अमेरिका में आंध्र प्रदेश की 23 वर्षीय राजलक्ष्मी की रहस्यमय मौत, पढ़ाई करके खोज रही थी नौकरी

Rajyalakshmi Yarlagadda News: आंध्र प्रदेश की छात्रा राज्यलक्ष्मी यार्लागड्डा की अमेरिका में पढ़ाई के दौरान अचानक मौत हो गई। परिवार आर्थिक तंगी में है; चचेरे भाई ने फंडरेजिंग अभियान शुरू किया।
अमेरिका में आंध्र प्रदेश की 23 वर्षीय राजलक्ष्मी की रहस्यमय मौत, पढ़ाई करके खोज रही थी नौकरी
राज्यलक्ष्मी यार्लागड्डा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Indian Student Died in US: अमेरिका में पढ़ाई कर रही आंध्र प्रदेश की 23 वर्षीय छात्रा राज्यलक्ष्मी (राजी) यार्लागड्डा की दुखद मौत हो गई है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वह हाल ही में टेक्सास ए एंड एम यूनिवर्सिटी-कॉर्पस क्रिस्टी से कंप्यूटर साइंस में एमएस की पढ़ाई पूरी कर चुकी थीं और अब नौकरी की तलाश में थीं। 7 नवंबर की सुबह उनका शव उनके कमरे में उनके रूममेट्स को मिला।

राजी पिछले कुछ दिनों से तेज खांसी और सीने में दर्द की शिकायत कर रही थीं। परिवार से आखिरी बार बात करते हुए उन्होंने बताया था कि उन्हें सर्दी और थकान महसूस हो रही है। उनके अचानक निधन से परिवार और मित्र सदमे में हैं। मौत के कारण की जांच अभी चल रही है।

परिवार की आर्थिक स्थिती खराब

राजी आंध्र प्रदेश के बापटला जिले के करंचेदु गांव की रहने वाली थीं। उनके परिवार की आजीविका एक छोटे खेत और पशुपालन पर निर्भर है। उन्होंने विजयवाड़ा के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज से ग्रेजुएशन किया और 2023 में उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चली गईं। उनके माता-पिता को उन पर गर्व था क्योंकि वह घर की आर्थिक स्थिति बेहतर करने का सपना देख रही थीं।

उनके चचेरे भाई चैतन्य यवक ने ‘गो फंड मी’ नाम की वेबसाइट पर एक फंडरेजिंग अभियान शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य राजी के पार्थिव शरीर को भारत लाना, अंतिम संस्कार की व्यवस्था करना और उनके शिक्षा ऋण को चुकाने में मदद करना है। अपील में लिखा गया है कि राजी एक उज्ज्वल, मेहनती और आशावान युवती थीं, जो अपने माता-पिता की मेहनत का फल लौटाना चाहती थीं।

राजी मौत से सदमें में परिवार

चैतन्य ने लिखा कि उनका परिवार इस गहरी क्षति से टूट गया है। उन्होंने दोस्तों और समुदाय से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है ताकि राजी के परिवार को इस कठिन समय में सहारा मिल सके। उन्होंने बताया कि राजी का सपना था कि वह अपनी पढ़ाई और मेहनत के ज़रिए अपने परिवार को एक बेहतर जीवन दे सके। राजी की अचानक मौत ने उनके गांव और दोस्तों के बीच गहरा शोक फैला दिया है। हर कोई इस युवा छात्रा की अचानक मौत से स्तब्ध है और उनके परिवार के साथ संवेदना जता रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com