जेल में डाल दो, गला घोंट दो... सिर नहीं झुकेगा, पुलिस स्टेशन से बाहर आते ही अभिषेक बनर्जी का तीखा बयान

Abhishek Banerjee Statement: TMC सांसद अभिषेक बनर्जी नई FIR के मामले में कोलकाता पुलिस के सामने पेश हुए। उन्होंने कहा कि वह जांच में सहयोग करेंगे, लेकिन किसी के दबाव में नहीं झुकेंगे।
Abhishek Banerjee FIR
अभिषेक बनर्जी नई FIR के सिलसिले में भवानीपुर पुलिस स्टेशन में पेश हुएसोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • अभिषेक बनर्जी नई FIR के सिलसिले में भवानीपुर पुलिस स्टेशन में पेश हुए।

  • उन्होंने कहा कि पुलिस जब भी बुलाएगी, वह जांच में शामिल होंगे और किसी के सामने नहीं झुकेंगे।

  • कालीघाट में ढांचा हटाने की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए उन्होंने गरीबों को न हटाने की अपील की।

Abhishek Banerjee FIR Bhawanipur Police: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी शनिवार को एक नई FIR के सिलसिले में कोलकाता पुलिस के सामने पेश हुए। भवानीपुर पुलिस स्टेशन में अपनी बात रखने के बाद उन्होंने कहा कि उनके पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है और जब भी पुलिस ने उन्हें बुलाया है, वह जांच में शामिल हुए हैं। बनर्जी ने साफ कहा कि आगे भी समन मिलने पर वह पेश होंगे, लेकिन किसी दबाव में झुकने वाले नहीं हैं। इस दौरान उन्होंने कालीघाट स्थित अपने घर के पास हाल ही में हुई बुलडोजर कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया और आरोप लगाया कि वहां हटाया गया ढांचा सरकार ने बनवाया था, जिसका इस्तेमाल पुलिसकर्मी करते थे।

नई FIR के मामले में पुलिस के सामने पेश हुए अभिषेक

अभिषेक बनर्जी शनिवार को भवानीपुर पुलिस स्टेशन पहुंचे। दरअसल यह मामला 31 अक्टूबर को गिरीश पार्क पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR से जुड़ा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बनर्जी ने पुलिस को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। पुलिस ने उन्हें जांच अधिकारी के सामने पेश होने के लिए 20 नवंबर की तारीख दी है।

पुलिस स्टेशन से बाहर आने के बाद बनर्जी ने कहा कि वह पहले भी जांच में सहयोग करते रहे हैं और आगे भी ऐसा करेंगे। उन्होंने कहा, "मेरे पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। जब भी मुझे बुलाया गया है, मैं गया हूं। आगे भी बुलाया जाएगा तो जाऊंगा।"

'डरने वाला नहीं हूं, किसी के सामने नहीं झुकूंगा'

उन्होंने आगे मीडिया से बातचीत में कहा कि पुलिस का नोटिस या बुलडोजर कार्रवाई उन्हें डराने का तरीका हो सकता है, लेकिन इससे उनके रुख में बदलाव नहीं आएगा। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि उनके खिलाफ जितनी चाहें कार्रवाई कर ली जाए, वह किसी के सामने नहीं झुकेंगे।

बनर्जी ने कहा कि उन्हें जेल भेजने या दबाव बनाने की कोशिशों से भी वह पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने अपने बयान में कहा कि उनके पास जो भी ताकत है, उसका इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन वह अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करेंगे।

कालीघाट में बुलडोजर कार्रवाई पर क्या बोले TMC सांसद?

उन्होंने बनर्जी ने कालीघाट स्थित अपने आवास के पास हाल ही में हुए अतिक्रमण हटाने के अभियान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि बुलडोजर से जिस ढांचे को हटाया गया, वह उनका निजी निर्माण नहीं था, बल्कि सरकार की ओर से बनाया गया था। उनके मुताबिक, वहां पुलिसकर्मियों के बैठने के लिए एक कैंप और चौकी थी। पीछे एक अन्य चौकी भी बनाई गई थी। बनर्जी ने कहा कि कार्रवाई में तीन हिस्सों को तोड़ा गया।

उन्होंने बीजेपी से अपील की कि इलाके में फुटपाथ पर बैठे गरीब लोगों और छोटे कारोबारियों को न हटाया जाए, क्योंकि उनकी आजीविका इसी से जुड़ी है। बनर्जी ने कहा कि अगर कार्रवाई करनी है तो उन पर की जाए, गरीबों पर नहीं।

KMC ने फुटपाथ पर बने ढांचे को हटाने की बताई थी वजह

बता दें कि कालीघाट में अभिषेक बनर्जी के घर के पास बने अस्थायी ढांचे को 12 नवंबर को कोलकाता नगर निगम (KMC) के अधिकारियों ने हटाया था। अधिकारियों का कहना था कि बांस से बना यह ढांचा फुटपाथ पर था और इससे पैदल चलने वालों को परेशानी हो रही थी।

इस कार्रवाई को लेकर TMC और BJP के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हुई। तोड़फोड़ से पहले बनर्जी ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने धमकी मिलने, TMC के चुनाव चिह्न से जुड़े विवाद में कथित दखल और अपने घर-कम-ऑफिस के आसपास निगरानी को लेकर चिंता जताई थी।

Abhishek Banerjee FIR
TMC ऑफिस में तोड़फोड़, अभिषेक बनर्जी ने BJP पर लगाए आरोप, स्टाफ से मारपीट और सामान भी ले गए उपद्रवी- VIDEO

क्या था पूरा मामला?

बता दें अभिषेक बनर्जी के 39वें जन्मदिन के मौके पर उनके आवास के बाहर देर रात बीजेपी और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई थी। इसके बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी।

ढांचे को हटाने की कार्रवाई से पहले बड़ी संख्या में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती भी की गई थी।इससे पहले भी बनर्जी ने कहा था कि बुलडोजर की कार्रवाई से उन्हें चुप नहीं कराया जा सकता और न ही उनका हौसला कमजोर होगा।