बैंकॉक पब अग्निकांड: बाथरूम की ओर भागे पर नहीं मिला रास्ता, भीषण आग में 27 की मौत; 22 की हालत गंभीर
Bangkok Pub Fire: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के एक पब में आधी रात को भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। प्रधानमंत्री ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
- Written By: अमन उपाध्याय
बैंकॉक पब में लगी भीषण आग, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Bangkok Pub Fire News In Hindi: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। शहर के चोम फोन इलाके में स्थित एक पब में आधी रात के करीब भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। आग इतनी भयावह थी कि पब के भीतर मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
बैंकॉक के पब में कैसे लगी आग?
चश्मदीदों और पब में मौजूद म्यूजिशियन के अनुसार, हादसे की शुरुआत स्टेज के पास लगे एक सर्किट ब्रेकर से हुई। सबसे पहले वहां से धुआं निकला और देखते ही देखते पूरे पब की बिजली गुल हो गई। इसके तुरंत बाद एक तेज धमाका हुआ और आग की लपटों ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। पब के भीतर उस समय भारी भीड़ मौजूद थी। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वहां चीख-पुकार मच गई।
मौत का जाल बना बाथरूम
प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद बताया कि आग लगने के बाद जैसे ही पब धुएं से भर गया, घबराए हुए लोग जान बचाने के लिए पीछे के हिस्से में मौजूद बाथरूम की ओर भागे। हालांकि, वहां कोई एग्जिट गेट नहीं होने के कारण वे वहीं फंस गए। अधिकारियों के अनुसार, ज्यादातर लोगों की मौत धुएं के कारण दम घुटने से हुई है और कई शव बाथरूम के पास से ही बरामद किए गए हैं।
सम्बंधित ख़बरें
होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बढ़ा तनाव, US बोला- समुद्री आवाजाही सामान्य; ईरान ने जहाजों को दी चेतावनी
Explainer: 144 घंटे, 3 देश… PM मोदी के दौरे से भारत को क्या-क्या मिला? जानिए बड़े समझौते और उनका असर
शेख हसीना के एक ऐलान से बांग्लादेश में हड़कंप, सरकार ने मीडिया के लिए जारी किया फरमान, कहा- होगी कार्रवाई
ईरान ने जारी की हिट लिस्ट… निशाने पर दुनिया के 11 सबसे बड़े नेता, पहले नंबर पर नहीं है ट्रंप का नाम, हड़कंप
बढ़ सकता है मौतों का आंकड़ा
बैंकॉक मेट्रोपॉलिटन एडमिनिस्ट्रेशन के अनुसार, इस अग्निकांड में झुलसे 63 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिट्टीपुंट ने जानकारी दी कि घायलों में से 22 की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है। पब की क्षमता 300 से अधिक लोगों की थी, और हालांकि सोशल मीडिया पर इसके चार फायर एग्जिट होने का दावा किया गया था, लेकिन हादसे के समय वे प्रभावी साबित नहीं हुए।
💔 27 dead and 18 injured as tragedy strikes Bangkok nightlife Late last night, a massive fire engulfed the popular entertainment venue “Rong Beer at Ladprao” near the Ladprao Intersection. Emergency services responded around midnight to a fierce blaze, with thick smoke and… pic.twitter.com/vuPsMO7eZn — Thai Enquirer (@ThaiEnquirer) July 12, 2026
आधे घंटे में आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन दल के कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग आधे घंटे में आग पर काबू पाया। बचाव दल ने पब के भीतर फंसे कई लोगों को बाहर निकाला और उन्हें तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। आग बुझने के बाद पब के भीतर का नजारा बेहद डरावना था। वहां रखी टेबल, कुर्सियां और अन्य फर्नीचर पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।
प्रधानमंत्री ने जताया दुख
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने पुष्टि की कि इस भीषण हादसे में अब तक 27 लोगों की जान जा चुकी है।उन्होंने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को आग लगने के कारणों की गहन जांच करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
थाईलैंड में अग्निकांडों का पुराना इतिहास
थाईलैंड में पब और नाइटक्लबों में आग लगने की यह पहली बड़ी घटना नहीं है। इससे पहले साल 2022 में भी देश के पूर्वी हिस्से में एक म्यूजिक पब में आग लगने से 14 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, 1 जनवरी 2009 को सांतिका नाइटक्लब में नए साल के जश्न के दौरान हुई भीषण आग ने पूरी दुनिया को हिला दिया था, जिसमें 66 लोगों की जान गई थी और 200 से अधिक लोग घायल हुए थे।
यह भी पढ़ें:- होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बढ़ा तनाव, US बोला- समुद्री आवाजाही सामान्य; ईरान ने जहाजों को दी चेतावनी
उस समय आग का कारण घर के भीतर की गई आतिशबाजी को बताया गया था। हालिया घटना ने एक बार फिर थाईलैंड में व्यावसायिक स्थलों पर सुरक्षा मानकों और फायर सेफ्टी प्रोटोकॉल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
