तारिक रहमान, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Bangladesh Election News In Hindi: बांग्लादेश में 12 फरवरी को होने वाले ऐतिहासिक आम चुनावों से पहले सियासी सरगर्मी अपने चरम पर है। मुख्य विपक्षी दल बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने अपनी सत्ता वापसी के लिए ‘मास्टर प्लान’ तैयार कर लिया है।
पार्टी के नए चेयरमैन तारिक रहमान ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो देश की विदेश नीति पूरी तरह से बदल जाएगी। अमेरिकी मैगजीन ‘द डिप्लोमैट’ को दिए एक साक्षात्कार में रहमान ने घोषणा की कि उनकी सरकार ‘बांग्लादेश फर्स्ट’ की नीति पर चलेगी।
तारिक रहमान के अनुसार, BNP एक ‘अर्थव्यवस्था-आधारित विदेश नीति’ को प्राथमिकता देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश का राष्ट्रीय हित किसी भी अन्य संबंध से ऊपर होगा। यह बयान इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार पर अक्सर ‘भारत-उन्मुख’ विदेश नीति अपनाने के आरोप लगते रहे हैं। रहमान ने कहा कि हम किसी भी देश के साथ जुड़ें, हमारा राष्ट्रीय हित सबसे पहले आना चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि वे विदेशी संबंधों में आपसी विश्वास, आपसी सम्मान और आपसी लाभ में विश्वास करते हैं।
कई अंतरराष्ट्रीय मीडिया आउटलेट्स जैसे द डिप्लोमैट, ब्लूमबर्ग, टाइम और द इकोनॉमिस्ट ने अपने विश्लेषणों में भविष्यवाणी की है कि तारिक रहमान बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री बन सकते हैं। 60 वर्षीय रहमान ने 17 साल तक लंदन में स्वनिर्वासन में रहने के बाद पिछले साल 25 दिसंबर को स्वदेश वापसी की थी। उन्हें अपनी मां और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की मृत्यु के बाद 9 जनवरी को पार्टी का नया अध्यक्ष चुना गया था।
इस चुनाव में Gen Z यानी युवा मतदाता निर्णायक भूमिका निभाने वाले हैं। तारिक रहमान ने बताया कि उनकी पार्टी युवाओं की सोच के साथ तालमेल बिठा रही है और वे आईटी सेक्टर, तकनीकी शिक्षा, खेल और रोजगार सृजन को प्राथमिकता दे रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस बार चुनाव का मैदान बदला हुआ है।
यह भी पढ़ें:- ब्रिटेन में शाही भूचाल! एपस्टीन फाइल्स में नाम आने पर किंग चार्ल्स का कड़ा एक्शन, भाई प्रिंस को घर से निकाला
मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार द्वारा अवामी लीग पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद अब BNP की मुख्य प्रतिद्वंद्वी उसकी पुरानी सहयोगी रही जमात-ए-इस्लामी बनकर उभरी है। रहमान का कहना है कि वे समाज में शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व और राजनीति में आपसी सम्मान को बढ़ावा देना चाहते हैं। वर्तमान ओपिनियन पोल्स रहमान को सबसे आगे दिखा रहे हैं, जिससे उनकी सत्ता में वापसी की संभावनाएं प्रबल नजर आ रही हैं।