

बैंकॉक में बैंगचाक ऑयल रिफाइनरी में जोरदार धमाके के बाद आग लग गई।
धमाके के बाद आसमान में काले धुएं का घना गुबार फैल गया।
प्रशासन ने आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा।
एहतियात के तौर पर आसपास के स्कूलों से बच्चों को बाहर निकाला गया।
Bangkok Oil Depot Explosion: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक ऑयल डिपो में जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटनास्थल से आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। इसके बाद आसमान में काले धुएं का घना गुबार फैल गया। घटना के तुरंत बाद प्रशासन ने आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का निर्देश दिया।
यह आग बैंगचाक ऑयल डिपो में हुए एक विस्फोट के बाद लगी। धमाके की सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव दल सक्रिय हो गए। बैंगना जिला कार्यालय ने अपने फेसबुक पेज पर बयान जारी कर बताया कि बैंगचाक ऑयल डिपो में विस्फोट हुआ है। प्रशासन ने आसपास मौजूद लोगों से तत्काल इलाका खाली करने की अपील की।
जिला कार्यालय ने बयान में कहा कि अपनी सुरक्षा के लिए आसपास के क्षेत्र में मौजूद आम लोगों से आग्रह है कि वे तुरंत इस इलाके को खाली कर दें। पूर्वी बैंकॉक में स्थित इस विशाल ऑयल डिपो का संचालन थाई ऊर्जा कंपनी बैंगचाक कॉर्पोरेशन करती है।
धमाके के बाद ऑयल डिपो में आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगीं। देखते ही देखते काले धुएं का घना गुबार बैंकॉक के आसमान में दूर-दूर तक फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही आपातकालीन वाहनों के सायरन गूंजने लगे और बचाव दल मौके पर पहुंचने के लिए रवाना हो गए। फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की तत्काल कोई खबर नहीं है। घटना के तुरंत बाद अग्निशमन सेवा और स्थानीय जिला कार्यालय से संपर्क नहीं हो सका था।
सुरक्षा के मद्देनजर दमकल और बचाव दल ने ऑयल डिपो के आसपास स्थित स्कूलों से बच्चों को बाहर निकाल लिया। एहतियात के तौर पर जिला प्रशासन ने भी कुछ समय के लिए अपना कामकाज रोक दिया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रशासन ने बताया कि एक घंटे से भी कम समय में आग पर काबू पा लिया गया। बैंगचाक कंपनी ने भी अधिकारियों को जानकारी दी कि स्थिति नियंत्रण में है।
बैंगचाक तेल संयंत्र बैंकॉक के पूर्वी हिस्से में फ्रा खानॉन्ग इलाके में स्थित है। इसका संचालन थाईलैंड की प्रमुख ऊर्जा कंपनियों में शामिल बैंगचाक कॉर्पोरेशन करती है। यहां कच्चे तेल का शोधन करने के साथ उसका भंडारण भी किया जाता है।
इस रिफाइनरी में रोजाना 1 लाख 20 हजार बैरल कच्चे तेल को साफ करने की क्षमता है। यह थाईलैंड की पांचवीं सबसे बड़ी रिफाइनरी है। इसकी खास बात यह है कि यह देश की इकलौती बड़ी रिफाइनरी है, जो किसी शहर के भीतर स्थित है।