD) ने अपने शहर के हॉलिडे बाजारों में सुरक्षा बढ़ा दी है, ताकि ऐसे किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके।
जर्मनी के चांसलर ने संवेदनाएं व्यक्त की
जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज़ ने इस हमले को “भयानक कृत्य” करार देते हुए पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने मैगडेबर्ग में एक चर्च के बाहर पीड़ितों की स्मृति में सफेद गुलाब अर्पित किया। आपको बता दें कि लगभग 237,000 की आबादी वाला जर्मनी का मैगडेबर्ग शहर, बर्लिन से लगभग 150 किलोमीटर पश्चिम में सैक्सोनी-एनहाल्ट में स्थित है।
