एपस्टीन फाइल्स, सांकेतिक फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Epstein Files Latest Hindi News: कुख्यात यौन ट्रैफिकिंग स्कैंडल के केंद्र में रहे जेफरी एपस्टीन की मौत के बाद अब उसकी गुप्त फाइलों ने दुनिया भर के राजनीतिक गलियारों में तहलका मचा दिया है। इन फाइलों में कई हाई-प्रोफाइल हस्तियों और दुनिया के शक्तिशाली नेताओं के नाम सामने आने के बाद अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस और नॉर्वे जैसे देशों में इस्तीफों की झड़ी लग गई है। जांच के दायरे में आए बड़े पदों पर बैठे लोगों के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ा राजनीतिक संकट खड़ा हो गया है।
एपस्टीन फाइल्स के खुलासे का सबसे बड़ा असर ब्रिटेन में देखने को मिला है। पूर्व ब्रिटिश राजदूत और हाउस ऑफ लॉर्ड्स के सदस्य पीटर मेंडेलसन ने लेबर पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। दस्तावेजों से पता चला कि एपस्टीन ने मेंडेलसन से जुड़े खातों में तीन बार में कुल 75,000 डॉलर का भुगतान किया था।
इसके साथ ही, ब्रिटिश प्रधानमंत्री के चीफ ऑफ स्टाफ मॉर्गन मैकस्वीनी को भी अपने पद से हाथ धोना पड़ा है। मैकस्वीनी ने मेंडेलसन को अमेरिका में राजदूत बनाने की सलाह दी थी जिसे अब उन्होंने एक बड़ी गलती मानते हुए इस्तीफा दे दिया है। उधर, शाही परिवार के पूर्व प्रिंस एंड्र्यू पर भी अमेरिकी कांग्रेस के सामने गवाही देने का दबाव बढ़ गया है।
फ्रांस में पूर्व संस्कृति मंत्री जैक लैंग ने अरब वर्ल्ड इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है क्योंकि फाइलों में उनका नाम 670 से अधिक बार आया है। उनके खिलाफ अब वित्तीय जांच भी शुरू कर दी गई है। दिलचस्प बात यह है कि उनकी बेटी कैरोलाइन लैंग ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
यह भी पढ़ें:- बांग्लादेश चुनाव: क्या पैसों का खेल बनकर रह गया है लोकतंत्र? ढाका से दिग्गज उम्मीदवार ने छोड़ा मैदान
नॉर्वे में हालात और ज्यादा बिगड़ते नजर आ रहे हैं। देश के पूर्व प्रधानमंत्री थोर्बजोर्न जैगलैंड के खिलाफ भ्रष्टाचार के शक में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जैगलैंड, जो पहले नोबेल शांति पुरस्कार समिति के अध्यक्ष भी रह चुके हैं उनके और एपस्टीन के बीच कई ईमेल सामने आए हैं। इसी बीच जॉर्डन में तैनात नॉर्वे के राजदूत ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है जबकि वरिष्ठ राजनयिक मोना जुल को निलंबित कर दिया गया है।
यह सिलसिला यहीं नहीं थमा। अमेरिका में प्रमुख लॉ फर्म ‘पॉल, वीस’ के चेयरमैन ब्रैड कार्प ने एपस्टीन के साथ अपने संपर्कों के खुलासे के बाद इस्तीफा दे दिया। स्लोवाकिया के पूर्व विदेश मंत्री मिरोस्लाव लाजकाक ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार पद से और स्वीडन में UNHCR की अध्यक्ष जोआना रुबिनस्टीन ने भी अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। यह पूरी फाइलें दिखाती हैं कि एपस्टीन का प्रभाव दुनिया के सबसे शक्तिशाली लोगों के बीच कितना गहरा था और अब यही प्रभाव उनकी राजनीति को खत्म कर रहा है।