भारत को लेकर अमेरिका का बड़ा फैसला, भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र समेत इन दो कंपनियों पर से हटा प्रतिबंध
जो बाइडन प्रशासन ने तीन प्रमुख भारतीय संस्थाओं पर से लंबे समय से लगे प्रतिबंध हटा दिए हैं। इन संस्थाओं में इंडियन रेयर अर्थ्स, इंदिरा गांधी परमाणु अनुसंधान केंद्र और भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र शामिल हैं।
- Written By: अमन उपाध्याय
भाभा परमाणु अनुसंधान, फोटो: ( सो. सोशल मीडिया )
वाशिंगटन: राष्ट्रपति पद की कमान डोनाल्ड ट्रंप को सौंपे जाने से कुछ दिन पहले, जो बाइडन प्रशासन ने भारत के तीन प्रमुख संस्थाओं पर से प्रतिबंध हटाने का निर्णय लिया है। इनमें इंडियन रेयर अर्थ्स, इंदिरा गांधी परमाणु अनुसंधान केंद्र (आईजीसीएआर), और भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बार्क) शामिल हैं।
वाणिज्य विभाग के उद्योग और सुरक्षा ब्यूरो (बीआईएस) ने बुधवार को कहा कि इन तीन भारतीय संस्थाओं पर शीत युद्ध के दौर में लगाए गए प्रतिबंध हटाने से साझा ऊर्जा सुरक्षा जरूरतों और लक्ष्यों की दिशा में संयुक्त अनुसंधान और विकास, विज्ञान और प्रौद्योगिकी सहयोग सहित उन्नत ऊर्जा सहयोग में बाधाओं को कम करके अमेरिकी विदेश नीति के उद्देश्यों को बल मिलेगा।
राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति
इसके साथ ही, बीआईएस ने अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति के हितों के विपरीत गतिविधियों के लिए, ‘पीपल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना’ के गंतव्य के तहत 11 संस्थाओं को ‘एन्टाइटी लिस्ट’ में जोड़ा है। ‘एन्टाइटी लिस्ट’ का उपयोग उन संस्थानों के साथ व्यापार को नियंत्रित करने के लिए किया जाता है, जिन्हें अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा या विदेशी नीति के लिए जोखिमपूर्ण माना जाता है। यह सूची अमेरिकी वाणिज्य विभाग की ओर से जारी की जाती है।
सम्बंधित ख़बरें
Iran Peace Deal: अमेरिका और ईरान के बीच 60 दिन के सीजफायर पर बनी सहमति, होर्मुज स्ट्रेट खुलेगा
फिलीपींस में कुदरत का कहर: आंधी से ढही 9 मंजिला इमारत, मलबे में दबे दर्जनों मजदूरों को बचाने की जंग जारी!
Kyiv Air Strike: रूस की कीव में एयर स्ट्राइक, रिहायशी इलाकों पर हमले में 1 की मौत, कनाडा ने की निंदा
पाकिस्तान के क्वेटा में बड़ा बम धमाका, आत्मघाती हमलावर ने उड़ाया रेलवे ट्रैक, 23 लोगों की मौत, कई घायल- VIDEO
विदेश की अन्य खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
बीआईएस ने कहा कि अमेरिका और भारत पिछले कई वर्षों में मजबूत विज्ञान और प्रौद्योगिकी सहयोग के साथ शांतिपूर्ण परमाणु सहयोग और संबंधित अनुसंधान और विकास गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिससे दोनों देशों और दुनिया भर के उनके साझेदार देशों को फायदा हुआ है।
द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने का लक्ष्य
उद्योग और सुरक्षा मामलों के अवर वाणिज्य सचिव एलन एफ एस्टेवेज ने कहा, ‘‘जैसा कि इन कार्रवाइयों से पता चलता है, ‘एन्टाइटी लिस्ट’ एक शक्तिशाली उपकरण है जिसका उपयोग अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक सहयोग को आगे बढ़ाने वाले व्यवहार के लिए किया जा सकता है।”
उन्होंने कहा, ‘‘एन्टाइटी लिस्ट को जोड़ने और हटाने के साथ, हमने एक स्पष्ट संदेश भेजा है कि ‘पीपल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना’ के सैन्य आधुनिकीकरण का समर्थन करने के परिणाम हैं, और वैकल्पिक रूप से, साझा विदेश नीति लक्ष्यों और मजबूत द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए अमेरिका के साथ काम करने के लिए प्रोत्साहन हैं।”
खनिजों और स्वच्छ ऊर्जा लिए घनिष्ठ सहयोग
निर्यात प्रशासन के लिए वाणिज्य के प्रधान उप सहायक सचिव मैथ्यू बोरमैन ने कहा कि तीन भारतीय संस्थाओं पर लगा प्रतिबंध हटाने से अमेरिका और भारत के बीच महत्वपूर्ण खनिजों और स्वच्छ ऊर्जा आपूर्ति शृंखलाओं को सुरक्षित करने के लिए घनिष्ठ सहयोग संभव होगा। उन्होंने कहा, ‘‘यह कार्रवाई अमेरिका-भारत साझेदारी की समग्र महत्वाकांक्षा और रणनीतिक दिशा के अनुरूप है और इसका समर्थन करती है।”
अमेरिका में भारत के पूर्व राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने इस कदम का स्वागत किया और इसे भारत-अमेरिका साझेदारी के ‘‘गहरे” होने का परिणाम बताया।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
