बांग्लादेश चुनाव: हिंसा और बम धमाकों के बीच मतदान खत्म, काउंटिंग शुरू; जानें कब आएगा रिजल्ट

Bangladesh Election Counting: बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव और जनमत संग्रह के लिए वोटिंग समाप्त हो गई है। हिंसा, बम धमाकों और धांधली के आरोपों के बीच अब मतगणना शुरू हो चुकी है।
Bangladesh Elections: Voting ends amid violence and bomb blasts, counting begins; find out when the results will be announced
बांग्लादेश में मतगणना शुरू, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Updated on

Bangladesh Election Result News In Hindi: बांग्लादेश के राजनीतिक इतिहास में एक नए अध्याय की शुरुआत के साथ, गुरुवार 12 फरवरी 2026 को देश के 13वें संसदीय चुनाव और ऐतिहासिक जनमत संग्रह के लिए मतदान की प्रक्रिया संपन्न हो गई है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के पतन के बाद मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार की देखरेख में आयोजित यह पहला चुनाव है। देश भर के 299 संसदीय क्षेत्रों में मतदान सुबह 7:30 बजे शुरू हुआ और शाम 4:30 बजे तक बिना किसी बड़े व्यवधान के जारी रहा।

मतदान प्रतिशत और जनमत संग्रह

इलेक्शन कमीशन (EC) के सीनियर सेक्रेटरी अख्तर अहमद द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 36,031 मतदान केंद्रों से मिली जानकारी के आधार पर दोपहर 2:00 बजे तक 47.91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इस बार मतदाताओं ने न केवल सांसदों को चुनने के लिए वोट दिया, बल्कि संविधान में बुनियादी बदलाव लाने के प्रस्तावों पर 'हां' या 'नहीं' के माध्यम से अपनी राय भी व्यक्त की। यदि जनमत संग्रह के नतीजों में 'हां' को बहुमत मिलता है तो देश के संविधान में बड़े सुधार लागू किए जाएंगे।

हिंसा और फर्जी वोटिंग के आरोप

भले ही मतदान को आम तौर पर शांतिपूर्ण बताया गया, लेकिन कुछ क्षेत्रों में हिंसा और धांधली की खबरें सुर्खियों में रहीं। विभिन्न इलाकों में हुई छिटपुट हिंसा में दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। दो जिलों में बम धमाकों की खबरें भी सामने आईं, जिनमें एक बीएनपी (BNP) नेता की मौत हो गई। इसके अलावा, चुनाव के दौरान अलग-अलग घटनाओं में बीमारी के कारण चार लोगों की मौत होने की खबर भी मिली है।

जमात-ए-इस्लामी के अमीर शफीकुर रहमान ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से आरोप लगाया कि देश के अलग-अलग हिस्सों में फर्जी वोट डालने और पोलिंग सेंटर्स पर कब्जा करने की कोशिशें की गईं। उन्होंने दावा किया कि कई स्थानों पर उनके पोलिंग एजेंटों पर हमला किया गया और महिलाओं को भी परेशान किया गया। उन्होंने समर्थकों से अपील की कि वे परिणाम आने तक अपने वोटों की सुरक्षा के लिए 'गार्डियन' के तौर पर काम करें।

राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया और नतीजे

दूसरी ओर, बीएनपी चेयरमैन तारिक रहमान ने एक सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि यदि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और बिना किसी विवाद के होते हैं, तो उनकी पार्टी नतीजों को जरूर स्वीकार करेगी। मतदान समाप्त होने के साथ ही मतगणना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। चुनाव के अंतिम नतीजे शुक्रवार शाम तक आने की संभावना है।

Navbharat Live
navbharatlive.com