

16 दिसंबर को पूर्व पीएम शेख हसीना कर सकती हैं वतन वापसी
पश्चिम बंगाल राज्य मंत्री अर्जुन सिंह ने बांग्लादेश को लेकर दिया विवादित बयान
बोले 16 दिसंबर तक बांग्लादेश ले लेंगे, हिंदुओं की हत्या पर बोले बदला जरुर लेंगे
16 दिसंबर 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान की हार के बाद बांग्लादेश हुआ था स्वतंत्र
Bangladesh Hindu Violence: बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर भारत में जारी चिंता के बीच पश्चिम बंगाल के भाटपारा से राज्य मंत्री अर्जुन सिंह का एक विवादित बयान सामने आया है। उन्होंने बांग्लादेश को लेकर सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि 16 दिसंबर तक हम बांग्लादेश पर कब्जा कर लेंगे। साथ ही उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या का बदला लेने की बात भी कही।
24 नवंबर को दिए गए बयान में अर्जुन सिंह ने कहा, 16 दिसंबर तक हम बांग्लादेश पर कब्जा कर लेंगे। बांग्लादेश में जिस तरह हिंदुओं की हत्या की गई है, हम उसका बदला जरूर लेंगे। इसमें कोई शक नहीं है।
पश्चिम बंगाल के राज्य मंत्री अर्जुन सिंह के बयान के बाद भारत और बांग्लादेश के संबंधों को लेकर चर्चा तेज होने की संभावना है। बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा और उनकी सुरक्षा का मुद्दा लंबे समय से चर्चा में रहा है। इस मुद्दे पर भारत में भी विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों की ओर से चिंता जताई जाती रही है।
अर्जुन सिंह का यह बयान खास तौर पर 16 दिसंबर की तारीख का जिक्र करने के कारण चर्चा में है। गौरतलब है कि 16 दिसंबर को बांग्लादेश में विजय दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1971 में इसी दिन पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना के सामने आत्मसमर्पण किया था और बांग्लादेश एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ था।
बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना 16 दिसंबर को वतन वापसी का ऐलान कर चुकी हैं। उन्होंने वापसी के लिए बांग्लादेश सरकार से सरकारी विमान की व्यवस्था करने की मांग भी की है। उनकी इस घोषणा के बाद बांग्लादेश की राजनीति में हलचल तेज होने की संभावना है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शेख हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री ने 16 दिसंबर को ढाका लौटने की इच्छा जताई है। यह तारीख बांग्लादेश के विजय दिवस के रूप में मनाई जाती है। इसी दिन 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान की हार के बाद बांग्लादेश स्वतंत्र हुआ था।