प्रशांत महासागर में 10 टन कोकीन जब्त, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Cocaine Seizure Pacific Ocean: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया गया है। प्रशांत महासागर में मेक्सिको और अल सल्वाडोर की नौसेनाओं ने अमेरिकी खुफिया जानकारी के आधार पर 10 टन से ज्यादा कोकीन जब्त की है।
इस कार्रवाई ने ड्रग्स माफियाओं की कमर तोड़ दी है। यह ऑपरेशन ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन लातिन अमेरिकी देशों पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार दबाव बना रहा है।
इस महा-अभियान में अल सल्वाडोर की नौसेना ने अब तक की सबसे ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। नौसेना ने तट से लगभग 380 मील दूर तंजानिया में पंजीकृत 180 फुट लंबी नौका ‘FMS ईगल’ को रोका। जब गोताखोरों ने इस विशाल जहाज की तलाशी ली तो वहां छुपाए गए 330 पैकेटों में 6.6 टन कोकीन बरामद हुई।
इस कार्रवाई के दौरान कोलंबिया, निकारागुआ, पनामा और इक्वाडोर के 10 नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने जब्त किए गए पोत और मादक पदार्थों की खेप को ला यूनियन बंदरगाह पर मीडिया के सामने प्रदर्शित किया।
दूसरी ओर, मेक्सिको की नौसेना ने भी मंजानिलो बंदरगाह से करीब 463 किलोमीटर दूर एक संदिग्ध नौका को घेर लिया। इस नौका से लगभग चार टन संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किए गए और तीन तस्करों को हिरासत में लिया गया। मेक्सिको के सुरक्षा मंत्री ओमार गार्सिया हारफुच ने पुष्टि की है कि यह कार्रवाई ‘यूएस नॉर्दर्न कमांड’ और ‘यूएस जॉइंट इंटरएजेंसी टास्क फोर्स साउथ’ से मिली सटीक खुफिया जानकारी के बाद संभव हो सकी।
यह पूरी कार्रवाई वाशिंगटन से मिलने वाले कड़े संदेशों का नतीजा मानी जा रही है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने पिछले साल से ही मेक्सिको पर जब्ती बढ़ाने का दबाव बनाया था। जवाब में मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने अपने पूर्ववर्ती की तुलना में अधिक आक्रामक रुख अपनाया है। उन्होंने न केवल ड्रग्स के खिलाफ अभियान तेज किया है बल्कि दर्जनों तस्करी आरोपियों को अभियोजन के लिए अमेरिका भेजने पर भी सहमति जताई है।
यह भी पढ़ें:- ट्रंप की धमकी का पुतिन ने दिया जवाब, ईरान के साथ आई रूसी स्पेशल फोर्स; अलवंद डिस्ट्रॉयर की एंट्री से हलचल तेज
हालांकि, इस सफलता के बीच एक बड़ा कूटनीतिक तनाव भी उभर रहा है। मेक्सिको की राष्ट्रपति ने प्रशांत महासागर और कैरेबियाई सागर में संदिग्ध नौकाओं पर अमेरिकी सैन्य हमलों पर असहमति जताई है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने ‘नार्को-आतंकवादियों’ को निशाना बनाते हुए जो घातक हमले किए हैं उनमें इस हफ्ते 11 लोगों की और पिछले सितंबर से अब तक 145 लोगों की मौत हो चुकी है। यह स्थिति दिखाती है कि ड्रग्स के खिलाफ यह जंग अब और अधिक हिंसक और जटिल होती जा रही है।