बांग्लादेशी स्पीकर ने भारत के खिलाफ पाकिस्तान में उगला जहर, शेख हसीना के प्रत्यर्पण पर दी धमकी; बढ़ा तनाव

Bangladesh Speaker Pakistan Visit: पाकिस्तान दौरे पर बांग्लादेश के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद ने भारत पर शोषण का आरोप लगाया। उन्होंने शेख हसीना के प्रत्यर्पण और कश्मीर मुद्दे पर भी बयान दिया।
Bangladesh Speaker Hafiz Uddin Ahmed Anti India Statement
शहबाज शरीफ और बांग्लादेश के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Bangladesh Speaker Hafiz Uddin Ahmed Anti India Statement: पाकिस्तान के दौरे पर पहुंचे बांग्लादेश की संसद के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद ने भारत के खिलाफ जहर उगला है। इस्लामाबाद में पत्रकारों से बात करते हुए अहमद ने आरोप लगाया कि भारत ने पिछले 15 सालों में बांग्लादेश का शोषण किया और उसके साथ एक उपनिवेश की तरह व्यवहार किया। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर भारत पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को बांग्लादेश नहीं सौंपता है, तो उनका देश इस मामले को अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) में ले जा सकता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अहमद ने 1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम में भारत की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत ने बंगाली लोगों की मदद करने के लिए नहीं, बल्कि पाकिस्तान को कमजोर करने के मकसद से युद्ध में हस्तक्षेप किया था। उनके इस बयान को लेकर कूटनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है।  

शेख हसीना के प्रत्यर्पण पर भारत को चेतावनी

अगस्त 2024 में सरकार गिरने के बाद से पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत में रह रही हैं। उनके मुद्दे पर हाफिज उद्दीन अहमद ने कहा कि अगर हसीना बांग्लादेश लौटती हैं, तो उन्हें जेल भेजा जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगले 10 सालों तक उनके देश लौटने की संभावना नहीं है।

अहमद ने आरोप लगाया कि शेख हसीना ने भारत में शरण ले रखी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भारत उन्हें बांग्लादेश को सौंपने से इनकार करता है, तो सरकार इस मामले को अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में उठा सकती है।

Bangladesh Speaker Hafiz Uddin Ahmed Anti India Statement
पहले नहीं उठाया ट्रंप का फोन, अब किम जोंग उन ने परमाणु हथियारों बनाने में तेजी के दिए आदेश; मचा हड़कंप

अवामी लीग पर भी लगाए आरोप

बांग्लादेशी स्पीकर ने शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग को भी निशाने पर लिया। उन्होंने पार्टी को आतंकवादी संगठन करार दिया और आरोप लगाया कि वह राजनीतिक हिंसा में शामिल रही है।

अहमद के मुताबिक, बांग्लादेश सरकार अवामी लीग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रही है। गौरतलब है कि अंतरिम प्रशासन के दौरान ही पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों पर रोक लगा दी गई थी। साथ ही, उसे फरवरी 2026 में होने वाले चुनाव में हिस्सा लेने से भी रोक दिया गया था।

कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान के रुख का समर्थन

पाकिस्तान यात्रा के दौरान हाफिज उद्दीन अहमद ने कश्मीर मुद्दे पर भी इस्लामाबाद के रुख का समर्थन किया। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र (UN) के प्रस्तावों के अनुसार कश्मीर विवाद का जल्द समाधान निकालने की मांग की।

इसके अलावा, उन्होंने अंतर-संसदीय संघ (IPU) की कार्यकारी समिति के लिए बांग्लादेश के उम्मीदवार का समर्थन करने पर पाकिस्तान की सराहना की। अहमद ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में दोनों देशों के बीच संबंध और मजबूत होंगे।

Bangladesh Speaker Hafiz Uddin Ahmed Anti India Statement
26-27-28-29 नवंबर 2008 को पूरा भारत रोया, पाकिस्तान हंसा! अजमल कसाब मुंबई कैसे पहुंचा?

बांग्लादेशी स्पीकर की पहली आधिकारिक पाकिस्तान यात्रा

हाफिज उद्दीन अहमद 23 नवंबर से छह दिनों के आधिकारिक दौरे पर पाकिस्तान में हैं। वह पाकिस्तानी संसद के स्पीकर सरदार अयाज सादिक के निमंत्रण पर वहां पहुंचे हैं। बांग्लादेश की संसद के किसी स्पीकर की यह पहली आधिकारिक पाकिस्तान यात्रा है।

इस दौरे के दौरान दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच संसदीय सहयोग, प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान और संस्थागत संबंधों को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई है। अहमद ने पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से भी मुलाकात की है।