

Highlights:
पानीहाटी के सोदपुर साइडिंग बाजार में विवाद के बाद अरूप साहा की मौत हो गई।
उनकी पत्नी रुमा साहा ने धक्का-मुक्की और मारपीट का आरोप लगाया है।
विधायक रत्ना देवनाथ ने परिवार से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की।
Panihati BJP Leader Husband Death: पश्चिम बंगाल के पानीहाटी में बाजार में शुरू हुआ विवाद एक व्यक्ति की मौत तक पहुंच गया। यहां भाजपा की वार्ड सचिव रुमा साहा के पति अरूप साहा की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
रुमा का कहना है कि बाजार में कुछ लोगों के बीच चल रहे झगड़े को रोकने के लिए अरूप मौके पर पहुंचे थे, लेकिन इसी दौरान उनके साथ मारपीट की गई। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सागर दत्ता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी जान चली गई। घटना के बाद भाजपा नेताओं ने मामले को लेकर सवाल उठाए हैं और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दरअसल, यह मामला उत्तर 24 परगना जिले के सोदपुर साइडिंग बाजार का है। बताया जा रहा है कि कुछ युवकों की कथित अभद्र भाषा पर एक दुकानदार ने आपत्ति जताई थी। इसी बात को लेकर बाजार में कहासुनी शुरू हो गई।
व्यवसायी ने भाजपा की 14 नंबर वार्ड सचिव रुमा साहा को इसकी जानकारी दी। इसके बाद जब विवाद दोबारा बढ़ा, तो रुमा अपने पति अरूप के साथ वहां पहुंचीं। रुमा के मुताबिक, अरूप ने दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उन्हें धक्का दिया गया और मारपीट की गई।
घटना के बाद अरूप साहा की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें कमरहट्टी के सागर दत्ता अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनका इलाज किया, लेकिन उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार ने मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अरूप साहा की मौत के बाद विधायक रत्ना देवनाथ परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष चंडीचरण राय की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए।
वहीं रत्ना देवनाथ का आरोप है कि कुछ ऐसे लोगों को वार्ड संयोजक बनाया गया है, जो पहले तृणमूल कांग्रेस में थे और अब भाजपा में शामिल हुए हैं। उनके अनुसार, ऐसे लोगों की वजह से क्षेत्र में अशांति की स्थिति बन रही है। उन्होंने मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
रुमा साहा ने राजदीप दास और 14 नंबर वार्ड के सुजीत कुमार विश्वास उर्फ ननी सहित कई लोगों पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि ननी ने राजदीप और तृणमूल कांग्रेस समर्थित लोगों को मौके पर बुलाया था।
वहीं, सुजीत कुमार विश्वास ने भी पुलिस को कुछ लोगों के नाम सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर इलाके में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।