ग्रीस में 89 वर्षीय बुजुर्ग का खूनी खेल: एथेंस के सरकारी दफ्तर और कोर्ट में की अंधाधुंध गोलीबारी, कई घायल
Athens Greece Shooting: ग्रीस की राजधानी एथेंस में एक 89 वर्षीय व्यक्ति ने सोशल सिक्योरिटी ऑफिस और एक कोर्ट रूम में घुसकर अंधाधुंध गोलीबारी की। इस हमले में कई लोग घायल हुए है।
- Written By: अमन उपाध्याय
ग्रीस में गोलीबारी के बाद कोर्ट के बाहर में जमा लोग, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Athens Greece Shooting Court: ग्रीस की राजधानी एथेंस मंगलवार को उस समय दहल गई, जब एक बुजुर्ग बंदूकधारी ने शहर के दो अलग-अलग स्थानों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। ग्रीक अधिकारियों के अनुसार, यह हमला एक सामाजिक सुरक्षा कार्यालय और एक कोर्ट परिसर में हुआ, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाला संदिग्ध व्यक्ति 89 वर्ष का बताया जा रहा है जिसे पकड़ने के लिए पुलिस ने पूरे शहर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
‘झुको’ चिल्लाया और चला दी गोली
पहली घटना मध्य एथेंस के केरामिकोस इलाके में स्थित राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा कोष (EFKA) के कार्यालय में हुई। नेशनल सोशल सिक्योरिटी फंड के प्रमुख अलेक्जेंड्रोस वार्वेरिस ने बताया कि संदिग्ध ने एक लंबी ट्रेंचकोट पहनी हुई थी जिसके नीचे उसने अपनी शॉटगन छिपाई थी।
सम्बंधित ख़बरें
ईरान के सुप्रीम लीडर Ali Khamenei का निधन के 4 महीने बाद 9 जुलाई को मशहद में होगा अंतिम संस्कार
कोलंबो से सिडनी जा रहे विमान पर गिरी बिजली, बाल-बाल बची 233 यात्रियों की जान; देखें खौफनाक VIDEO
PM Modi G7 Summit: G7 समिट के लिए फ्रांस पहुंचे पीएम मोदी, इमैनुएल मैक्रों से करेंगे अहम मुलाकात
Iran Radar Attack: ईरान ने बहरीन और कुवैत में तबाह किए अमेरिकी रडार, सैटेलाइट से खुलासा
वह चौथी मंजिल पर पहुंचा और एक कर्मचारी को ‘झुको’ चिल्लाने के बाद गोली चला दी। हालांकि, उसकी गोली उस कर्मचारी को नहीं लगी जिसे उसने झुकने को कहा था, बल्कि पास खड़े एक अन्य कर्मचारी के पैर में जा लगी। पुलिस ने घायल कर्मचारी को अस्पताल पहुंचाने से पहले मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया।
कोर्ट परिसर में दहशत
सोशल सिक्योरिटी ऑफिस में दहशत फैलाने के बाद, संदिग्ध वहां से भाग निकला और कुछ ही देर बाद एथेंस के एक अन्य हिस्से में स्थित कोर्ट भवन की जमीनी मंजिल पर फिर से गोलीबारी शुरू कर दी। इस हमले में भी कई लोगों के घायल होने की खबर है। स्थानीय प्रसारक ईआरटी (ERT) द्वारा जारी फुटेज में दिखाया गया है कि एम्बुलेंस कर्मी कम से कम तीन घायलों को कोर्ट परिसर से अस्पताल ले जा रहे हैं।
हमले का मकसद साफ नहीं
इस हमले का मकसद अभी तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है लेकिन घटनास्थल पर संदिग्ध के व्यवहार ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कोर्ट में गोलीबारी करने के बाद संदिग्ध ने फर्श पर दस्तावेजों से भरे कई लिफाफे फेंके।
माना जा रहा है कि इन दस्तावेजों में उसके इस कृत्य के पीछे के कारण दर्ज हो सकते हैं। हालांकि, पुलिस अभी इन दस्तावेजों की जांच कर रही है और हमले के सटीक कारणों की पुष्टि नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें:- ईरान के ‘शांति प्रस्ताव’ पर ट्रंप के तेवर नरम, लेकिन परमाणु डील पर फंसा पेच; क्या खत्म होगी जंग?
ग्रीस में दुर्लभ है ऐसी हिंसा
ग्रीस में इस तरह की बंदूक हिंसा को बेहद दुर्लभ माना जाता है। हालांकि देश में Firearms का स्वामित्व कानूनी है लेकिन इसे लेकर कानून और नियम बहुत सख्त हैं। पुलिस को तलाशी के दौरान कोर्ट परिसर से हमलावर की शॉटगन बरामद हुई है लेकिन हमलावर अभी भी फरार बताया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी तेज कर दी गई है।
